सेंट्रल मार्केट सीलिंग: कारोबारी को हार्ट अटैक आने पर एक घंटा रोकी कार्रवाई, धरने पर राम-नाम जप रहे व्यापारी
मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर चल रही सीलिंग कार्रवाई के दौरान एक व्यापारी को हार्ट अटैक आने से कार्रवाई करीब एक घंटे तक रोकनी पड़ी। व्यापारियों ने आवास विकास परिषद के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया।
विस्तार
शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद चल रही सीलिंग कार्रवाई के दौरान बुधवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। आवास विकास परिषद की टीम जब प्रतिष्ठानों को सील करने पहुंची तो व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने टीम का घेराव कर दिया और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।
कार्रवाई के विरोध में व्यापारी नेता जीतू नागपाल, संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता और नीरज मित्तल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर मौजूद रहे। साहिल प्लाजा को सील किए जाने के विरोध में व्यापारियों ने आवास विकास परिषद के खिलाफ प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें: मोहसिना किदवई का निधन: मेरठ की पहली महिला सांसद ने 94 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस, कांग्रेस में शोक की लहर
इसी दौरान धरने पर बैठे एक व्यापारी अशोक गिरधर की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आने की बात सामने आई। व्यापारी के बेहोश होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए आवास विकास परिषद की टीम ने सीलिंग की कार्रवाई करीब एक घंटे के लिए रोक दी। बाद में स्थिति सामान्य होने पर कार्रवाई दोबारा शुरू कराई गई।
इस दौरान कई व्यापारी जमीन पर बैठकर राम-नाम जपते नजर आए और कार्रवाई के खिलाफ अपना विरोध जताते रहे।
यह भी पढ़ें: सेंट्रल मार्केट में सीलिंग: अस्पताल-स्कूल पर ताले देख छलके आंसू, व्यापारियों ने की सड़क जाम, जमकर नारेबाजी
संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने आरोप लगाया कि आवास विकास परिषद और पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई पूरी तरह से उत्पीड़न है। उनका कहना है कि कई ऐसे प्रतिष्ठानों को भी सील किया जा रहा है जहां क्लीनिक और वकीलों के कार्यालय संचालित हो रहे हैं, जबकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश में इसका स्पष्ट उल्लेख नहीं है।