मेरठ सेंट्रल मार्केट: सीलिंग कार्रवाई कर रही टीम को घेरा, अतुल प्रधान पहुंचे, धरने पर बैठा व्यापारी हुआ बेहोश
Meerut Central Market: मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट में सीलिंग कार्रवाई के दौरान व्यापारियों ने आवास विकास परिषद की टीम का घेराव कर विरोध किया। हंगामे के बीच धरने पर बैठा एक व्यापारी बेहोश हो गया, जबकि सपा विधायक अतुल प्रधान भी मौके पर पहुंचे।
विस्तार
मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद चल रही सीलिंग कार्रवाई के दौरान बुधवार को जमकर हंगामा हो गया। आवास विकास परिषद की टीम जब प्रतिष्ठानों को सील करने पहुंची तो व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने टीम का घेराव कर दिया और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।
मौके पर व्यापारी नेता जीतू नागपाल, संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता और नीरज मित्तल समेत कई व्यापारी मौजूद रहे। साहिल प्लाजा को सील किए जाने के विरोध में व्यापारियों ने आवास विकास परिषद के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें: सेंट्रल मार्केट में सीलिंग: अस्पताल-स्कूल पर ताले देख छलके आंसू, व्यापारियों ने की सड़क जाम, जमकर नारेबाजी
इसी बीच समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान भी सेंट्रल मार्केट पहुंच गए और व्यापारियों से बातचीत की।
धरने पर बैठा व्यापारी बेहोश, पहुचाया गया अस्पताल
प्रदर्शन के दौरान धरने पर बैठे एक व्यापारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विधायक अतुल प्रधान ने व्यापारी को एंबुलेंस मंगवाकर अस्पताल भिजवाया।
संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने आरोप लगाया कि आवास विकास परिषद और पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई पूरी तरह उत्पीड़न है। उनका कहना है कि कई ऐसे प्रतिष्ठानों को भी सील किया जा रहा है जहां क्लीनिक और वकीलों के कार्यालय संचालित हो रहे हैं, जबकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश में इसका उल्लेख नहीं है।
डॉक्टर के क्लिनिक से लौटी टीम
वहीं डॉक्टर अशोक गर्ग के क्लीनिक को फिलहाल सील नहीं किया गया है। उन्होंने चिकित्सा उपकरण हटाने के लिए दो घंटे का समय मांगा है, जिसके बाद टीम अन्य स्थानों पर कार्रवाई के लिए चली गई।
आवास विकास परिषद ने सीलिंग की कार्रवाई के लिए सात टीमों का गठन किया है, जो पुलिस बल के साथ अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई कर रही हैं।
महिलाएं भी पहुंची, जताया कार्रवाई का विरोध
कार्रवाई के बीच कई व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों के शटर उखाड़ते और अवैध हिस्सों को खुद ही तोड़ते नजर आए। व्यापारियों का मानना है कि सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई से बचने के लिए यही एकमात्र रास्ता बचा है।
मौके पर व्यापारियों के परिवारों की महिलाएं भी भावुक नजर आईं और कई स्थानों पर लोग कार्रवाई को बेबसी से देखते रहे।