महंगा सोना, सस्ते गहने: 9 कैरेट गोल्ड बना मध्यम वर्ग की पसंद, दीपावली गिफ्ट्स में भी आया नया ट्रेंड
Gold Price Hike: सोने की बढ़ती कीमतों के बीच मेरठ में 9, 14 और 18 कैरेट सोने की मांग तेजी से बढ़ी है। दीपावली पर लोग अब 9 कैरेट गोल्ड ज्वेलरी और लक्ष्मी-गणेश मूर्तियां उपहार में दे रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, 9 कैरेट सोना अब मध्यम वर्ग की पहली पसंद बन गया है।

विस्तार
मेरठ में सोने की महंगाई के बीच शहर के लोगों का सोने के प्रति लुभाव और अधिक बढ़ गया है। अब आभूषण में 9 कैरेट, 14 कैरेट, 18 कैरेट की मांग बढ़ी है। इसके अलावा इस दीपावली 9 कैरेट के सोने की परत चढ़ाकर लक्ष्मी गणेश जी की मूर्ति उपहार में दी जा रही हैं। 22 कैरेट की वेटिंग हैं। इसके बाद भी डिमांड आ रही है। ऐसे में महंगाई बाद भी सोना एक बार फिर दीपावली पर अपने शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है।

यूनाइटेड ज्वैलर्स एंड मैन्युफैक्चरर्स फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. संजीव अग्रवाल ने बताया कि स्वर्ण आभूषणों के बढ़ते भाव के चलते जो ग्राहक अब 22 कैरेट सोना नहीं खरीद सकते उनके बीच अब 9 कैरेट, 14 कैरेट और 18 कैरेट के आभूषणों की अचानक मांग बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: Meerut: अब चोरी-छिपे नहीं, खुलकर छलकाएं जाम! 54 कैफे और फार्महाउस को मिली शराब परोसने की मंजूरी
सोना 1,30,000 प्रति 10 ग्राम के ऐतिहासिक उच्च स्तर को छू रहा है। उन्होंने बताया कि इसके पीछे वैश्विक अनिश्चिता, रुपया लगातार डॉलर के मुकाबले कमजोर हो रहा है और अंतर्राष्ट्रीय अस्थिरता यह भी सोने के भाव को प्रभावित कर रही हैं।
इंडियन बुलियन ट्रेड कॉरपोरेशन के निदेशक आशुतोष अग्रवाल ने कहा खो जाए तो बड़ा गम नहीं, पर सोने से कम नहीं। यही 9 कैरेट की खास बात है। 24 कैरेट सोने की कीमत जहां अत्यधिक ऊंचाई पर पहुंच गई हैं। ऐसे में मध्यम परिवार आर्थिक रूप से सक्षम नहीं है कि वह सोना खरीद पाए। ऐसे में कंपनियों ने भी 9 कैरेट का सोना बाजार में उतार दिया है। अब शहर में दुकानों में यह सोना भी बिक रहा है।
9 कैरेट आभूषणों को हॉल मार्किंग दी जा रही है। 9 कैरेट में लगभग 37.5 प्रतिशत सोना होता है। बाकी मिश्रित धातु चांदी और तांबा होता है। अगर 24 कैरेट सोने की कीमत 1,30,000 प्रति 10 ग्राम है तो 9 कैरेट की कीमत लगभग बनाई सहित 57,000 से 60,000 होगी। इसमें 3 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त लगेगा। यूनाइटेड ज्वेलर्स एंड मैन्यूफेक्चर्स फेडरेशन के सचिव पुनीत वर्मा ने बताया कि 9 कैरेट सोने में आधुनिक डिज़ाइन स्मार्ट तरीके से उभर कर आते हैं।
सोना महंगा होने के बाद भी हुआ सस्ता
गोल्ड प्राइज विश्लेषक संदीप सिंघल ने बताया कि उनकी टीम के द्वारा रिसर्च के बाद सामने आया है कि सोने की महंगाई के बाद लोगों का रुझान सोने के प्रति बहुत अधिक बढ़ गया है। अब सोने की डिमांड और अधिक बढ़ गई है।
पहली बार दीपावली उपहार में सोने की परत लगे उपहार दिए जा रहे हैं। उपहार में सोना तो दिया जा रहा है लेकिन वह 24 कैरेट नहीं 9 कैरेट है। महंगाई के कारण 9 कैरेट भी इस दीपावली सभी के लिए आकर्षण बना हुआ है।