हस्तिनापुर: हवन-यज्ञ के साथ निकली कलश यात्रा, 151 कुंडीय महायज्ञ और बाल गुरुकुल-आयुर्वेद केंद्र का शिलान्यास
हस्तिनापुर में सर्वदा जयते सेवा न्यास की ओर से 7 से 9 नवंबर तक भव्य धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के उपलक्ष्य में गुरुवार को महिलाओं की बड़ी संख्या ने सिर पर कलश धारण कर शोभायात्रा निकाली। कार्यक्रम में 151 कुंडीय महायज्ञ के साथ बाल गुरुकुल और आयुर्वेदिक केंद्र का शिलान्यास होगा।
विस्तार
हस्तिनापुर जनपद में कस्बे के सैफपुर मार्ग स्थित सर्वदा जयते सेवा न्यास द्वारा आगामी 7 से 9 नवंबर तक होने वाले धार्मिक आयोजन के लिए बृहस्पतिवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश रखकर शामिल हुईं। इसके साथ ही बाल गुरुकुल की छात्राओं ने हवन-यज्ञ किया, जबकि वैदिक मित्र मंडली के भजनों ने यात्रा का माहौल भक्तिमय बना दिया।
शोभायात्रा उधम सिंह चौक से आरंभ होकर सेवा न्यास स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां हवन-यज्ञ में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर धर्मलाभ अर्जित किया। यात्रा में नारी सशक्तिकरण की झलक भी देखने को मिली। छात्राओं ने कराटे और लाठी-डंडों का आकर्षक प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें: Meerut: फर्जी जीएसटी रजिस्ट्रेशन कर 37.88 लाख की टैक्स चोरी! सर्वश्री बालाजी ट्रेडर्स पर केस दर्ज
गुरुकुल में शिक्षा और संस्कार साथ-साथ
न्यास की संस्थापक निदेशक आचार्य रश्मि आर्या ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बाल गुरुकुल और आयुर्वेदिक चिकित्सालय का शिलान्यास किया जाएगा। गुरुकुल में बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, योग, सनातन मूल्य और पांच भाषाओं का ज्ञान दिया जाएगा। साथ ही बच्चों के लिए आवासीय व्यवस्था भी उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर विपेंद्र सुधा ने कहा कि पूरा आयोजन वैदिक पद्धति से भव्य और अनुशासित रूप में संपन्न कराया जाएगा।