West UP Weather: इस जिले में मार्च में जनवरी जैसा कोहरा, मेरठ में तेज धूप से चढ़ा पारा, तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम
West UP Weather News: मेरठ क्षेत्र में तेज धूप और हवा की कमी के कारण गर्मी का असर बढ़ गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी होगी, इसके बाद हल्की बारिश से राहत मिल सकती है।
विस्तार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। मेरठ में मंगलवार को तेज धूप और हवा लगभग बंद रहने के कारण गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। दिन चढ़ने के साथ ही लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी कम देखने को मिली। वहीं सहारनपुर में चैत्र माह में सुबह के समय छाया घना कोहरा लोगों में कौतुहल का विषय बन गया। लोग लाइट जलाकर सड़कों पर निकलते दिखे। वहीं दृश्यता शून्य हो गई।
अगले तीन दिनों में और बढ़ेगा तापमान
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। तेज धूप और हवा की गति कम होने के कारण गर्मी का प्रभाव अधिक महसूस होगा। इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं और हल्की बारिश होने से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
हवा कम होने से बढ़ा प्रदूषण
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषक कण वातावरण में ज्यादा समय तक बने रहते हैं। इससे वायु गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है और प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा है।
यह भी पढ़ें: Meerut: सदर थाना क्षेत्र में महिला ने की आत्महत्या, कमरे में पंखे से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
विशेषज्ञों ने लोगों को अगले कुछ दिनों तक तेज धूप से बचाव करने की सलाह दी है। खासकर दोपहर के समय बाहर निकलते समय सावधानी बरतने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय करने की जरूरत बताई गई है।
सहारनपुर में चैत्र में घना कोहरा
सहारनपुर जनपद में चैत्र माह में भी मौसम का अलग ही रूप देखने को मिला। बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। देहात क्षेत्रों में दृश्यता 40 से 50 मीटर तक सीमित रही और सुबह करीब 10 बजे तक धूप भी नहीं निकल सकी। इससे लोगों को ठंडक और मौसम के असामान्य बदलाव का एहसास हुआ।