मेरठः जिंदगी पर भारी पड़ा होली का हुड़दंग, 28 की मौत
होली का हुड़दंग, खुमारी और तेज रफ्तार जिंदगी पर भारी पड़ गई। हादसे दर हादसे होते रहे और लोग सड़कों पर दम तोड़ते रहे। मेरठ और आसपास के जिलों में हुए अलग-अलग हादसों में पिछले दो दिनों में करीब 28 लोगों की मौत हो गई। मारपीट और संघर्ष की घटनाएं भी होली के रंग में भंग डालती रही।
मेरठ में मंगलवार को शहर में गंगानगर और टीपी नगर क्षेत्र में सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। देहात क्षेत्र में चार लोगों की सड़क हादसे में मौत हुई है। एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हुई। वाहनों की मामूली टक्कर लगने और रंग डालने पर दो समुदाय के लोगों के बीच कई जगहों पर मारपीट हुई। आठ जगहों पर दो वर्गों के बीच टकराव हुआ है, जिसमें दर्जनों लोग घायल हो गए।
बिजनौर में दुल्हैंडी के दिन जिले में अलग-अलग हुए हादसों में नौ लोगों की मौत हो गई। जबकि दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। मृतकों में दो सगे भाई शामिल हैं। नजीबाबाद क्षेत्र में होली का जुलूस देखती 10 वर्षीय लड़की की करंट से मौत हुई। शेरकोट के खो बैराज में डूबने से दो युवकों की भी जान चली गई।
मुजफ्फरनगर में हुए हादसों में किशोर सहित पांच लोगों की मौत हो गई। जानसठ में अज्ञात वाहन की टक्कर से बिजनौर के गांव बहादरपुर निवासी युवक की मौत हुई। गांव मीरापुर दलपत के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। भोपा-लक्सर मार्ग और छपार क्षेत्र में दो लोगों की मौत हुई। छपार के गांव खिंदडिया में भी एक युवक की हादसे में जान गई।
सहारनपुर में पिछले दो दिनों में हुए सड़क हादसों में छह माह की बच्ची सहित पांच लोगों की मौत हो गई। शहर के मंडी समिति तिराहे के अलावा बड़गांव और नकुड़ क्षेत्र में यह हादसे हुए हैं। मरने वालों में बच्ची के अलावा अन्य लोग बाइकों पर सवार थे। होलिका दहन और होली खेलने के बाद लौटते समय ये हादसे हुए हैं।
बागपत के बड़ौत में बिनौली रोड पर आईसीआईसीआई बैंक के सामने मंगलवार को दो बाइक सवारों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें प्रमोद (35) निवासी सिरसली की मौत हो गई। शामली में आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में तीन बाइकें टकरा गईं, इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई।
टिकटॉक पर वीडियो बनाने के चक्कर में चली गई जान
होली पर टिकटॉक ने एक परिवार को जिंदगी भर का जख्म दे दिया। छपार थाना क्षेत्र के गांव खिंदड़िया निवासी कपिल (23) पुत्र अमरीश खाईखेड़ी स्थित उत्तम शुगर मिल में नौकरी करता था। मंगलवार को होली के उल्लास में वह गांव के बाहर स्थित स्कूल परिसर में ट्रैक्टर पर स्टंट दिखाते हुए टिकटॉक पर वीडियो बनवा रहा था। तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे कपिल उसके नीचे दब गया। ग्रामीणों ने उसे निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
किशोरी पर रंग डालने का विरोध
गांव जागोस में दुल्हैंडी पर हुड़दंग और परिवार की किशोरी पर रंग डालने का विरोध करने पर मजदूर के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने वारदात से 12 घंटे पहले ही सबक सिखाने का एलान किया था। मृतक के घर पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है।
जागोस गांव में दुल्हैंडी पर शाम पांच बजे अनुसूचित जाति के ब्रहम (50) के घर के बाहर गांव के ही दो युवक शराब पीकर हंगामा और गाली गलौज कर रहे थे। गली से होकर गुजरी ब्रहम के परिवार की एक किशोरी के ऊपर युवकों ने रंग फेंक दिया। ब्रहम ने युवकों को अपने घर के सामने से आगे जाने के लिए कहा, जिस पर कहासुनी हो गई। युवक सबक सिखाने का एलान कर मौके से चले गए।
बुधवार सुबह पांच बजे हमलावर घर में घुसे और चारपाई पर लेटे ब्रहम के सिर में सटाकर तमंचे से गोली मार दी। एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने बताया कि मृतक के भतीजे निखिल ने गांव के ही विक्की उर्फ ईश्वर और सौरव उर्फ शेरू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
