Meerut: खेल विवि का निरीक्षण करेंगे मुख्यमंत्री, तैयारी में जुटा प्रशासन, उप मुख्यमंत्री पाठक आज और कल शहर में
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जनवरी को मेरठ आकर सरधना में निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर सकते हैं। प्रशासन तैयारियों में जुटा।
विस्तार
मेरठ के सरधना में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के लिए 22 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ आ सकते हैं। प्रशासन और लोक निर्माण विभाग इसकी तैयारियों में जुट गया है। हालांकि देर रात तक मुख्यमंत्री का आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ था।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारी और कार्यदायी संस्था मंगलवार को खेल विश्वविद्यालय स्थल पर डटे रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था और व्यवस्थागत तैयारियों का भी अधिकारियों द्वारा मुआयना किया। सलावा में निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निरीक्षण करने के लिए मुख्यमंत्री आने का कार्यक्रम प्रस्तावित होते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया।
यह भी पढ़ें: UP: 'मैंने बहुत बड़ी गलती कर दी...', संग्रह अमीन के 1 मिनट 18 सेकंड के आखिरी ऑडियो में चार कत्ल और सुसाइड का राज
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए फिनिशिंग कार्य और शेष निर्माण को तेजी से पूरा कराया जा रहा है। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंंह का कहना है कि मुख्यमंत्री खेल विश्वविद्यालय का निरीक्षण करने के लिए आ सकते हैं। इसकी तैयारी की जा रही हैं।
अभी तक प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जनवरी को दोपहर करीब 1:50 बजे सोनीपत (हरियाणा) से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा सलावा स्थित हेलीपेड पर पहुंचेंगे। इसके बाद कार से खेल विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों, खेल विश्वविद्यालय के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे जिसमें लगभग 40 से 50 लोग शामिल रहेंगे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री राजकीय हेलीकॉप्टर से सहारनपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
उप मुख्यमंत्री पाठक आज और कल शहर में
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक आज और कल मेरठ में रहेंगे। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत बुधवार शाम सात बजे धीरखेड़ा में गो-आश्रय स्थल का निरीक्षण करेंगे। गुरुवार सुबह 8:05 बजे लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज बन रहे 100 बेड के कि्रटिकल केयर ब्लॉक व लेक्चर थियेटर भवन के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। सुबह सवा 11 बजे राजकीय महिला महाविद्यालय दादरी सरधना का निरीक्षण करेंगे।
दोपहर 12:10 बजे सरस्वती लोक में जागेश्वर धाम मंदिर में कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 12:40 बजे सूरजकुंड पर महापौर कैंप कार्यालय सभागार में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। 2:25 बजे कलक्ट्रेट में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की प्रगति की समीक्षा करेंगे। 3:55 बजे बच्चा पार्क के पास पीएल शर्मा स्मारक भवन में नेताजी की सुभाष चंद्र बोस के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर आयोजित ऑल इंडिया कवि सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।
