Meerut: नौ साल बाद घर में जन्मा बेटा, मन्नत पूरी होने पर 11 माह के शिवराज को लेकर कांवड़ यात्रा पर निकला परिवा
गाजियाबाद के नंदग्राम निवासी दंपती ने तीन बेटियों के बाद बेटे की मन्नत भोलेनाथ से मांगी थी। नौ साल बाद मनोकामना पूरी होने पर अब पूरा परिवार 11 माह के बेटे शिवराज को साथ लेकर हरिद्वार से कांवड़ यात्रा कर रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भोलेनाथ की भक्ति में आस्था और विश्वास की मिसाल उस समय देखने को मिली, जब गाजियाबाद के नंदग्राम निवासी एक परिवार नौ साल बाद बेटे के जन्म की मन्नत पूरी होने पर 11 माह के बेटे शिवराज को साथ लेकर हरिद्वार से कांवड़ यात्रा करता हुआ मेरठ पहुंचा।
नौ साल बाद पूरी हुई बेटे की मन्नत
मूल रूप से राजस्थान के अलवर निवासी शिवा वर्तमान में परिवार के साथ गाजियाबाद के नंदग्राम में रहकर नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी चंचल के साथ विवाह के बाद परिवार में तीन बेटियों का जन्म हुआ, लेकिन बेटे की इच्छा अधूरी थी। कई स्थानों पर मन्नतें मांगने के बाद दंपती ने भगवान भोलेनाथ से पुत्र प्राप्ति की मनोकामना की।
भोलेनाथ की कृपा से बेटे शिवराज का जन्म हुआ। अब मनोकामना पूरी होने पर पूरा परिवार 11 माह के शिवराज को साथ लेकर हरिद्वार से गंगाजल लाकर जलाभिषेक करने जा रहा है।
परिवार के साथ निभा रहे आस्था का संकल्प
परिवार ने बताया कि उन्होंने तीन अगस्त को हरिद्वार से गंगाजल उठाया था। इस यात्रा में शिवराज के मामा मुकेश, नानी भूरो और नाना विजय भी साथ चल रहे हैं। परिवार का कहना है कि शिवराज उनके लिए भगवान शिव का आशीर्वाद है और यह कांवड़ यात्रा उनके जीवन की सबसे बड़ी आस्था से जुड़ी यात्रा है।
किन्नर श्रद्धालुओं ने मांगी सबके लिए खुशहाली
गौतमबुद्ध नगर के दादरी निवासी किन्नर प्रिया और सुनैना तथा दिल्ली के शाहदरा निवासी प्रियंका भी हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा केवल अपनी मनोकामना के लिए नहीं, बल्कि सभी परिवारों की खुशहाली के लिए है।
उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की कि हर परिवार को संतान सुख मिले, देश में सुख-समृद्धि और अमन-चैन बना रहे। उनका कहना था कि उत्तराखंड से लेकर उत्तर प्रदेश तक कांवड़ यात्रा के दौरान उन्हें कहीं कोई परेशानी नहीं हुई और व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं।