मेरठ में रिश्तों का कत्ल: जमीन के लिए हत्या, छोटे भाई को मारकर खेत में दबाया शव, 23 दिन बाद खुली वारदात
मेरठ के बहसूमा क्षेत्र में जमीनी विवाद में छोटे भाई की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि बड़े भाई ने हत्या कर शव खेत में दबा दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के बहसूमा क्षेत्र में जमीनी विवाद ने रिश्तों का खून कर दिया। थाना क्षेत्र के महमूदपुर सिखेड़ा गांव में एक युवक की हत्या कर शव खेत में दबाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक की हत्या उसके ही बड़े भाई ने जमीन विवाद के चलते की और वारदात को छिपाने के लिए शव खेत में दबा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
एक माह से लापता था युवक
गांव निवासी 32 वर्षीय अंकुर पुत्र बाबूराम करीब एक माह से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। अब सामने आया है कि करीब 23 दिन पहले अंकुर की हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि उसके बड़े भाई कपिल ने ही वारदात को अंजाम दिया और शव खेत में दबाकर पूरे मामले को छिपाने का प्रयास किया।
यह भी पढ़ें: खुशी हत्याकांड: सौतली मां ने पैर पकड़े, मुंह पर तकिया रख बैठ गया पिता, चीखती रही बेटी, नहीं पसीजा दंपती का दिल
खेत में दबाया शव, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खेत में जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस शव बरामद करने के प्रयास में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार परिवार में काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और इसी विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।
दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
बताया गया कि अंकुर तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी पत्नी की चार वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। पत्नी के निधन के बाद वह अकेले रह रहा था। अंकुर अपने पीछे दो बेटियों को छोड़ गया है। बड़ी बेटी करीब 10 वर्ष और छोटी बेटी लगभग 7 वर्ष की है। दोनों बच्चियों की देखभाल उनकी मौसी कर रही है।
आरोपी की तलाश में दबिश
क्षेत्राधिकारी पंकज लमानी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द पूरे मामले का खुलासा कर कार्रवाई की जाएगी।