Amroha: सड़क हादसों में मासूम और कारोबारी की माैत, ईद की खुशियां मातम में बदलीं, दोनों परिवारों में कोहराम
अमरोहा जिले में दो हादसों में कारोबारी और एक मासूम की माैत हो गई। इससे दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
विस्तार
अमरोहा में रविवार की देर रात बिजनौर रोड पर ऑटो से टकराकर गिरे व्यापारी आदिल (38) को ट्रैक्टर ने कुचल दिया। इससे उनकी मौत हो गई। ईद के मौके पर घर में खुशियों के बीच घटना की जानकारी पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है।
आदिल मोहल्ला शाही चबूतरा छोटी मस्जिद वाली गली निवासी नफीस के बेटे थे और गुजरी में गारमेंट्स की दुकान चलाते थे। बुधवार रात करीब 10 बजे आदिल किसी काम से जा रहे थे। तभी रास्ते में उनकी बाइक एक ऑटो से टकरा गई। टक्कर के बाद आदिल सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में ऑटो चालक भी घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान परिजनों ने पुलिस कार्रवाई कराने के इन्कार कर दिया। मृतक आदिल ने अपने पीछे पत्नी शाहिस्ता, बेटी वानिया और बेटे आहिल को छोड़ा है।
वह चार भाइयों और तीन बहनों में चौथे नंबर पर थे। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में मातम पसर गया। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि परिजनों ने लिखित प्रार्थना पत्र देकर कानूनी कार्रवाई करने से इन्कार दिया।
मौसी के घर ईद मनाने आई मासूम को कार ने रौंदा, मौत
गजरौला में पिता के साथ गांव घासीपुरा में मौसी के घर ईद मनाने आई छह साल की मासूम को तेज रफ्तार कार चालक ने रौंद दिया। परिजन बच्ची को गंभीर हालत में उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर भाग गया।
थाना क्षेत्र के गांव कसेरुआ निवासी बाबर खां ईद के दूसरे दिन रविवार को पास के गांव घासीपुरा निवासी साढ़ू के घर ईद मनाने के लिए गए थे। साथ में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ही छह साल की बेटी मायरा भी थी। बताया जा रहा है कि घासीपुरा पहुंचने पर मायरा मौसी के घर जाने की खुशी में सड़क की ओर बढ़ी तो इसी दौरान तेज रफ्तार चालक ने मायरा को टक्कर मार दी।
हादसे में मायरा गंभीर रूप से घायल हो गई। भीड़ बढ़ती देख आरोपी चालक कार मौके पर छोड़कर भाग गया। परिजन बच्ची को गंभीर हालत में उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर क्राइम जगमोहन कश्यप ने बताया तेज रफ्तार कार की टक्कर से बच्ची की मौत होने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।