UP: 'हम पति-पत्नी हैं...जीवन भर साथ रहेंगे, कोई जुदा नहीं कर सकता', रात में थाने पहुंचीं युवतियां; कही ये बात
मुरादाबाद में दो युवतियां घर छोड़कर चली गईं। रविवार की रात दोनों युवतियां बिलारी थाने पहुंचीं और उन्होंने अपनी जान को खतरा बताकर सुरक्षा की मांग की। दोनों ने कहा कि हम पति-पत्नी हैं...जीवन भर साथ रहेंगे।
विस्तार
मुरादाबाद के भगतपुर में दोनों सहेलियों को उनके घर वालों ने काफी समझाया। लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ीं रहीं। पुलिस के समक्ष भी कहा कि वह पति-पत्नी हैं और हमेशा साथ रहेंगे। उन्हें अब कोई जुदा नहीं कर सकता।
भगतपुर पुलिस ने युवती के कोर्ट में बयान भी दर्ज कराए। जिसमें युवती ने कहा कि वह बालिग और उसने शादी कर ली। इसके बाद दोनों युवती साथ साथ चली गईं।
भगतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की बुआ रामपुर जिले के टांडा थाना क्षेत्र के गांव में रहती है। बताया जा रहा है करीब एक साल पहले युवती अपनी बुआ के घर गई थी। युवती यहां पांच दिन रुकी थी। इसी दौरान बुआ के घर के सामने रहने वाली युवती से उसकी मुलाकात हो गई थी।
दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल नंबर ले लिए थे। घर लौटने के बाद भी युवती रामपुर की युवती से बातचीत करती थी। परिजनों ने कई बार दोनों को बातचीत करते हुए देखा लेकिन सहेली होने के कारण उन्होंने इस बात पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया था।
दोनों ने एक साथ रहने का फैसला किया
कई बार रामपुर की युवती भगतपुर क्षेत्र में उससे मिलने आई थी। दोनों के बीच नजदीकियां आ गई थी। दोनों ने एक साथ रहने का निर्णय लिया। 31 जनवरी की सुबह युवती अपने घर से निकल गई। उधर, रामपुर के टांडा क्षेत्र की युवती भी अपने घर से निकल गई।
दोनों युवतियां बिलारी थाने पहुंचीं
दोनों एक साथ मुरादाबाद पहुंच गईं और दोनों ने एक दूसरे की मांग भर दी। 26-26 वर्षीय इन युवतियों के अचानक गायब होने पर परिजन परेशान हो गए। एक युवती की गुमशुदगी भगतपुर और दूसरी युवती की गुमशुदगी टांडा में दर्ज की गई। पुलिस और परिजन दोनों की तलाश में जुटे थे कि इसी बीच रविवार की रात दोनों युवतियां बिलारी थाने पहुंच गईं और उन्होंने अपनी जान को खतरा बताकर सुरक्षा की मांग की।
अलग होने को तैयार नहीं हुईं युवतियां
पुलिस ने दोनों को रात में वन स्टॉप सेंटर भेज दिया था। सोमवार को भगतपुर थाने की पुलिस और युवती के परिजन वन स्टॉप सेंटर पहुंच गए और युवती से बात की। परिजनों ने उसे मनाने की कोशिश की लेकिन युवतियां अलग होने को तैयार नहीं हुईं। मंगलवार को पुलिस ने युवती का मेडिकल कराकर कोर्ट में बयान दर्ज कराए।
'हमने शादी कर ली है वह बालिग हैं और साथ रहना चाहते हैं'
युवती ने बताया कि उन्होंने शादी कर ली है वह बालिग हैं और साथ रहना चाहते हैं। इसके बाद दोनों युवतियां साथ चली गई। इस दौरान दोनों के परिजन भी नहीं आए। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि मंगलवार को भगतपुर क्षेत्र में रहने वाली युवती के बयान दर्ज कराए गए थे। इसके बाद वह रामपुर की युवती के साथ चली गई है।
