जिद्दी इश्क जीत गया: एक ने कोतवाली तो दूसरी ने प्रेमी के घर डाला डेरा, आखिरकार दोनों का निकाह हुआ तय
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज प्रमाण ने बताया कि दोनों मामलों में आपसी सहमति बन गई है। पीलकपुर गुमानी और रामनगर दोनों पक्षों ने निकाह के लिए हामी भर दी है। समझौता हो जाने के कारण किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।
विस्तार
इश्क जब जिद पर उतर आए तो रास्ते खुद बन जाते हैं। ठाकुरद्वारा में ऐसा ही नजारा देखने को मिला। जब दो युवतियां अपने प्रेमी को पाने के लिए घर और कोतवाली तक पहुंच गईं। एक ने कोतवाली में धरना दिया तो दूसरी प्रेमी के घर के बाहर डट गई। उनकी जिद रंग लाई और दोनों पक्ष निकाह के लिए राजी हो गए।
तीन साल से था दोनों में प्रेम संबंध
पहला मामला मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा नगर के वार्ड तीन की युवती का है। उसका रामनगर निवासी युवक से करीब तीन साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। उसका आरोप है कि युवक ने निकाह का वादा कर संबंध बनाए लेकिन बाद में मुकर गया। इस पर युवती ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया। बातचीत के बाद युवक और उसके परिजन रविवार को निकाह के लिए तैयार हो गए।
आखिर परिवार को झुकना पड़ा
दूसरा मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव पीलकपुर गुमानी का है। यहां एक युवती का गांव के ही युवक से करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध था। दोनों निकाह करना चाहते थे लेकिन परिवार की सहमति नहीं मिल रही थी। रात को युवती प्रेमी के घर पहुंच गई और वहीं धरने पर बैठ निकाह की मांग करने लगी। सूचना पर पुलिस पहुंची और युवती को कोतवाली ले आई। जहां उसने कहा कि निकाह नहीं होगा तो कानूनी कार्रवाई करवाएगी।
पुलिस बोली- समझौता हो गया
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज प्रमाण ने बताया कि दोनों मामलों में आपसी सहमति बन गई है। पीलकपुर गुमानी और रामनगर दोनों पक्षों ने निकाह के लिए हामी भर दी है। समझौता हो जाने के कारण किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।
