UP: नशे में धुत सिपाही ने दो युवकों को कार से कुचला, धुनाई के बाद पुलिस को साैंपा, गिरफ्तारी के बाद निलंबित
साइड देने को लेकर हुए विवाद में पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल संजीव तोमर ने कथित तौर पर शराब के नशे में दो युवकों पर कार चढ़ा दी। घायल युवकों ने ट्रैक्टर की आड़ लेकर जान बचाई। घटना के बाद लोगों ने करीब पांच किलोमीटर पीछा कर आरोपी को जोया टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
साइड देने के विवाद में पुलिस लाइन में तैनात सिपाही ने शराब के नशे में दो युवकों को कार से कुचल दिया। कार की टक्कर से घायल युवकों ने ट्रैक्टर की आड़ लेकर जान बचाई। घटना के बाद आरोपी क्षतिग्रस्त कार लेकर भाग गया। लोगों ने हाईवे पर करीब पांच किमी पीछा कर जोया टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया और जमकर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने सिपाही के खिलाफ हत्या की कोशिश समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसपी ने सिपाही को निलंबित कर दिया है। डिडौली गांव निवासी अमित कुमार सोमवार की रात करीब 11 बजे अपनी पत्नी बच्चे के साथ जोया से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही परिवार चामुंडा (बापूधाम) माता मंदिर के पास पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद सिपाही संजीव तोमर अपनी कार बीच सड़क पर खड़ी किए हुए था।
अमित ने कार हटाने और रास्ता देने के लिए कहा तो दोनों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि विरोध करने पर सिपाही ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से उन पर कार चढ़ा दी। कार की टक्कर से अमित कुमार बाएं पैर पर कार का पहिया चढ़ गया और उन्हें चोट आई। वहीं उनके साथ मौजूद रविंद्र के घुटने में भी चोट लगी।
इतना ही नहीं सिपाही ने कार को कई बार बैक कर दोबारा टक्कर मारने का प्रयास किया। अपनी जान बचाने के लिए अमित और उनके साथी रविंद्र पास में खड़े एक ट्रैक्टर की आड़ में चले गए। आरोप है कि इसके बावजूद सिपाही ने ट्रैक्टर में भी कई बार टक्कर मारी, जिससे ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद कार लेकर मौके से भाग निकला। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि आरोपी हेड कांस्टेबल संजीव तोमर के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे निलंबित कर दिया है। साथ ही न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
गनीमत रही, चिंगारियों से कार में नहीं आग
दो युवकों को कुचलने के प्रयास के बाद क्षतिग्रस्त कार लेकर भाग रहे हेड कांस्टेबल की लापरवाही से बड़ा हादसा भी हो सकता था। वायरल वीडियो में कार का पहिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है और सड़क पर रगड़ खाने से लगातार चिंगारियां निकल रही हैं। राहत की बात यह रही कि कार में आग नहीं लगी, अन्यथा चलती कार में आग भड़कने से गंभीर घटना हो सकती थी। हाईवे पर उस समय अन्य वाहन भी गुजर रहे थे, ऐसे में आग लगने की स्थिति में कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।