Muzaffarnagar: रजबहे की पटरी टूटी, खेतों में भरा पानी, किसानों में भारी आक्रोश
मुजफ्फरनगर के बिरालसी-लालूखेड़ी मार्ग पर कल्लरपुर रजबहे की पटरी टूटने से खेतों में पानी भर गया और किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं। भारतीय किसान यूनियन नेता विकास शर्मा ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत और मुआवजे की मांग की।
विस्तार
मुजफ्फरनगर जिले के बिरालसी-लालूखेड़ी मार्ग पर स्थित कल्लरपुर रजबहे की पटरी टूटने से इलाके में आवागमन प्रभावित हो गया है। पटरी टूटने के कारण रजबहे का पानी आसपास के खेतों में भर गया, जिससे किसानों की खड़ी फसलें बर्बाद हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय किसानों में भारी आक्रोश फैल गया। किसानों का कहना है कि अचानक पानी भरने से उनकी फसल को बड़ा नुकसान हुआ है और प्रशासन को जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करना चाहिए।
यह भी पढ़ें: सेंट्रल मार्केट में सीलिंग: अस्पताल-स्कूल पर ताले देख छलके आंसू, व्यापारियों ने की सड़क जाम, जमकर नारेबाजी
मामले की सूचना मिलने पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता विकास शर्मा किसानों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घटना से अवगत कराते हुए रजबहे की टूटी पटरी की जल्द मरम्मत कराने की मांग की।
विकास शर्मा ने कहा कि जब तक पटरी की मरम्मत नहीं होगी, तब तक इस मार्ग पर आवागमन सुचारू रूप से संचालित नहीं हो पाएगा। साथ ही उन्होंने प्रशासन से मांग की कि किसानों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिया जाए।
स्थानीय किसानों ने भी प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील करते हुए कहा कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो नुकसान और बढ़ सकता है।