Pilibhit News: टनकपुर हाईवे पर ट्रक-ट्रैक्टर की भिड़ंत, पांच लोग घायल, चालक के पैर में घुसा सरिया
पीलीभीत में टनकपुर हाईवे पर बुधवार सुबह कचहरी के पास ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और सीमेंट से भरे ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में छह लोग घायल हो गए, जिनमें से एक ट्रक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसके पैर में सरिया घुस गया था, उसे गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत में टनकपुर हाईवे पर बुधवार सुबह कचहरी के पास ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और सीमेंट से भरे ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए, जबकि ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार पांच लोग घायल हो गए। वहीं ट्रक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसके पैर में सरिया घुस जाने से राहत कार्य में काफी दिक्कत हुई। पुलिस और दमकल टीम ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।
हादसा बुधवार सुबह कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कचहरी से करीब आधा किलोमीटर आगे हुआ। बताया गया कि न्यूरिया की ओर से ईंटों से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली पीलीभीत आ रही थी। इसी दौरान सामने से खटीमा की ओर जा रहे सीमेंट लदे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली दो हिस्सों में बंट गई और ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
ट्रक का केबिन काटकर निकाला गया चालक
हादसे की सूचना पर सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी और कोतवाल सत्येंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग की टीम को भी बुलाया गया। हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ लग गई और यातायात बाधित हो गया। ट्रक चालक केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था। उसके पैर में लोहे का सरिया घुस गया था। चालक को बाहर निकालने के लिए गैस कटर से ट्रक का केबिन काटा गया। सरिये को दोनों ओर से काटने के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल भेजा गया।
हादसे में ये लोग हुए घायल
घायल चालक की पहचान अलीगढ़ जिले के थाना हरदुआगंज क्षेत्र के ग्राम भीमघड़ी रामघाट रोड निवासी सुनील कुमार (26) के रूप में हुई है। वह अलीगढ़ से सीमेंट लेकर खटीमा जा रहा था। ट्रैक्टर चालक भारत सिंह (40) निवासी ग्राम सड़पड़ा थाना खटीमा, उत्तराखंड बताया गया है। हादसे में घायल विनोद कुमार, प्रेमपाल, भगवान दास और अर्जुन सिंह यादव निवासी ग्राम बिथरा थाना न्यूरिया को भी अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर काफी देर बाद यातायात सुचारु कराया।