जाैहर यूनिवर्सिटी: सपा सांसदों का 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पहुंचेगा रामपुर, आंदोलनरत छात्रों को देंगे समर्थन
Jauhar University Update News: जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों को ध्वस्त करने के आदेश के विरोध में समाजवादी पार्टी ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। शनिवार को सपा के सांसदों और पूर्व सांसदों का 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रामपुर पहुंचकर आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात करेगा। इसके बाद डीएम को ज्ञापन सौंपेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जौहर यूनिवर्सिटी के 40 में से 38 भवनों को ध्वस्त करने के आदेश के खिलाफ सपा खुलकर मैदान में आ गई है। शनिवार को सपा के सांसद और पूर्व सांसदों का 12 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल रामपुर पहुंचेगा। पहले सांसद आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात करेंगे और फिर डीएम को ज्ञापन दिया जाएगा।
बृहस्पतिवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में विधायक और पूर्व विधायकों का एक दल रामपुर गया था। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से जारी पत्र के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर गठित प्रतिनिधिमंडल शनिवार को जिला प्रशासन से मुलाकात कर यूनिवर्सिटी के संबंध में वार्ता करेगा।
उनकी ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि जौहर यूनिवर्सिटी के भवनों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई शिक्षा के अधिकार और संविधान की भावना के विपरीत है। पार्टी का मानना है कि विश्वविद्यालय में गरीब, पिछड़े और दलित वर्ग सहित विभिन्न समुदायों के हजारों छात्र-छात्राएं नाममात्र की फीस पर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
ऐसे में ध्वस्तीकरण से विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। प्रतिनिधिमंडल डीएम से मुलाकात कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई नहीं किए जाने के संबंध में वार्ता करेगा तथा पूरे मामले की रिपोर्ट समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय को सौंपेगा।
प्रतिनिधिमंडल में यह रहेंगे शामिल
रामपुर सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर, सांसद जावेद अली खान, महाराष्ट्र के सपा प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक (पूर्व सांसद) अबू आसिम आजमी, सांसद हरेंद्र सिंह मलिक, सांसद रुचिवीरा, सांसद इकरा हसन, सांसद राजीव राय, सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी, सांसद नीरज मौर्य, सांसद जियाउर्रहमान बर्क, सांसद देवेश शाक्य तथा सांसद राम शिरोमणि वर्मा शामिल रहेंगे।
सपा से जुड़े सांसदों का प्रतिनिधि मंडल शनिवार को रामपुर पहुंच रहा है। वह यहां यूनिवर्सिटी के छात्रों से मुलाकात करेगा और फिर डीएम को ज्ञापन सौपेगा। प्रशासन से इसकी अनुमति मिल गई है। -अजय सागर, सपा जिलाध्यक्ष
पुलिस प्रशासन भी सतर्क
रामपुर। सपा के प्रतिनिधि मंडल के रामपुर आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्रशासन ने पुलिस के साथ ही प्रशासनिक अफसरों की टीम को निगरानी के लिए लगाया है। इस दौरान जगह-जगह पुलिस तैनात की जाएगी।