Rampur: विधायक आकाश सक्सेना ने उद्यमियों के साथ की बैठक, बोले- योगी सरकार में बना उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल
रविवार को भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने काशीपुर (उत्तराखंड) के उद्यमियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद गुंडाराज समाप्त हो गया। जो उद्यमी पहले डर के कारण चले गए थे, वे अब उत्तर प्रदेश में निवेश करने की इच्छा जता रहे हैं।
विस्तार
भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अब उत्तर प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बन गया है। लिहाजा, अब उत्तराखंड के उद्यमी बिना किसी संकोच के उत्तर प्रदेश में निवेश कर सकते हैं। खासकर रामपुर उद्योगों के लिए सबसे अच्छा केंद्र हो सकता है। उन्होंने उद्यमियों को रामपुर में निवेश के प्रस्ताव भी दिए। जिस पर उद्यमियों ने सकारात्मक रुख दिखाया है।
रविवार को भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने काशीपुर (उत्तराखंड) के उद्यमियों से मुलाकात की। जिसमें उत्तराखंड के सबसे बड़े उद्योग सिद्धार्थ पेपर मिल के डायरेक्टर विनीत सिंघल, मुनेश बंसल, सुशील बंसल, शिव एग्रो जसपुर के डायरेक्टर आलोक गोयल, सोना फार्म के डायरेक्टर सुमित लखोरिया, जिंदल रिफाइनरी के डायरेक्टर अनुराग जिंदल आदि शामिल रहे। काशीपुर में हुई इस मुलाकात के दौरान उन्होंने उद्यमियों को उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में गुंडाराज हुआ करता था।
उद्यमियों से अवैध वसूली का अलग उद्योग चलता था। उद्यमियों के बीच असुरक्षा का माहौल था। जिसकी वजह से उद्यमी उत्तर प्रदेश से बाहर जाने लगे। धीरे-धीरे हालात ऐसे हो गए कि उत्तर प्रदेश बेरोजगारों का सबसे बड़ा केंद्र बन गया। लेकिन, उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद गुंडाराज समाप्त हो गया। जो उद्यमी पहले डर के कारण चले गए थे, वे अब उत्तर प्रदेश में निवेश करने की इच्छा जता रहे हैं। इसीलिए, हर जिले में इंवेस्टर्स समिट आयोजित की जा रही है। रामपुर में 18 जनवरी को इंवेस्टर्स समिट होने जा रही है। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उद्यमी शामिल होंगे। हम चाहते हैं कि आप सब लोग भी इस समिट में आएं और रामपुर में निवेश करें।
यह समिट करने का उद्देश्य ही यह है कि दूसरे प्रदेशों के उधमियों को उत्तर प्रदेश में निवेश करने के बारे में बताया जा सके। यहां उधमियों को क्या-क्या सुविधाएं सरकार की तरफ से मिलेंगी। जिससे रामपुर की बेरोजगारी की समस्या पूरी तरह से समाप्त हो सके। विधायक आकाश सक्सेना ने बताया कि उधमियों ने सकारात्मक वातावरण में बातचीत की है और वे रामपुर में निवेश करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि रामपुर में निवेश लाने के उनके प्रयास जारी रहेंगे।