Saharanpur: सड़क हादसे में घायल युवक की अस्पताल में मौत, परिजनों ने जताया संदेह
नागल क्षेत्र में गागलहेड़ी-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर घायल मिले युवक अशरफ की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन हादसे को संदिग्ध मान रहे हैं, हालांकि कोई तहरीर नहीं दी गई।
विस्तार
नागल क्षेत्र के गागलहेड़ी-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर गांव कोटा के पास मीरपुर मोहनपुर निवासी 27 वर्षीय अशरफ सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर से खून बह रहा था और वह बेहोश था। स्थानीय युवक ने राहगीरों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी।
यह भी पढ़ें: West UP Weather Update: 15 दिन बाद लौटा घना कोहरा, बारिश और ओलों से बढ़ी ठिठुरन, हाईवे पर थमी रफ्तार
हालत गंभीर होने पर किया गया रेफर
सीएचसी में चिकित्सकों ने अशरफ की हालत गंभीर बताकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे पीजीआई चंडीगढ़ ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर मुलाना अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने जताया हादसे पर संदेह
परिजन अशरफ की मौत को संदिग्ध मान रहे हैं। उनका कहना है कि वह अपने पड़ोसी नफीस के साथ बाइक से गांव लौट रहा था, लेकिन नफीस संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहा है। अशरफ के तीन महीने पहले जुड़वा बेटे हुए थे और वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।
पुलिस को नहीं मिली तहरीर
सीओ देवबंद अभितेष सिंह ने बताया कि इस मामले में थाने में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। परिजनों ने बिना कानूनी कार्रवाई के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
