संत को सांप ने काटा: नहीं मानी साधुओं की बात, की ये गलती और गंवानी पड़ी जान; कोबरा अस्पताल में जिंदा; Video
आश्रम के संयोजक लाला देवेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि आश्रम के महामंडलेश्वर ने मना किया था लेकिन विजय नहीं माने। थानाक्षेत्र के रहने वाले मृतक संत के भांजे राजीव कुमार मौके पर पहुंचे। उनकी सूचना पर परिवार वाले हाथरस से आ रहे हैं।
विस्तार
यूपी के संभल स्थित जुनावई थाना क्षेत्र के साधु मणी आश्रम पर शनिवार को कोबरा पकड़ने की कोशिश एक संत को भारी पड़ गई। कोबरा ने डस लिया। आसपास के लोग उन्हें जुनावई सीएचसी लेकर आए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सांप को पकड़ थैले में डाला
साधु मणी गंगा तट किनारे विष्णु धाम आश्रम पर माघ महीने में सैकड़ों साधु-संत कल्पवास के लिए आते हैं। हाथरस जनपद के निवासी संत विजय सिंह (60) भी कुछ दिन पहले आए थे। शनिवार दोपहर के समय आश्रम पर एक कोबरा दिखाई दिया। आश्रम के महामंडलेश्वर श्रीश्री 1008 रामानंद गिरि महाराज ने सभी संतों को सांप से दूर रहने की हिदायत दी। लेकिन, संत विजय सिंह ने सांप को पकड़ लिया और अपने थैले में भरने लगे।
प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टरों ने किया इलाज से इनकार
इसी दौरान सांप ने संत को डस लिया। लोग उन्हें लेकर गांव में प्राइवेट चिकित्सक के पास गए। डॉक्टर के मना करने पर उन्हें जुनावई सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई है। सीएचसी फार्मासिस्ट दिनेश कुमार ने बताया, संत अपने साथ सांप को थैले में भर कर साथ लेकर आए थे।
परिवार आ रहा हाथरस से
आश्रम के संयोजक लाला देवेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि आश्रम के महामंडलेश्वर ने मना किया था लेकिन विजय नहीं माने। थानाक्षेत्र के रहने वाले मृतक संत के भांजे राजीव कुमार मौके पर पहुंचे। उनकी सूचना पर परिवार वाले हाथरस से आ रहे हैं। थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि इस प्रकार की थाने में कोई सूचना नहीं है।
