Shahjahanpur News: 'पत्नी से चैटिंग करता था कमलेश, इसलिए मार डाला', आरोपी दोस्त ने कबूला जुर्म, भेजा गया जेल
शाहजहांपुर के अल्हागंज इलाके में कमलेश उर्फ कल्लू की हत्या उसके दोस्त ने की थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि कमलेश के उसकी पत्नी से प्रेम संबंध थे। वह उससे चैटिंग करता था।
विस्तार
शाहजहांपुर के अल्हागंज क्षेत्र के रावतपुर गांव के पंचायत भवन परिसर में कमलेश उर्फ कल्लू की डंडे से पीट-पीटकर हत्या के मामले में आरोपी दोस्त अनीस को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को पूछताछ में अनीस ने बताया कि कमलेश उसकी पत्नी से बातचीत करता था। उसने मोबाइल पर दोनों की चैटिंग देख ली थी। इसी खुन्नस में उसने बातचीत के बहाने बुलाकर कमलेश को मार डाला।
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि शुक्रवार की रात कमलेश की पंचायत भवन परिसर में हत्या कर दी गई थी। पिता जितेंद्र की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। कमलेश के परिजनों ने बताया था कि उन्हें कमलेश के गांव में ही रहने वाले दोस्त अनीस पर शक था। कमलेश का अनीस से किसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था। पुलिस ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश की। रावतपुर मोड़ से आरोपी अनीस को पकड़ा। कड़ाई से की गई पूछताछ के बाद अनीस ने वारदात को करना कबूल किया।
यह भी पढ़ें- अपनों ने दिया धोखा: एक ही युवक से दो सहेलियों को हुआ प्यार तो पनपी साजिश, जेठानी ने देवरानी को किया बदनाम
डंडे से ताबड़तोड़ किए थे वार
अनीस ने बताया है कि कमलेश उसकी पत्नी से मिलता-जुलता था। एक दिन दोस्त के मोबाइल में चैटिंग देख ली थी। फिर दोस्त को बातचीत करते और प्रेम संबंध बनाते भी देख लिया था। उसी समय से वह अपने दोस्त को मारने की योजना बना रहा था। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि 30 जनवरी की शाम सात बजे अनीस कमलेश को उसके घर से बुलाकर पंचायत भवन लाया। इसके बाद बरामदे में बैठकर उससे बातचीत की। कमलेश को अंदाजा भी नहीं था कि अनीस के दिमाग में क्या चल रहा है। वह बातचीत ही कर रहा था कि अचानक अनीस ने उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ डंडे बरसाने शुरू कर दिए।
उसका सिर फट गया और दांत टूट गए। उसकी मौत हो जाने के बाद अनीस वहां से भाग गया। डंडे को तालाब में फेंक दिया। वहीं, दूसरी ओर पोस्टमॉर्टम के बाद देर शाम घर पहुंचे कमलेश के शव को देखकर परिजन बिलख पड़े। पूरी रात परिजनों ने रोते-रोते काट दी। रविवार की सुबह भुड़िया गांव के किनारे रामगंगा नदी तट पर कमलेश के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा अरुण ने बताया कि आरोपी युवक को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
