Holi 2026: होली पर शाहजहांपुर में निकलेगा 'लाट साहब' का जुलूस, ढके गए धर्मस्थल; पुलिस ने किया रिहर्सल
शाहजहांपुर में होली पर कड़ी सुरक्षा के बीच लाट साहब का जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। जुलूस रूट के धर्मस्थलों को तिरपाल से ढका गया है। विवादित जगहों पर बैरिकेडिंग की गई है।
विस्तार
शाहजहांपुर में होली पर निकलने वाले जुलूस के लिए बड़े लाट साहब बना युवक रामपुर से आयोजकों के पास पहुंच गया। लाट साहब की खातिरदारी भी शुरू कर दी गई। मस्ती में चूर लाट साहब ने भैंसागाड़ी पर रखी जाने वाली अपनी कुर्सी को पेंट भी कर लिया है। लाट साहब पर जूते-चप्पल बरसाए जाएंगे। इस बार मुस्लिमों के साथ ही कई अन्य गणमान्य लोग व कमेटी के सदस्य भी फूल बरसाकर हुरियारों का स्वागत करेंगे। लाट साहब जुलूस के मार्ग पर धर्मस्थलों को तिरपाल से पहले ही ढक दिया गया है। पुलिस और प्रशासन ने मंगलवार को रिहर्सल कर तैयारियों को परखा है।
बड़े लाट साहब का जुलूस चौकसी से प्रारंभ होता है। जुलूस के करीब आठ किलोमीटर लंबे रास्ते पर आयोजन सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन को काफी मशक्कत करना पड़ती है। यहां पहुंचने के बाद बड़े लाट साहब शराब पीकर मस्ती में चूर रहने लगे हैं। आयोजकों के अनुसार, बड़े लाट साहब के लिए रामपुर के इस युवक के अलावा एक अन्य व्यक्ति भी रिजर्व में रखा गया है। बड़े लाट साहब बने युवक का मंगलवार को चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया।
आयोजक संजय वर्मा ने बताया कि पूर्व में किला मोहल्ले से निकलने पर जुलूस का मुस्लिम समुदाय के लोग फूलों से स्वागत करते थे, लेकिन इस बार स्वागत वाले प्वाइंट बढ़ाए गए हैं। संजय के अनुसार, छोटे चौक में कमेटी की ओर से स्वागत होगा। सीता की मठिया के पास सतेंद्र रावत, किले पर मेंहदी हसन फूल बरसाएंगे। इसी तरह पूर्व मंत्री कृष्णाराज के आवास के नजदीक, एवी रिच स्कूल, सपा कार्यालय के सामने, अंटा चौराहा के आगे अस्पताल के पास, कृष्णा नगर मंदिर के पास और खिरनीबाग पर व्यापारी नेता अनीस खां जुलूस पर फूल बरसाएंगे।
विवादित जगहों पर टिनशेड लगाकर बैरिकेडिंग कराई
रविवार को डीएम-एसपी समेत लाट साहब के जुलूस के आयोजकों ने आठ किलोमीटर के रूट का भ्रमण कर जायजा लिया था। इस बीच सड़कें दुरुस्त की गईं। वहीं कुछ जगह ऐसी मिलीं, जहां विवाद की वजह से निर्माण कार्य रोकने से वहां ईंट आदि पड़े थे। ऐसे स्थानों पर टिनशेड लगाकर बैरिकेडिंग कराई गई है।
जुलूस के दौरान रूट रहेगा पूर्णता बंद
होली पर छोटे-बड़े लाट साहब के जुलूस के दौरान वाहनों का संचालन बंद रखा जाएगा। इसके लिए बैरिकेडिंग करते हुए रूट का डायवर्जन करने की तैयारी की गई है। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई हैं। आपातकालीन वाहनों को छोड़कर उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने बताया कि बड़े लाट साहब का जुलूस चौक कोतवाली से चारखंभा, केरुगंज तिराहा, खिरनीबाग चौराहा, बाबा विश्वनाथ मंदिर, शहीद पार्क के सामने से होते हुए पंखी चौराहा, घंटाघर चौराहा से मालखाना मोड़ होते हुए पटी गली सरौंदी बंगला तक जाएगा। इसके लिए राजघाट तिराहा, बांसमंडी तिराहा, जीआईसी तिराहा, पीडब्ल्यूडी तिराहा, गोविंदगंज, आवास विकास तिराहा, लाल इमली चौराहा, दुर्गा तिराहा, कवि तिराहा, कनौजिया तिराहा, सरौंदी बंगला, लोधीपुर पुल, अजीजगंज, बरेली मोड़, शहीद उधान, अंटा चौराहा पर बैरिकेडिंग कर यातायात को पूरी तरह से बंद किया जाएगा।
एसपी ने बताया कि छोटे लाट साहब का जुलूस सराय काइयां तिराहा से पक्का पुल, पुत्तूलाल चौराहा से पुनः सराय काइयां जाकर समाप्त होगा। इसके लिए हरदोई चौराहा, ग्रीन वैली चौराहा, पुत्तूलाल ओवरब्रिज के नीचे, हथौड़ा चौराहा, हनुमतधाम नया पुल पर बैरिकेडिंग कर यातायात को पूर्णतः बंद किया जाएगा। एसपी ने बताया कि हाथीथान से निकलने वाले लाट साहब जुलूस के लिए गदियाना तिराहा, मछली मंडी तिराहा, अशफाक नगर तिराहा, सत्यपाल पेट्रोल पंप, रेलवे स्टेशन के आगे बैरिकेडिंग कर यातायात को बंद किया जाएगा।
शहर में प्रवेश का रूट, इधर से आएंगे वाहन
शहर में प्रवेश के लिए बरेली मोड़, हरदोई चौराहा से अंदर की ओर आने वाले सभी वाहन हाईवे से अटसलिया पुल, हथौड़ा चौराहा, जीआईसी तिराहा होते हुए पीडब्ल्यूडी तिराहा की ओर से रोडवेज बस स्टैंड आ सकेंगे। नगरिया मोड़ की ओर से आने वाले हल्के वाहन स्मार्ट रोड से मालगोदाम, रेलवे स्टेशन द्वितीय गेट से रेलवे स्टेशन फटकिया क्रॉसिंग तक आ सकेंगे।
रिंग रोड होते हुए जाएंगे वाहन
निगोही, पुवायां, खुटार से आने वाले वाहन मछली मंडी से रिंग रोड होते हुए हथौड़ा चौराहा, अटसलिया की तरफ से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। शहर से बाहर जाने के लिए रोडवेज बस स्टैंड की तरफ से हरदोई मोड़, बरेली मोड़ के लिए पीडब्ल्यूडी तिराहा से हथौड़ा चौराहा से अटसलिया होते हुए जाएंगे। रेलवे स्टेशन की ओर से बरेली जाने वाले छोटे हल्के वाहन मालगोदाम से स्मार्ट रोड से नगरिया मोड़ होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे। रोडवेज बस स्टैंड की ओर से निगोही, खुटार, पुवायां की ओर जाने वाले पीडब्ल्यूडी तिराहा से हथौड़ा चौराहा, फिर रिंग रोड होते हुए मछली मार्केट की ओर से अपने गंतव्य को जाएंगे।
