Shahjahanpur News: गंगा एक्सप्रेसवे पर फर्राटेदार सफर कर रोमांचित हुए लोग, एक घंटे में पहुंचे हरदोई
शाहजहांपुर जिले के हजारों लोग बुधवार को गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने हरदोई पहुंचे। पहली बार एक्सप्रेसवे पर सफर कर लोग उत्साहित दिखे। प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल तक लोगों को ले जाने के लिए करीब 250 बसों की व्यवस्था की थी।
विस्तार
गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम और प्रधानमंत्री के उद्बोधन का साक्षी बनने के लिए शाहजहांपुर जिले के हजारों लोग बुधवार को हरदोई पहुंचे। पहली बार गंगा एक्सप्रेसवे का फर्राटेदार सफर कर लोग उत्साहित नजर आए, बाद में सफर कर रोमांचित हो उठे। कई लोगों ने एक्सप्रेसवे से प्रयागराज जाकर गंगा नहाने की इच्छा भी जताई।
लोगों को कार्यक्रम स्थल तक ले जाने के लिए प्रशासन ने विभिन्न डिपो की करीब 250 बसों की व्यवस्था कराई थी। अधिकारियों की निगरानी में गांवों से लोग सुबह करीब साढ़े पांच बजे सभी रवाना हुए। सुबह सात बजे गंगा एक्सप्रेसवे के जलालाबाद स्थित इंटरचेंज के टोल प्लाजा पर शाहजहांपुर की ओर से सवारियों से भरी चार सरकारी बसें आकर रुकीं।
बसों में सवार लोग एक्सप्रेसवे को देखने और उसे अपने मोबाइल के कैमरे में कैद करने के लिए नीचे उतर आए। टोल प्लाजा पर पहले से ही मौजूद विभिन्न विभागों के कर्मचारी इन बसों की तरफ जाकर उसमें बैठे पुलिसकमीं से बस में सवार लोगों की संख्या की जानकारी कर पानी की बोतल, फल व खाने के पैकेट पहुंचाने में जुट गए। कुछ ही देर में वहां एक-एक कर बसों की संख्या बढ़ती गई। एसडीएम प्रभात राय व सीओ अजय राय की देखरेख में कर्मचारी अपने काम को और तेजी से अंजाम देने में जुट गए।
लोगों में दिखा उत्साह
टोल प्लाजा से पहले दोनों ओर दो बड़े स्टॉल लगाए गए थे, जिन पर बसों पर सवार लोगों को देने के लिए पानी, फल व भोजन के पैकेट रखे जाने की व्यवस्था की गई थी। तापमान बढ़ने के साथ ही बस में सवार लोगों पर गर्मी का असर दिखाई देने लगा। ऐसे में लोग बसों में ही बैठे रहे। इसके बावजूद कार्यक्रम में जाने को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा था।
इस दौरान कई बार मोदी-योगी जिंदाबाद के नारे भी गूंजते रहे। शाम चार बजे बसों के कार्यक्रमस्थल से लौटने का सिलसिला शुरू हो गया। कार्यक्रम से लौटे भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष पंकज गुप्ता के अलावा इसी बस से आए करनापुर के गोविंद अवस्थी, जलालाबाद निवासी सुधीर गुप्ता व नरेश शर्मा ने बताया कि हर जगह बेहतर व्यवस्था के चलते किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। गंगा एक्सप्रेसवे से गुजरना बहुत ही सुखद अनुभव रहा। बस रफ्तार से चल रही थी फिर भी धीमी लग रही थी। रास्ते में ड्राइवर को कहीं ब्रेक लेने की जरूरत नहीं पड़ी। एक्सप्रेसवे जिले की तरक्की का नया अध्याय लिखेगा।
दूसरे वाहनों को नहीं मिली एंट्री
गंगा एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर पुलिस बल तैनात रहा। कार्यक्रम के समापन के बाद जब सभी बसे वापस आ गईं तभी पुलिस हटाई गई। प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि पुलिस बल की तैनाती इसलिए भी रखी गई थी ताकि कोई अन्य वाहन बुधवार को एक्सप्रेसवे पर न पहुंच जाए। कार्यक्रम से वापस आने वाली बसों की भी एंट्री किए जाने के निर्देश दिए गए थे।
सुबह चार बजे से जुट गए अधिकारी
मंगलवार को दिनभर तैयारी कराने के बाद बुधवार को सुबह चार बजे से अधिकारी बसों को सकुशल रवाना कराने में जुट गए थे। एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्रा सुबह चार बजे से पूरी कवायद की निगरानी करते रहे। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह भी नजर बनाए रहे। सभी ब्लॉकों में बसों को शाम को ही भेज दिया गया। करीब 1:15 बजे प्रधानमंत्री रैली स्थल से रवाना हुए। इसके बाद लोग अपने-अपने क्षेत्र की बसों में आकर बैठ गए। रास्ते में फिर सभी बसों में खाने के पैकेट वितरित किए गए। जनपद के अधिकारी सभी गतिविधियों पर नजर रखे रहे।
एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र ने बताया कि प्रशासन की निगरानी में सभी बसों को रवाना किया गया। बीडीओ को उनके क्षेत्र की बसों के साथ भेजा गया। अन्य अधिकारी लोगों की सुविधा पर नजर रखे रहे। भोजन-पानी की पर्याप्त व्यवस्था की गई।
एक घंटे में तय किया हरदोई तक का सफर
जलालाबाद के डोलापुर निवासी लेखराज ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे पर सफर का मौका मिला है। क्षेत्र के लिए यह एक्सप्रेसवे किसी सपने के सच होने जैसा है। हरदोई का सफर सिर्फ एक घंटे में पूरा हो गया। कोला गांव की रामकली ने कहा कि कार्यक्रम में ले जाने खाने-पीने से लेकर बैठने तक की अच्छी व्यवस्था थी। पहली बार किसी एक्सप्रेसवे पर सफर करने तथा प्रधानमंत्री को सुनने का मौका मिला। एक बार इस एक्सप्रेसवे से प्रयागराज जाने की इच्छा है।
गांव नवाजपुर के वरुण गिरि ने बताया कि प्रधानमंत्री हमेशा देश के विकास के लिए सोचते हैं, उत्तर प्रदेश का सबसे लंबा गंगा एक्सप्रेसवे इसका उदाहरण है। गंगा एक्सप्रेसवे से प्रदेश के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। प्रधानमंत्री के विचारों को सुनकर बहुत अच्छा लगा। गांव अंडहा के देवीलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचारों को सुनने के लिए हरदोई गया था। प्रधानमंत्री आम आदमी की चिंता करते हैं। जिले के विकास में एक्सप्रेस वे बड़ी भूमिका अदा करेगा। प्रयागराज से लेकर मेरठ तक सफर बहुत कम समय में होगा।
रूट डायवर्जन मंगलवार को शाम छह बजे से लागू हो गया। डायवर्जन वाले स्थानों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी थी। जनपद में गंगा एक्सप्रेसवे थाना गढ़िया रंगीन में प्रवेश करता है। यहां से एक्सप्रेसवे पर आवागमन प्रतिबंधित रहा। अल्हागंज क्षेत्र में हुल्लापुर चौराहा से जनपद स्थित कार्यक्रम स्थल के जाने वाली बसें हुल्लापुर से याकूबपुर तिराहा होते हुए गंगा एक्सप्रेसवे से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचीं।
जनपद फर्रुखाबाद की ओर जाने वाली बसें हुल्लापुर चौराहे से रूपापुर कट के माध्यम से गंगा एक्सप्रेसवे होते हुए गईं। चार पहिया वाहनों के अतिरिक्त किसी भी प्रकार के भारी वाहन का हुल्लापुर-रूपापुर मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित रहा। थाना कांट क्षेत्र की कुर्रियाकलां चौकी से हरदोई जनपद की ओर जाने वाले भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहा। सहालग के सीजन में लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
हरदोई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में गई 115 रोडवेज बसों के चलते यात्रियों को पूरे दिन दुश्वारियां सहन करना पड़ी। लंबे रूट से लेकर लोकल मार्ग तक पर परेशानी रही। शाम को बसों के लौटने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। प्रधानमंत्री की रैली को देखते हुए शाहजहांपुर डिपो की आधी बसें हरदोई के मल्लावा में मंगलवार की सुबह भेज दी गई थीं। बसों के जाने के चलते दो दिन से यात्रियों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।
बुधवार को हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर समेत लोकल रूट पर भी बसों का टोटा रहा। वहीं दिल्ली समेत कई लंबे रूट की बसें नहीं होने से यात्री इंतजार करते रहे। सिंधौली से आए संतराम ने बताया कि वह काफी देर से लखनऊ जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई बस नहीं आई है। एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि बसें आने के बाद संचालन पूर्व की तरह शुरू करा दिया गया है।
