Shravasti News: तेंदुए ने युवक पर किया हमला, हालत नाजुक; कुछ ही देर में आदमखोर की भी रुक गईं सांसें
श्रावस्ती में तेंदुए ने युवक पर हमला करके घायल कर दिया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। कुछ ही देर में आदमखोर की भी सांसें रुक गईं। आगे पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के श्रावस्ती में सिरसिया-तुलसीपुर मार्ग से बाबा विभूतिनाथ मंदिर जाने वाले रास्ते पर मंगलवार को राहगीर पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, कुछ देर बाद ही तेंदुए ने भी दम तोड़ दिया। वनकर्मियों ने तेंदुए के शव को रेंज कार्यालय पहुंचाया। घायल युवक को चिकित्सकों ने बहराइच के लिए रेफर कर दिया है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के कुथनी के मजरा साईंपुरवा गांव निवासी गुलाम (18) मंगलवार को गांव-गांव फेरी लगाकर बुढ़िया का बाल (सुगर कैंडी) बेंचने गया था। दोपहर में वह वापस घर लौट रहा था। सिरसिया-तुलसीपुर मार्ग स्थित बाबा विभूतिनाथ मंदिर के मुख्य द्वार से मंदिर जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे स्थित बगीचे के पास छिपे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
लोगों को देख तेंदुआ भाग गया
शोर सुनकर ग्रामीण उसे बचाने के लिए भागकर पहुंचे। लोगों को देख तेंदुआ युवक को छोड़कर भागा। कुछ दूर जाकर खेत में गिर गया। परिजनों ने घायल युवक को सिरसिया, सीएचसी पहुंचाया। यहां पर चिकित्सक डॉ. सत्यशरण ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर उसे जिला अस्पताल, भिनगा के लिए रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय में उसकी हालत में सुधार न होता देख चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कालेज, बहराइच के लिए रेफर कर दिया।
डॉ. राहुल शुक्ला ने बताया कि युवक की आंख गंभीर रूप से जख्मी है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ना चाहा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वन विभग की टीम तेंदुए के शव को लेकर पूर्वी सोहेलवा रेंज कार्यालय लेकर चली गई। वहीं, सीओ भिनगा भरत पासवान ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
मादा तेंदुए ने किया था हमला
डीएफओ गौरव गर्ग ने बताया कि मादा तेंदुआ अपने युवावस्था में थी। उसके शरीर पर फंगल इन्फेक्शन मिला है। इसी वजह से शायद वह हमलावर हुई होगी। सैंपल लेकर जांच के लिए बरेली लैब भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने पर ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।