सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Sitapur News ›   Council schools run out of gas, MDM cooked using stoves

Sitapur News: परिषदीय स्कूलों में गैस खत्म, चूल्हे के सहारे एमडीएम

संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर Updated Thu, 12 Mar 2026 01:48 AM IST
विज्ञापन
Council schools run out of gas, MDM cooked using stoves
कोट चौराहे के पास नवाब गैस एजेंसी के बाहर गैस​ सिलिंडर लेकर खड़े उपभोक्ता।
विज्ञापन
सीतापुर। जिले में एलपीजी सिलिंडर की किल्लत का असर अब परिषदीय विद्यालयों की रसोई तक पहुंच गया है। कई स्कूलों में गैस खत्म होने से मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) नहीं बन पा रहा है। ऐसे में बच्चों को बिस्कुट व केला बांटकर काम चलाया जा रहा है, जबकि कुछ विद्यालयों में लकड़ी के चूल्हे जलाकर जैसे-तैसे भोजन तैयार कराया जा रहा है। कई स्कूलों में एक-दो दिन की ही गैस बची है, जिससे एमडीएम व्यवस्था पर संकट गहराने लगा है।
Trending Videos



रसोइयों का कहना है कि सूखी लकड़ियां न मिलने से चूल्हा जलाना भी मुश्किल हो रहा है। किसी तरह चूल्हा जल भी जाए तो आग बनाए रखना चुनौती बन जाता है। चूल्हे पर भोजन बनने से बच्चों को खाना मिलने में भी देरी हो रही है। कुछ स्कूलों में रसोइयों ने लकड़ी के चूल्हे पर भोजन बनाने से इनकार तक कर दिया है। प्रधानाध्यापक गैस संकट की जानकारी खंड शिक्षा अधिकारियों (एबीएसए) को दे रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन




जहांगीराबाद में बिस्कुट खाकर बच्चों ने मिटाई भूख

बिसवां ब्लॉक के जहांगीराबाद कंपोजिट विद्यालय में बुधवार को गैस न होने से एमडीएम नहीं बन सका। प्रधानाध्यापिका बेबी फिरदौस ने बताया कि 147 बच्चों को बाजार से बिस्कुट मंगाकर बांटने पड़े। वहीं प्राथमिक विद्यालय प्रथम की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका गुलशन बानो ने बताया कि फिलहाल कुछ दिनों की गैस बची है। बुधवार को उपस्थित 78 बच्चों को एमडीएम दिया गया।



बराईखेरा में बिस्कुट, भदेशिया में बांटा केला

रामपुर कला क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बराईखेरा, भदेशिया, शिवरा, मधवापुर व रामपुरकला में गैस खत्म होने से एमडीएम नहीं बन पा रहा है। बराईखेरा में बुधवार को 60 बच्चों को बिस्कुट दिए गए। प्रधानाध्यापिका शशिबाला ने बताया कि गैस खत्म होने से भोजन नहीं बन सका। भदेशिया प्राथमिक विद्यालय में 80 बच्चों को केला वितरित किया गया। प्रभारी प्रधानाध्यापक देवमणि ने बताया कि गैस उपलब्ध होने तक बच्चों को फल, दूध या बिस्कुट देना पड़ रहा है।



ईंटों के चूल्हे पर लकड़ी जलाकर बनाया भोजन

खैराबाद ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय मुलाहिमपुर में गैस खत्म होने के बाद बुधवार को ईंटों के चूल्हे पर लकड़ी जलाकर मध्यान्ह भोजन बनाया गया। प्रधानाध्यापिका अन्नपूर्णा ने बताया कि विद्यालय में 356 बच्चे पंजीकृत हैं। रसोइया रेखा और सुनीता ने बताया कि चूल्हा जलाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। खैराबाद एबीएसए संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि ब्लॉक के 10 विद्यालयों से गैस खत्म होने की सूचना मिली है, जिसकी जानकारी जिलाधिकारी को दे दी गई है।



चूल्हे के धुएं से बच्चों को हुई परेशानी

सकरन ब्लॉक के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय दुगाना में गैस न मिलने पर लकड़ी के चूल्हे पर एमडीएम बनाया गया। इससे उठे धुएं के कारण बच्चों को परेशानी हुई। प्राथमिक विद्यालय पल्हरी, नकैला, इस्माइलपुर, बोहरा प्रथम, मिदनिया, जल्लाबाद, धनावा, लखनियापुर और अम्बावा में भी गैस सिलिंडर की कमी की शिकायत मिली है। सकरन एबीएसए ओंकार सिंह ने बताया कि जिन विद्यालयों में गैस नहीं है, वहां से सूचना मांगी गई है।



महोली क्षेत्र के स्कूलों में भी संकट

महोली ब्लॉक के कई परिषदीय स्कूलों में गैस न मिलने से एमडीएम पर संकट मंडरा रहा है। प्राथमिक विद्यालय पीतमपुर ग्रंट के प्रधानाध्यापक आदित्य वर्मा ने बताया कि दो दिन से सिलिंडर के लिए प्रयास कर रहे हैं। प्राथमिक विद्यालय उरदौली द्वितीय के प्रधानाध्यापक आदित्य मिश्रा ने बताया कि गैस न मिलने से भोजन बनने में बाधा आ सकती है। एबीएसए वीरेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि संभावित समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।



मोहद्दीनपुर में चूल्हे पर बना एमडीएम

लहरपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मोहद्दीनपुर में गैस समाप्त होने के बाद लकड़ी के चूल्हे पर भोजन बनाया गया। प्रधानाध्यापक शफी अहमद ने बताया कि गैस न मिलने से चूल्हे का सहारा लेना पड़ा। केसरी गंज, नयागांव बेहटी और छावनी विद्यालयों में भी एक-दो दिन की गैस बची है। खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्रनाथ प्रजापति ने बताया कि कई विद्यालयों से गैस खत्म होने की सूचना मिली है।



खैराबाद में गैस के लिए लंबी लाइन, कई लौटे बैरंग

खैराबाद की राधा कृष्णा गैस एजेंसी पर बुधवार को सिलिंडर वितरण के दौरान करीब एक किलोमीटर लंबी लाइन लगी रही। मोहम्मद रफी ने बताया कि सुबह सात बजे लाइन में लगे थे, दोपहर दो बजे के बाद सिलिंडर मिला। एजेंसी पर मंगलवार शाम 300 सिलिंडर की खेप पहुंची थी, जबकि 1100 उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित है। ऐसे में कई लोगों को लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed