UP: अफसरों की लोकेशन देकर अवैध गिट्टी परिवहन कराने वाले गिरोह पर शिकंजा, चार शातिर अरेस्ट; तीन वाहन सीज
अधिकारियों की लोकेशन देकर अवैध गिट्टी परिवहन कराने वाले गिरोह पर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चार पासरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तीन चारपहिया वाहन भी सीज किए गए। यह गिरोह सितंबर 2025 में पुलिस और खान विभाग की टीम पर वाहन चढ़ाने की कोशिश के मामले में चर्चा में आया था। पुलिस के अनुसार, गिरोह वर्ष 2023 से सक्रिय था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: सोनभद्र जिले में अवैध गिट्टी और बालू परिवहन कराने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह गिरोह पिछले तीन वर्ष से अधिक समय से अधिकारियों की लोकेशन उपलब्ध कराकर ओवरलोड और अवैध खनन से जुड़े वाहनों को सुरक्षित निकलवाने का काम कर रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन चारपहिया वाहन भी बरामद कर सीज कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, सितंबर 2025 में वाहन चेकिंग के दौरान इस गिरोह से जुड़े लोगों ने पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम पर वाहन चढ़ाकर कुचलने का प्रयास किया था। उस मामले में भी कार्रवाई की गई थी। अब गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की गई है।
सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज रामस्वरूप वर्मा और एसओजी प्रभारी नागेश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार सुबह चुर्क कॉलोनी के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास तीन चारपहिया वाहन मिले, जिनके संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने तीनों वाहनों को सीज कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी निवासी अरमान खान, रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के परही निवासी आरिफ खान, मिर्जापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के लूसा निवासी एवं वर्तमान में मारकुंडी निवासी रंजीत कुमार उर्फ नेता यादव तथा मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के दारानगर निवासी एवं वर्तमान में ब्रह्मनगर कॉलोनी, रॉबर्ट्सगंज निवासी दिनेश्वर केशरी उर्फ भोनू केशरी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, अरमान खान के खिलाफ विभिन्न थानों में आठ, आरिफ खान पर तीन, रंजीत कुमार उर्फ नेता यादव पर दो और दिनेश्वर केशरी उर्फ भोनू केशरी पर चार मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है तथा अवैध खनन और परिवहन से जुड़े नेटवर्क पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।