{"_id":"69c9331facb9bdcd50003979","slug":"engineer-killed-as-truck-hits-car-going-to-ambikapur-2026-03-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sonbhadra Accident: अंबिकापुर जा रही कार को ट्रक ने मारी टक्कर, इंजीनियर की मौत, पत्नी-बेटा घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sonbhadra Accident: अंबिकापुर जा रही कार को ट्रक ने मारी टक्कर, इंजीनियर की मौत, पत्नी-बेटा घायल
अमर उजाला नेटवर्क, सोनभद्र
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Sun, 29 Mar 2026 07:41 PM IST
विज्ञापन
सार
झारखंड प्रांत के रांची सीमोड के रहने वाले किशोर कुमार चौधरी छत्तीसगढ़ में इंजीनियर हैं। पत्नी नीतू देवी (33) और तीन वर्षीय बेटे वैदिक के साथ झूंसी प्रयागराज स्थित ससुराल कार से गए हुए थे। वहां से वह रविवार को अंबिकापुर के लिए वापस आ रहे थे।
Accident demo
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
चोपन थाना क्षेत्र के चोरपनिया गांव के पास रविवार की दोपहर बाद दूसरे (रांग) साइड से आ रहे ट्रक की टक्कर से जहां कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं, कार चला रहे इंजीनियर किशोर कुमार चौधरी (38) की उसी में दबकर मौत हो गई। पत्नी-बच्चे भी घायल अवस्था में देर तक कार के भीतर ही फंसे रहे। जेसीबी की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन ले जाया गया। बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। उधर, हादसे के बाद ट्रक खड़ा कर चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
Trending Videos
झारखंड प्रांत के रांची सीमोड के रहने वाले किशोर कुमार चौधरी छत्तीसगढ़ में इंजीनियर हैं। पत्नी नीतू देवी (33) और तीन वर्षीय बेटे वैदिक के साथ झूंसी प्रयागराज स्थित ससुराल कार से गए हुए थे। वहां से वह रविवार को अंबिकापुर के लिए वापस आ रहे थे। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे के करीब कार जैसे ही परासपानी-जवाडीडांड़ के बीच चोरपनिया गांव के करीब पहुंची। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर रांग साइड से आ रही ट्रक ने तेजी से धक्का मार दिया। इससे जहां कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं वह सड़क से नीचे खेत में जा गिरी।
विज्ञापन
विज्ञापन
टक्कर के चलते आगे का हिस्सा पूरी तरह दब जाने के कारण कार चला रहे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं पत्नी और बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। रास्ते से गुजर रहे लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची तो देखा कि दोनों अंदर फंसे हुए हैं। जेसीबी की मदद लेकर दोनों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भेजा गया। एक तरफ घायल पड़ा मासूम बेटा, दूसरी तरफ मृत पड़े पति को देखते हुए अस्पताल पहुंचने के बाद भी पत्नी की हालत रह-रहकर बेसुधों वाली बनती रही। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज रवाना कर दिया गया।
चोपन थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा के मुताबिक मृतक के घर वालों को घटना की जानकारी भेज दी गई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।