UP में बड़ी वारदात: महाराष्ट्र बैंक में दिनदहाड़े घुसे असलहाधारी, लाखों रुपये लूटकर फरार; फायरिंग-मारपीट से दहशत
Sonbhadra News: पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी मनीष खत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर पहलू की गहराई से जांच की जाए और किसी भी संदिग्ध को बख्शा न जाए।
विस्तार
UP Crime: सीमा से सटे मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिला मुख्यालय बैढ़न में शुक्रवार दोपहर असलहाधारी लुटेरों ने बैंक आफ महाराष्ट्र में धावा बोलकर लाखों रुपए लूट लिए। इस दौरान उन्होंने फायरिंग की और कर्मचारियों व ग्राहकों से मारपीट भी किया। बदमाशों ने कितने की लूट किया तत्काल इस पर स्थिति साफ नहीं हो पाई लेकिन बड़ी रकम की चर्चा है।
शहर के व्यस्त इलाके विंध्यनगर-बैढन मार्ग में संचालित महाराष्ट्र बैंक में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। इतनी अचानक और भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बदमाशों ने बंदूक की नोक पर बैंक के कर्मचारियों को बंधक बना लिया, अंदर फायरिंग की और मारपीट करते हुए लाखों रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया। एसपी मनीष खत्री खुद मौके पर पहुंचे और भारी पुलिस बल के साथ पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और बदमाशों की तलाश के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने की कार्रवाई
शुक्रवार दोपहर के समय जब बैंक में सामान्य कामकाज चल रहा था और ग्राहक अपने-अपने काम में व्यस्त थे, तभी अचानक 5 हथियारबंद बदमाश बैंक परिसर के आसपास पहुंच गए। इनमें से एक बदमाश बाहर निगरानी के लिए खड़ा रहा, जबकि बाकी चार बदमाश तेजी से बैंक के अंदर घुस गए। अंदर घुसते ही बदमाशों ने हथियार लहराते हुए कर्मचारियों और ग्राहकों को डराना शुरू कर दिया।
चंद सेकंड में ही पूरे बैंक का माहौल बदल गया। लोगों को समझ ही नहीं आया कि आखिर हो क्या रहा है। बदमाशों ने सभी कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर कब्जे में ले लिया और किसी को भी हिलने-डुलने तक की इजाजत नहीं दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने बैंक के अंदर फायरिंग भी की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की, ताकि कोई उनका विरोध न कर सके। इस दौरान बैंक में मौजूद ग्राहकों को भी जमीन पर बैठा दिया गया और किसी को मोबाइल निकालने तक की अनुमति नहीं दी गई। बदमाशों ने कुछ ही मिनटों में बैंक के कैश काउंटर को निशाना बनाया और लाखों रुपये समेट लिए।
हालांकि लूट की सही राशि का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक यह रकम काफी बड़ी बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश तेजी से मौके से फरार हो गए। उनके भागने का तरीका इतना सुनियोजित था कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे इलाके से निकल चुके थे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, नाकाबंदी शुरू
घटना की सूचना मिलते ही बैढ़न थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। कुछ ही देर में पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
पूरे बैंक परिसर को पुलिस ने घेर लिया और अंदर मौजूद कर्मचारियों एवं ग्राहकों से पूछताछ शुरू की गई। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अलर्ट जारी करते हुए चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं और मुख्य मार्गों पर सघन जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। इसके अलावा स्पेशल टीमों का गठन कर बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस की बैंक के अंदर और आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।
इसके अलावा शहर के अन्य प्रमुख स्थानों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों की गतिविधियों का पूरा ट्रैक मिल सके। संभावना जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले से पूरी रेकी की थी और बैंक की गतिविधियों पर नजर रखी थी। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इस वारदात में किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।

कमेंट
कमेंट X