UP Crime: नौकरी से निकाले जाने से नाराज था मिस्त्री, पत्थर से सिर कूंचकर की थी क्रशर प्लांट संचालक की हत्या
Sonbhadra News: सोनभद्र पुलिस ने क्रशर प्लांट संचालक की हत्या का खुलासा कर दिया है। नौकरी से निकाले जाने के प्रतिशोध में मिस्त्री ने ही संचालक की हत्या की थी।
विस्तार
सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र स्थित गिरधर सीमेंट्स लिमिटेड परिसर में हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सर्विलांस, एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने हत्या व चोरी के मामले में वांछित आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी श्रवण सिंह उर्फ श्रवण गोंड ने कंपनी संचालक के चाचा विष्णु हरि उपाध्याय की पत्थर से वार कर हत्या की थी। घटनास्थल से लगभग 300 मीटर दूर नाले और झाड़ियों में छिपाकर रखे गए मॉनिटर, प्रिंटर सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले कंपनी में करीब दो वर्ष तक मिस्री (राजमिस्त्री) के पद पर कार्यरत था। नौकरी से निकाले जाने और डांट-फटकार के कारण मृतक से उसकी रंजिश हो गई थी। इसी बदले की भावना में उसने वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी मे कबूल किया गुनाह
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 7 फरवरी की रात वह बाउंड्री कूदकर परिसर में दाखिल हुआ और बरामदे में सो रहे विष्णु हरि उपाध्याय के सिर पर पत्थर से तीन-चार बार वार कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने ऑफिस का ताला खोलकर करीब 6500 रुपये नकद और मोबाइल फोन चोरी कर लिया। पहचान छिपाने के लिए उसने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और मॉनिटर व प्रिंटर को नाले की झाड़ियों में छिपा दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए कई टीमें लगाई गई थीं। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
