UP: 20 लाख की चोरी के बाद चोरों ने मनाई पार्टी, पहाड़ी पर मिली टूटी अटैचियां; शराब और पानी की खाली बोतलें
सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र के बाड़ी गांव में चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर करीब 20 लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद पहाड़ी पर टूटी हुई अटैचियां बरामद हुईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत बाड़ी गांव में बंद मकान का ताला तोड़कर चोर करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह हुई। एएसपी अनिल कुमार सहित पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
बाड़ी निवासी मनोज चौबे दिल्ली में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी रीना चौबे इन दिनों गांव आई हुई हैं। बृहस्पतिवार की रात वह अपनी जेठानी के घर सोने चली गई थीं। शुक्रवार सुबह मनोज के पिता जगदीश चौबे घर पहुंचे। वर्कशॉप का ताला खोलने के बाद जब वह मकान के अंदर गए तो कमरे, आलमारी और बक्सों के ताले टूटे मिले, सामान बिखरा पड़ा था।
पीछे के गेट का ताला भी टूटा मिला, जिससे चोरी की जानकारी हुई। घटना की सूचना तत्काल डाला पुलिस और डायल-112 को दी गई। रीना चौबे की तहरीर के अनुसार चोर सोने का हार, चार कंगन, कान के झाले, टीका, नथ, लॉकेट, नाक की कीलें, चांदी की पायल, अंगूठे, छह चांदी के सिक्के, चांदी के बर्तन समेत करीब 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण चोरी कर ले गए।
पुलिस ने घर के पीछे स्थित पहाड़ी पर छानबीन की तो कुछ दूरी पर तीन टूटी अटैचियां, कपड़े और महत्वपूर्ण कागजात बरामद हुए। अटैचियों के लॉक टूटे मिले। मौके से शराब और पानी की खाली बोतलें भी मिली हैं। सूचना पर एएसपी अनिल कुमार, चोपन प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस का अनुमान है कि चोर मकान के पीछे की ओर से छत के रास्ते घर में घुसे और वारदात को अंजाम दिया। एएसपी अनिल कुमार ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।