UP Accident: सोनभद्र में अनियंत्रित बाइक खाई में गिरी, दो युवकों की मौत; ट्रक और ट्रेलर की टक्कर में दो घायल
Sonbhadra News: सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर पटवध गांव के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में विकास गोंड और मनीष गोंड की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हिंदुआरी के पास ट्रक और ट्रेलर की जोरदार टक्कर में दोनों चालक गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Accident News: वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर चोपन थाना क्षेत्र के पटवध गांव के पास शनिवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार विकास गोंड (20) और मनीष गोंड (22) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार गुरमा कॉलोनी के मझियान बस्ती निवासी विकास और मनीष पल्सर बाइक से गुरमा से चोपन की ओर जा रहे थे। जब वे पटवध स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी सड़क के तीव्र मोड़ पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया। तेज गति होने के कारण बाइक सीधे सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और दोनों युवकों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर गुरमा चौकी पुलिस और चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज लोढ़ी भेज दिया। चोपन थाना प्रभारी गोपालजी गुप्ता ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और बाइक के अनियंत्रित होने के कारण हुआ है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उधर, जिले में शुक्रवार रात एक और सड़क हादसा सामने आया। हिंदुआरी के पास ट्रक और ट्रेलर की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज लोढ़ी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया गया।
लगातार हो रहे सड़क हादसों से लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और खतरनाक मोड़ों पर चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है।