मोतिगरपुर। ढेमा गांव में सोमवार दोपहर एक ट्रांसफार्मर में हुई शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से करीब 26 किसानों की 51 बीघे गेहूं की फसल राख हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, ढेमा गांव के निकट स्थित इंद्रजीत वर्मा के खेत में लगे ट्रांसफार्मर में सोमवार दोपहर अचानक शॉर्ट सर्किट से चिंगारी निकलने लगी। आसपास गेहूं के खेतों में लगी फसल में चिंगारी पड़ने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप धारण कर लिया। बड़ी संख्या में किसान आग बुझाने के लिए खेतों की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका।
आग लगने से मलिकपुर बखरा के किसान सूबेदार, मायावती, शकील, सलीम, झिनकू, इब्राहिम, प्रेम कुमार, रईस, ताहिर, निजाम, अनवर, हदीस, मदीस, कोमल, ढेमा के रामखेलावन यादव, रामसूरत, रामधनी, रामशरण, जगदीश व खेमपुर व विंदवन के अवधेश पांडेय, रामजीत वर्मा, संगम, धर्मेंद्र, इंद्रजीत, अरविंद समेत कई किसानों की फसल जल गई।
एसडीएम जयसिंहपुर प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि राजस्व निरीक्षक को घटनास्थल जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद प्रभावित किसानों को शासन से अहेतुक सहायता राशि दिलाई जाएगी। विद्युत उपकेंद्र मोतिगरपुर के जेई प्रवेश कुमार ने बताया कि दिन में आपूर्ति बंद कर दी गई थी।