उन्नाव। सोनिक से आई 33 केवी लाइन में फाल्ट से तीन घंटे कब्बाखेड़ा उपकेंद्र बंद रहा। इसके अलावा लोकल फाल्टों से तीन घंटे और कटौती की गई। इससे लोग बेहाल हो गए। लोग रात में हाथ पंखा लेकर छतों पर टहलते हुए रात काटी। रात में हुए फाल्ट को सुबह सही कराया गया।
रविवार की रात करीब तीन बजे 33केवी लाइन में फाल्ट से कब्बाखेड़ा उपकेंद्र बंद हो गया। इससे जुड़े सिविल लाइन, कब्बाखेड़ा, मौहारीबाग, पूरननगर, कचहरी आदि क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई। करीब एक घंटे तक जब बिजली नहीं आई तो लोगों ने फोन करना शुरू किया। उधर, बिजली कर्मचारियों ने फाल्ट खोजना शुरू किया तो पता चला कि झंझरी गांव के पास जंपर में खराबी आई है। मरम्मत के बाद सोमवार सुबह करीब छह बजे आपूर्ति बहाल हो पाई। हालांकि लोकल फाल्टों से क्षेत्रीय लोगों को करीब छह घंटे तक बिजली कटौती से और परेशान होना पड़ा। रात करीब 12 बजे से तार टूटने, ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने सहित अन्य लोकल फाल्टों से रात 12 बजे से सुबह छह बजे तक बिजली की आंखमिचौली होती रही। इससे लोग रात भर सो नहीं पाए और छतों पर टहलने के लिए मजबूर रहे। अवर अभियंता कमलेश प्रजापति ने बताया कि 33केवी लाइन में फाल्ट आने से बिजली बाधित हुई थी। मरम्मत कराकर सुबह आपूर्ति बहाल करा दी गई थी। अन्य सामान्य तार आदि टूटने व लोकल फाल्टों से बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।