UP: बीमा पॉलिसी के नाम पर 10 लाख रुपये से की धोखाधड़ी, दो एजेंटों के खिलाफ FIR; बेहतर भविष्य का दिया था भरोसा
Varanasi News: वाराणसी में लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर रूपेश जायसवाल से 10.53 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप है। दो एजेंटों ने दो किस्तों में रकम लेने के बाद पॉलिसी उनके 18 वर्षीय बेटे के नाम करा दी। चेतगंज पुलिस ने आशुतोष राय और प्रमोद शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi Crime: लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर रूपेश जायसवाल से 10 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो बीमा एजेंटों ने बेहतर भविष्य और निवेश का भरोसा दिलाकर उनसे दो किस्तों में 10.53 लाख रुपये से अधिक ले लिए। इसके बाद उनके 18 वर्षीय बेटे अपूर्व जायसवाल के नाम से पॉलिसी जारी कर दी। चेतगंज पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित रूपेश जायसवाल ने पुलिस को बताया कि एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस के एजेंट आशुतोष राय और प्रमोद शर्मा ने उनसे संपर्क किया था। दोनों ने बेहतर भविष्य का भरोसा दिलाते हुए बीमा पॉलिसी का प्रस्ताव दिया। उनकी बातों पर भरोसा करते हुए 27 जून 2024 को उन्होंने एचडीएफसी बैंक का 5,32,024 रुपये का चेक दिया। इसके बाद 30 जून 2025 को दूसरी किस्त के रूप में 5,20,774 रुपये का भुगतान किया।
आरोप है कि दोनों एजेंटों ने धोखाधड़ी करते हुए पॉलिसी रूपेश जायसवाल के बजाय उनके 18 वर्षीय पुत्र अपूर्व जायसवाल के नाम से जारी करा दी। इतना ही नहीं, पॉलिसी का बॉन्ड भी उनके घर के पते पर भेजने के बजाय आरोपियों ने अपने पते पर मंगवा लिया।
पीड़ित के अनुसार करीब चार महीने बाद कस्टमर केयर से संपर्क करने पर उन्हें जानकारी हुई कि पॉलिसी उनके बेटे के नाम पर पंजीकृत है। इसके बाद उन्होंने दोनों एजेंटों से संपर्क किया। आरोप है कि दोनों ने मामले को फेक कॉल का नतीजा बताकर उन्हें गुमराह करने का प्रयास किया।
संदेह होने पर पीड़ित ने कुबेर कॉम्प्लेक्स स्थित बैंक और बीमा शाखा में जानकारी की। वहां पता चला कि आशुतोष राय और प्रमोद शर्मा संबंधित शाखा के कर्मचारी नहीं हैं, बल्कि विनायक प्लाजा स्थित कार्यालय से जुड़े हैं। फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद आरोपियों ने उन्हें डराने-धमकाने और चुप रहने का दबाव बनाने का भी आरोप है। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर आशुतोष राय और प्रमोद शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।