वाराणसी में दर्दनाक हादसा: बाइक की टक्कर से अधेड़ की मौत, युवक गंभीर; पिता की लाश देख बेसुध हुए बेटा-बेटी
Varanasi News: सड़क हादसे की सूचना पाकर माैके पर चोलापुर थाने की पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों से जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधेड़ की लाश देखकर पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Road Accident in Varanasi: वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के कटहलगंज चौराहे पर सोमवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने वाला बाइक सवार मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जनपद के कछवां (पाहो) निवासी जोगिंदर विश्वकर्मा (55) मुंबई में कारपेंटर का कार्य करते थे। वह अपने पुत्र की शादी तय करने के सिलसिले में चोलापुर क्षेत्र के मुरेरी गांव आए थे। उनके साथ वाराणसी के पांडेयपुर-दौलतपुर निवासी रिश्तेदार बुद्धिमान विश्वकर्मा भी मौजूद थे। विवाह की बातचीत पूरी कर दोनों बेला-पहाड़िया मार्ग से लौटते हुए चौबेपुर थाना क्षेत्र के मुनारी (पांडेय के पूरा) स्थित ससुराल जा रहे थे।
इसी दौरान जैसे ही वे कटहलगंज चौराहे पर पहुंचे, बाबतपुर की ओर से तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जोगिंदर विश्वकर्मा और पीछे बैठे बुद्धिमान विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जोगिंदर को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में मचा कोहराम
वहीं गंभीर रूप से घायल बुद्धिमान विश्वकर्मा की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें पंडित दीनदयाल राजकीय चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। उनकी स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद टक्कर मारने वाला बाइक सवार अपनी बाइक सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
मृतक के परिवार में पत्नी उर्मिला विश्वकर्मा, पुत्र सौरभ (31) और पुत्री शिक्षा (27) हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कमेंट
कमेंट X