Varanasi News Today: वाराणसी में बिजली काटकर दी जान से मारने की धमकी, महिला की मौत; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में शांति इन्क्लेव वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, फूलपुर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में महिला ने दम तोड़ दिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: सारनाथ के आशापुर स्थित होटल मालिक गोपाल सिंह ने सोसायटी पदाधिकारियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह शांति इन्क्लेव के फ्लैट नंबर 801 में रहते हैं और नियमित रूप से प्रति माह 15 हजार रुपये का भुगतान करते हैं।
इसके बावजूद 20 अप्रैल को शांति इन्क्लेव वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष गौतम कुमार बरुआ, कोषाध्यक्ष अजय, सचिव विकास और सुरेंद्र ने उनके कार्यालय की बिजली काट दी। पीड़ित का आरोप है कि उक्त लोगों ने कार्यालय और कम्युनिटी हॉल पर कब्जा भी कर लिया है। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
बाइक की टक्कर से महिला की मौत, चालक गंभीर रूप से घायल
फूलपुर थाना क्षेत्र में बीती रात हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, डिग्घी करखियाव निवासी उर्मिला देवी, पत्नी सुभाष सरोज, बुधवार रात करीब पौने नौ बजे गेल सीएनजी पंप के सामने से हाईवे की ओर जा रही थीं। इसी दौरान जौनपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला और बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर दोनों को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उर्मिला देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक सवार की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतका के पति सुभाष सरोज राजगीर मिस्त्री हैं। परिवार में चार बेटे और एक बेटी हैं। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
काशी में 5 दिन बाद आधी हुई लू की चाल, प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर
काशी में लू की रफ्तार पिछले पांच दिनों के मुकाबले आधी हो गई है। इसके बावजूद उत्तर प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में वाराणसी दूसरे स्थान पर रहा। पहले स्थान पर प्रयागराज रहा, जहां तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि वाराणसी का पारा 43.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बृहस्पतिवार को लू 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली, जबकि बुधवार तक इसकी गति 30 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी।
लू की रफ्तार कम होने के बीच मौसम विभाग ने 27 से 29 अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। 24 अप्रैल को लू का अलर्ट नहीं है, जबकि 25 और 26 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी 24 से 40 फीसदी के बीच रही। दिन में सबसे तेज लू दोपहर 1:30 बजे से 2 बजे के बीच चली।
लड़की पर डाला शादी का दबाव, प्राथमिकी
बड़ागांव थाना क्षेत्र में ऑनलाइन गेम ‘फ्री फायर’ के जरिए हुई दोस्ती एक नाबालिग के लिए मुसीबत बन गई। आरोप है कि बिहार के पटना निवासी युवक ने 14 वर्षीय लड़की पर शादी का दबाव बनाया और विरोध करने पर मारने की धमकी दी। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया कि गेम खेलने के दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे दबाव और उत्पीड़न में बदल गई। आरोपी कई बार लड़की के गांव तक पहुंचकर मिलने की कोशिश भी करता रहा। परिवार के मुताबिक, आरोपी लगातार कॉल कर धमकाता था, जिससे बच्ची और परिजन दहशत में थे। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
जमीन के विवाद में फावड़े से हमला
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेहंदीगंज सैदा गांव में बृहस्पतिवार की देर शाम जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में 50 वर्षीय लक्ष्मण पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही अखिलेश यादव, श्यामजी यादव, अवध यादव और कल्लू यादव ने उन्हें रोक लिया। पुरानी रंजिश में फावड़े से वार कर उन्हें घायल कर दिया। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि घायल को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।
नहाते हुए युवती का वीडियो बनाने का आरोप
राजातालाब थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती का स्नान करते समय वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। युवती घर के बाथरूम में स्नान कर रही थी, तभी उसने दीवार के झरोखे से एक व्यक्ति को मोबाइल कैमरे से वीडियो बनाते देखा। शोर मचाने पर आरोपी भागने लगा, लेकिन परिजनों की मदद से युवती के पिता ने उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। आरोपी की पहचान अजीत कुमार उर्फ लालू के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दयाशंकर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पति पर पत्नी-बेटियों को पीटने का आरोप
कैंट थाना क्षेत्र के मकबूल आलम रोड स्थित डीआईजी कॉलोनी में पति पर पत्नी और दो बेटियों के साथ मारपीट और असलहा दिखाकर धमकाने के मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता मनीषा शाह ने बताया कि 20 साल पहले उनका पिंकेश शाह से प्रेम विवाह हुआ था और उनकी दो बेटियां हैं।
आरोप है कि पति आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करता है तथा जान से मारने की धमकी देता रहता है। 27 मार्च की शाम जब वह छत पर कपड़े लेने गई थीं, तभी पति पीछे से पहुंचा और गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। शोर सुनकर पहुंचीं बेटियों ने किसी तरह उन्हें बचाया। आरोप है कि आरोपी ने बेल्ट से दोनों बेटियों की भी पिटाई की। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
पारिवारिक विवाद में मारपीट
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के सोयेपुर में पारिवारिक विवाद में हुई मारपीट के मामले में छह नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सोयेपुर निवासी अजय मिश्रा के अनुसार, 21 अप्रैल की शाम 7:30 बजे उनके बड़े भाई विजय कुमार मिश्रा की पत्नी श्रेया तिवारी ने मायके पक्ष के लोगों को घर बुला लिया। इसके बाद गणेश दत्त तिवारी, आशु तिवारी, रोहित तिवारी, वेद प्रकाश तिवारी, सृष्टि तिवारी समेत अन्य लोग घर में घुस आए और विवाद करने लगे। आरोप है कि श्रेया तिवारी मायके जाते समय गहने और करीब 50 हजार रुपये ले जा रही थीं, जिस पर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के मढ़वां, लमही स्थित शिवपुरम कॉलोनी में महिला के घर में घुसकर मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता सुधा त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि 28 मार्च की शाम करीब चार बजे पूनम देवी उनके घर पहुंचीं, गेट पीटकर जबरन अंदर घुस गईं और गालियां दीं। विरोध करने पर मारपीट की। पीड़िता के अनुसार, आरोपी महिला उनके पुत्र से शादी का दावा कर विवाद कर रही है, जबकि मामला परिवार न्यायालय में लंबित है। इससे पहले नवंबर 2025 में भी ऐसी घटना हो चुकी है। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया
दो विवाह और दहेज उत्पीड़न के मामले में फरार चल रहे आरोपी चंदन कुमार सिंह (32) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी मूल रूप से मुस्तहकम गांव जिला गाजीपुर का निवासी है। पुलिस ने उसे बृहस्पतिवार की सुबह करीब 7:30 बजे शिवपुर रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा। मामले में 10 जनवरी 2026 को पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि पति चंदन कुमार सिंह, उसके सास ससुर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। इसके साथ ही गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
15 लाख के गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
36वीं पीएसी गेस्ट हाउस (थाना रामनगर) के पास नारकोटिक्स टीम ने दबिश देकर 27.606 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस दौरान दो तस्करों अखिलेश कुमार जायसवाल और लाल बाबू (निवासी देहवा, चंदौली) को गिरफ्तार किया गया। विधिक कार्रवाई के बाद दोनों को अपर जिला जज एफटीसी (14वां वित्त आयोग) मनोज कुमार की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
नारकोटिक्स अधीक्षक केके श्रीवास्तव ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अखिलेश कुमार जायसवाल और लाल बाबू, निवासी देहवा (चंदौली) के रूप में बताई। मामले में आगे की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
कचहरी विस्तारीकरण का बीबीए ने समर्थन किया
बनारस बार एसोसिएशन की बैठक अध्यक्ष विनोद शुक्ला की अध्यक्षता में हुई, जिसमें कचहरी के विस्तारीकरण का समर्थन किया गया, लेकिन स्थानांतरण का विरोध किया गया। वहीं, सेंट्रल बार द्वारा सेंट्रल जेल की जमीन पर नई कचहरी के प्रस्ताव को लेकर दोनों बार एसोसिएशनों के बीच असहमति खुलकर सामने आ गई है।
बीबीए अध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में अगली साधारण सभा की बैठक सोमवार को बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। बैठक का संचालन महामंत्री सुधांशु मिश्र ने किया। अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक चली मैराथन बैठक में अधिवक्ताओं ने कचहरी के विस्थापन का विरोध किया और आसपास की जमीन पर ही विस्तार करने की बात कही। वक्ताओं का कहना था कि बनारस कचहरी का विस्तार नजदीकी भूमि पर ही संभव है।
हमराही सुशील साहनी को पितृ शोक
कैंट सेंटर के हमराही सुशील साहनी के पिता कोमल साहनी (63) का 22 अप्रैल की रात 8 बजे निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उनका निधन शुकुलपुरा, सरायनंदन स्थित आवास पर हुआ। अपने पीछे वे दो पुत्र—सुशील साहनी व अनिल साहनी—और एक पुत्री सोनी साहनी को छोड़ गए हैं। अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर किया गया, जहां मुखाग्नि छोटे पुत्र अनिल साहनी ने दी। इस दौरान प्रेम यादव, प्रमोद, मनोज, कमलेश, राजेश, प्रदीप, सागर, यश, संदीप, लकी, गोलू व विक्की समेत कई लोग मौजूद रहे।
जेल में बंदी झुलसा, चल रहा इलाज
केंद्रीय कारागार में बृहस्पतिवार को एक बंदी संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गया। जेल प्रशासन ने झुलसे बंदी को मंडलीय अस्पताल, कबीरचौरा में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार बंदी का इलाज जारी है। केंद्रीय कारागार के जेलर अखिलेश कुमार ने बताया कि देवरिया निवासी बंदी फैयाज (40) एनडीपीएस मामले में दस साल का सजायाफ्ता है। वह बीते चार साल से सेंट्रल जेल में बंद है। बृहस्पतिवार को परिसर स्थित कूड़े को नष्ट करने के लिए आग लगाई गई थी। फैयाज पास में लघुशंका के लिए गया था, इसी दौरान गिरने से वह आग की चपेट में आ गया और झुलस गया। अधिकारियों ने तत्काल पानी डालकर और कंबल लपेटकर आग बुझाई। उसे जेल अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल भेजा गया।
सपाई बोले- पुलिस के साथ किया गया पथराव
गाजीपुर में पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा पर हुए हमले को लेकर सपा पदाधिकारियों ने अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष मोर्डिया से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने एडीजी से बताया कि गाजीपुर में एक किशोरी की दबंगों ने हत्या कर शव गंगा नदी में फेंक दिया था। इस घटना के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा का प्रतिनिधिमंडल परिजनों से मिलने उनके गांव जा रहा था। आरोप लगाया कि गांव पहुंचने से पहले ही वहां के ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह और उनके समर्थकों ने प्रतिनिधिमंडल पर पथराव किया। उस दौरान सीओ सिटी गाजीपुर, थानाध्यक्ष करंडा और पूरा पुलिस बल मौजूद था। पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बनकर देखती रही।
मंडलीय अस्पताल में हाइडेटिड सिस्ट का सफल ऑपरेशन
शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय जिला चिकित्सालय में सर्जरी विभाग की टीम ने एक दुर्लभ व जटिल हाइडेटिड सिस्ट का सफल ऑपरेशन किया। मरीज लंबे समय से दर्द से परेशान थी और उसके लिवर में खतरनाक सिस्ट पाई गई थी। सर्जनों ने अत्यंत सावधानी से बिना सिस्ट फाड़े ऑपरेशन कर आसपास के अंगों को सुरक्षित रखा। यह प्रक्रिया जोखिम भरी मानी जाती है, लेकिन टीम ने कुशलता से इसे पूरा किया। एसआईसी डॉ़ बृजेश कुमार ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर है। यह सफलता सरकारी अस्पतालों में उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाओं का उदंाहरण है।
अनुशासनहीनता पर पांच अधिवक्ताओं की सदस्यता समाप्त
सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन, चेतगंज की कार्यकारिणी ने संस्था के नियमों और प्रस्तावों की अवहेलना के मामले में कार्रवाई करते हुए पांच सदस्यों की सदस्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी है। बृहस्पतिवार को सचिव चंद्रेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी की बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
एसोसिएशन के अनुसार, सदस्य उमाशंकर प्रसाद, सत्यनारायण गुप्ता, अजय कृष्ण गुप्ता, काली शंकर श्रीवास्तव और अश्विनी कुमार मिश्रा पर आरोप था कि उन्होंने 10 अप्रैल को निर्वाचित कार्यकारिणी के विरुद्ध एक अवैध बैठक की थी। यह कृत्य रजिस्ट्रार ऑफ फर्म्स, सोसाइटीज द्वारा 9 अप्रैल 2026 को पारित आदेशों का उल्लंघन माना गया। इसी आधार पर एसोसिएशन ने नियम 28 (ख) के तहत 17 अप्रैल को इन सदस्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। एसोसिएशन के नियमों की अवहेलना मानते हुए सदस्यता समाप्त करने का प्रस्ताव पारित हुआ।
बनारस से पुणे के बीच अमृत भारत का संचालन होगा
बनारस से पुणे के हडपसर स्टेशन के बीच चलने वाली अत्याधुनिक अमृत भारत ट्रेन के संचालन की तैयारियां तेज हो गई हैं। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, इस नई ट्रेन का संचालन 28 अप्रैल से शुरू होने की संभावना है। रेलवे प्रशासन इसी सप्ताह इसकी समय सारिणी (टाइम टेबल) जारी कर सकता है। प्रस्तावित समय के अनुसार, पुणे से यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन सुबह 7:55 बजे रवाना होगी। अगले दिन दोपहर 12:15 बजे बनारस पहुंचेगी। सूत्रों के अनुसार, 28 अप्रैल को वाराणसी के प्रस्तावित दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेन को वर्चुअल हरी झंडी दिखा सकते हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि रेलवे की ओर से समय सारिणी जारी होने के बाद ही होगी।
दौलतपुर, पांडेयपुर में 3 घंटे नहीं रहेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से आजमगढ़-पांडेयपुर काली माता मंदिर से रिंग रोड तक सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान बाधक बन रहे विद्युत पोल हटाने और लाइनों को अंडरग्राउंड करने के लिए 24 अप्रैल (शुक्रवार) को सुबह 8 बजे से 11 बजे तक तीन घंटे का शटडाउन लिया जाएगा। अधिशासी अभियंता (निर्माण खंड) वीरेंद्र सिंह ने बताया कि 33 केवी दौलतपुर उपकेंद्र से निकलने वाली 11 केवी भक्ति नगर और 11 केवी अकथा फीडर, तथा 33 केवी पांडेयपुर उपकेंद्र से निकलने वाली 11 केवी लालपुर फीडर की बिजली आपूर्ति इस दौरान बाधित रहेगी।
ज्ञानवापी मामले में अब 20 मई को सुनवाई
ज्ञानवापी परिसर से जुड़े विभिन्न मुकदमों में बृहस्पतिवार को संजीव शुक्ला की अदालत में सुनवाई हुई। मां शृंगार गौरी के नियमित दर्शन-पूजन की अनुमति और बंद तहखानों के एएसआई सर्वे की मांग सहित अन्य याचिकाओं पर बहस हुई। शृंगार गौरी पूजा प्रकरण में राखी सिंह समेत पांच महिलाओं के वाद में पक्षकार बनने के लिए जय प्रकाश रामचंद्र राजभर ने प्रार्थना पत्र देकर सुनवाई की मांग की। वहीं, सर्वोच्च न्यायालय के 12 दिसंबर 2024 के आदेश के परिप्रेक्ष्य में जिला जज ने सभी मामलों की अगली सुनवाई 20 मई तय की है।
रेल लाइन के पास न फेंके ज्वलनशील पदार्थ
पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से रेलवे लाइन के पास ज्वलनशील पदार्थों को न फेंकने के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि संरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए रेलवे प्रशासन प्रयत्नशील है। यात्रियों से अपील है कि वह यात्रा के समय गाड़ियों मे विस्फोटक, ज्वलनशील पदार्थ लेकर न चलें, रेल लाइन के किनारे रहने वाले किसान, अन्य व्यक्ति रेल लाइन के किनारे सूखी घास अथवा पराली न जलाएं।
आज से लगेगा दिव्यांगता चिह्नांकन शिविर
ब्लाॅकवार एवं शहरी क्षेत्र में दिव्यांगता चिह्नांकन 24 अप्रैल से 15 मई तक होगा। शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को आराजीलाइन में और समापन रामनगर जोन में होगा। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि शिविर सुबह 10 बजे शाम चार बजे तक चलेगा।
प्रो. मनोज बने भू भौतिकी के विभागाध्यक्ष
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव विज्ञान संस्थान के भू भौतिकी विभाग के नए अध्यक्ष बनाए गए हैं। 28 अप्रैल तक वह अपना कार्यभार संभालेंगे। वहीं, भू विज्ञान और अंग्रेजी विभाग के भी नए अध्यक्ष बनाए गए हैं। विज्ञान संस्थान से प्रो. उमा कांत शुक्ल को भूविज्ञान का विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कला संकाय से प्रो. संजय कुमार को अंग्रेजी विभाग का विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इनका कार्यकाल एक मई से अगले तीन साल तक रहेगा।
प्रो. केके सिंह, प्रो. अंजू कार्यपरिषद सदस्य
काशी विद्यापीठ में दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ के निदेशक और चीफ प्रॉक्टर प्रो.केके सिंह और यूपी कॉलेज में भूगोल विभाग की प्रो. अंजू सिंह को प्रयागराज स्थित राजेंद्र सिंह रज्जू भैया विश्वविद्यालय में कार्यपरिषद का सदस्य बनाया गया है। राज्यपाल सचिवालय की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। कुलाधिपति के विशेष कार्याधिकारी डॉ.सुधीर एम बोबडे ने रज्जू भैया विवि के कुलपति को भेजे पत्र में इसकी जानकारी दी है।
सीटेट में सफल 31 छात्राएं सम्मानित
बीएचयू से संबद्ध आर्य महिला पीजी काॅलेज में सीटेट में सफल छात्र और छात्राओं को प्लेसमेंट सेल ने प्रतिभा सम्मान से नवाजा। बीएड चाैथे सेमेस्टर की कुल 31 छात्राओं को स्मृति चिह्न दिया गया। प्राचार्य प्रो. रचना दूबे ने कहा कि शिक्षण हमें छात्रों के भविष्य निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का मौका देता है। विभाग के डाॅ. कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष कुल लगभग 80 प्रतिशत छात्रा पहले प्रयास में सफल हुईं।
बीएसए के निरीक्षण में कर्मचारी व शिक्षक रहे अनुपस्थित, तीन दिन में मांगा जवाब
बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने बुधवार को विकास खंड हरहुआ के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और कंपोजिट विद्यालय, बेलवरिया का औचक निरीक्षण किया। सुबह करीब 10 बजे जब बीएसए बीआरसी कार्यालय पहुंचे तो वहां अव्यवस्थाओं का अंबार मिला। निरीक्षण के दौरान सहायक लेखाकार शिवम कुमार श्रीवास्तव और कोऑर्डिनेटर राजू कुमार प्रजापति सहित चार कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। बीएसए ने खामियां मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी हरहुआ को कड़ी फटकार लगाई।
उन्होंने दो दिन के भीतर अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा। उधर, कम्पोजिट विद्यालय बेलवरिया में 13 शिक्षकों में से 4 बिना किसी सूचना के अनुपस्थित थे। बीएसए ने संज्ञान लिया कि कुछ शिक्षकों को नामांकन के लिए क्षेत्र तक आवंटित नहीं किया गया था। इस लापरवाही पर प्रभारी प्रधानाध्यापक बेबी फरीदा सहित सभी अनुपस्थित शिक्षकों को तीन कार्य दिवस के भीतर स्पष्टीकरण देने का अंतिम अवसर दिया गया है।
राम आदर्श रामायण पुस्तक का लोकार्पण
साहित्यिक संस्था रसराज, पिलग्रिम पब्लिशिंग, शास्त्र संग्रहालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जाने माने साहित्यकार राम मोहन अग्रवाल की सद्यः प्रकाशित पुस्तक श्री राम आदर्श रामायण का लोकार्पण हुआ। बतौर मुख्य अतिथि प्रो.चंद्रमौलि उपाध्याय ने कहा कि प्रभु श्रीराम का चरित्र अनुकरणीय है और हमें इसे आत्मसात करना चाहिए। एडवोकेट सुनील कुमार त्रिपाठी ने पुस्तक प्रकाशन की पहल को सराहा। अतिथियों का स्वागत रामानंद ने किया। राममय संगीत संध्या में डालिया एवं जूलिया मुखर्जी ने मनोहारी गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में सारंगधर, आनंद जोशी, अनू मिश्रा, विकास सिंह, मनमोहन आदि मौजूद रहे।
3054 किसानों को मिलेगा मुफ्त बीज
खरीफ सीजन में पहली बार किसानों को लॉटरी के जरिये बीज दिए जाएंगे। इसके लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि दलहन, तिलहन एवं मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने के लिए खरीफ सीजन में उर्द 367, मूंग 175, अरहर 1432, तिल 400, ज्वार 80, बाजरा 400, कोदो 200, सांवा 200 एवं मडुवा/रागी 200 पैकेट बीज मिनीकिट निशुल्क दिए जाएंगे। धान व ढैंचा का बीज 50 फीसदी अनुदान पर दिया जाएगा। बीजों का वितरण पीओएस मशीन से होगा। कृषि विभाग के पोर्टल agriculture.up.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन 10 मई तक होगा।
विधायक ने स्टॉक रजिस्टर की जांच की
विधायक डॉ. सुनील पटेल ने बृहस्पतिवार को साधन सहकारी समिति भटौली का निरीक्षण किया। इस दौरान समिति में रखे गए स्टॉक रजिस्टर, क्रय पंजिका, पंजीकरण प्रपत्र आदि अभिलेखों की गहन जांच की। गेहूं क्रय व्यवस्था की स्थिति की भी जानकारी ली। केंद्र प्रभारी को निर्देश दिए कि किसानों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। केंद्र प्रभारी रोहित मौर्य ने बताया कि अभी तक आठ किसानों से 281 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है। सत्यापन एवं फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है। इस मौके पर संतोष कुमार पटेल, विनोद पटेल, प्रेमा, पुष्पा, मुन्ना सैनी, विकास कुमार आदि रहे।
विधायक ने किया विकास कार्यों का शिलान्यास
शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बृहस्पतिवार को आदि विश्वेश्वर वार्ड, गोला दीनानाथ वार्ड, बिंदुमाधव वार्ड, प्रह्लादघाट वार्ड और कालभैरव वार्ड में 6.09 करोड़ की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों के तहत सड़कें ठीक होने, गलियों का पुननिर्माण कराने, नालियों को बनाए जाने आदि का कार्य किया जाएगा। इस दौरान बबलू सेठ, राजीव सिंह डब्बू, तारकेश्वर गुप्ता बंटी, गोपाल गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।
शिल्पा शेट्टी ने खरीदीं 50 बनारसी साड़ियां
काशी पहुंची बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने एयरपोर्ट रोड स्थित एक शोरूम से 50-50 हजार की चार बनारसी जामदानी साड़ियां और 30-30 हजार की 50 साड़ियां खरीदीं। यहां हैंडमेड तरीके से तैयार की गई बनारसी सिल्क साड़ियों, डिजाइनर सूट और दुपट्टों के कलेक्शन को देखा। शोरूम की विशिष्टता और वहां मौजूद साड़ियों की पुरानी कला व आधुनिकता के संगम की उन्होंने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
उन्होंने अपने लिए जंगला और कतान की चार बनारसी साड़ियों की खरीदारी भी की। अभिनेत्री ने शोरूम संचालक आशीष सिंह से सिल्क की बुनाई और धागों की बारीकियों के बारे में भी जानकारी ली। शोरूम प्रबंधन ने उनका स्वागत किया। इससे पहले शिल्पा शेट्टी ने अपनी मां सुनंदा शेट्टी के साथ बाबा श्री काशी विश्वनाथ और मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी के दर्शन भी किए।
स्वर्णाव्या ज्वेलर्स की पहली वर्षगांठ पर ग्राहकों के लिए खास ऑफर
स्वर्णाव्या-अन्नपूर्णा ज्वेलर्स प्रा लि अपनी पहली वर्षगांठ मना रहा है। इस अवसर पर ग्राहकों को सोने के आभूषणों पर मात्र तीन फीसदी मेकिंग चार्ज का लाभ दिया जा रहा है। स्वर्णाव्या ज्वेल्स प्रतिष्ठित अन्नपूर्णा ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड की रिटेल पहचान है। स्वर्णाव्या में सोने, हीरे और चांदी के आभूषणों के साथ कुंदन, पोल्की, जड़ाऊ एवं एंटीक डिजाइनों का संग्रह उपलब्ध है। हर गहने पर 100 फीसदी हॉलमार्क गारंटी, बायबैक गारंटी और लाइफटाइम मेंटेनेंस वॉरंटी दी जाती है।
इस अवसर पर सुमित वर्मा ने कहा कि स्वर्णाव्या की यह वर्षगांठ हमारे ग्राहकों के विश्वास का उत्सव है। हम निरंतर बेहतर गुणवत्ता, पारंपरिक कारीगरी और आधुनिक डिजाइनों के साथ अपने ग्राहकों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह समूह पिछले 50 वर्षों से आभूषण व्यवसाय में है। अन्नपूर्णा ज्वेलर्स गुणवत्ता और भरोसे का प्रतीक रहा है। इस पारिवारिक व्यवसाय की नींव स्व. भैरवनाथ वर्मा ने रखी थी। उनके बाद राकेश वर्मा ने इसे आगे बढ़ाया। अब तीसरी पीढ़ी के रोहित वर्मा और सुमित वर्मा इस विरासत को नए आयाम दे रहे हैं।
इन्फिनिटी केयर ने 5वीं वर्षगांठ मनाई, हॉस्पिटल स्टाफ सम्मानित
इन्फिनिटी केयर हॉस्पिटल ने शहर के अमाया होटल में पांचवीं वर्षगांठ मनाई। यह अवसर न केवल अस्पताल की पांच वर्षों की सफल यात्रा का प्रतीक बना, बल्कि समाज और समुदाय के प्रति उसकी निरंतर सेवा, समर्पण और विश्वास का भी उत्सव रहा। मुख्य अतिथि सुचिता सिंह, इंस्पेक्टर सरोज कुमार तथा एयरपोर्ट डायरेक्टर पुनीत कुमार प्रमुख रहे। कर्नल आरजे चौधरी (एनडीआरएफ), डॉ. सुमित सुपकर (डीआईजी), डॉ. अब्दुल नाज़िर, विवेक कुमार, अनिल गौड़ और आलोकजी, योगेश, महेंद्र, डॉ. जेपी सिंह एवं डॉ. वीपी सिंह की भी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में कर्मचारियों के उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस मौके पर अस्पताल की टीमों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सभी का मन मोह लिया। मार्केटिंग हेड मधुलिका सिंह ने अस्पताल की प्रेरणादायक यात्रा, क्लीनिकल सेवाओं में प्राप्त उपलब्धियों के बारे में बताया। निदेशक विनीत विक्रम सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। इन्फिनिटी केयर अस्पताल ने जिस प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और गुणवत्ता का परिचय दिया है, वह गर्व का विषय है।
व्यापारियों ने राज्यमंत्री के समक्ष समस्याएं रखीं, हर महीने बैठक का मिला आश्वासन
महानगर उद्योग व्यापार समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल से उनके खोजवां स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने शहर की व्यापारिक गतिविधियों में आ रही बाधाओं और बुनियादी सुविधाओं की कमी पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अध्यक्ष श्रीनारायण खेमका और महामंत्री अशोक जायसवाल ने किया।
बैठक में व्यापारियों ने दुकानों के बाहर खड़े ग्राहकों के वाहनों पर हो रही चालान की कार्रवाई का विरोध किया। व्यापारियों का तर्क है कि पर्याप्त पार्किंग न होने की स्थिति में थोड़ी देर के लिए वाहन खड़ा करना मजबूरी है, ऐसे में लगातार चालान होना व्यापार विरोधी कदम है।
प्रतिनिधिमंडल ने शहर में चल रहे विकास कार्यों, विशेषकर रोपवे निर्माण की धीमी गति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लक्सा से गोदौलिया के बीच मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण आए दिन श्रद्धालु और तीर्थयात्री चोटिल हो रहे हैं। बाजारों में अतिक्रमण, अव्यवस्थित यातायात और पार्किंग की अनुपलब्धता जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने जीएसटी की जटिलताओं और विभाग द्वारा भेजे जा रहे नोटिसों से होने वाली मानसिक व आर्थिक परेशानी का भी जिक्र किया।
व्यापारियों की समस्याओं पर मंत्री रविंद्र जायसवाल ने आश्वासन दिया कि अगले माह से व्यापारियों के साथ नियमित रूप से बैठक की जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर इन समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में अनुज डीडवानिया, गोकुल शर्मा, सुरेश तुलस्यान आदि मौजूद रहे।
काशी के मंदिरों, पार्कों, सड़कों की सफाई और स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त की जाएं : मेयर
शहर में मंदिरों, पार्कों और सड़कों की साफ-सफाई को लेकर चहल-पहल दिखी। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बृहस्पतिवार को औरंगाबाद, श्रीनगर कॉलोनी और सिंधु नगर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क पर कूड़ा फेंक रही एक लड़की को रोककर कहा कि कूड़ा सड़क पर नहीं, डोर-टू-डोर कलेक्शन के लिए आने वाली गाड़ी में ही डालें।
गैबीघाट स्थित महादेव मंदिर परिसर में कुएं की मरम्मत और सफाई के साथ-साथ वहां लाइटिंग, पेवर ब्लॉक बिछाने और बाउंड्री वॉल को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से मुख्य द्वार पर ‘छोटी गैबी’ और मंदिर का नामकरण करने, स्ट्रीट लाइट को ठीक करने और स्कूल के पीछे की दीवार को मजबूत कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान पार्षद सिंधु सोनकर, प्रवीण राय, मुन्ना सरोज, पंकज पटेल, राजेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।
झाड़ू लेकर सड़कों पर उतरे एमएलसी और विधायक : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 अप्रैल के दौर के मद्देनजर नगर निगम ने हाई अलर्ट जारी कर महा-सफाई अभियान शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को शुरू हुए महा-सफाई अभियान में जनप्रतिनिधियों ने सड़क पर उतरकर झाड़ू थामा। एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कंदवा के रेवा गिरी में, एमएलसी धर्मेंद्र राय ने राजकीय उद्यान-सिकरौल, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बेनियाबाग हॉस्पिटल और रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने सुसुवाही वार्ड में सफाई की। अगले एक सप्ताह तक शहर के हर वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलेगा। संबंधित क्षेत्रीय पार्षद और विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। मेयर रोज एक-एक वार्ड का दौरा कर मॉनिटरिंग करेंगे।
मणिपुरी नर्तकों के भावपूर्ण रास ने किया मुग्ध
संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश, भातखंडे विश्वविद्यालय और स्पिक मैके के संयुक्त तत्वाधान में काशी विद्यापीठ के मंच कला विभाग में बृहस्पतिवार को मणिपुरी लोकनृत्य हुआ। कलाकारों ने राधा-कृष्ण के प्रेम पर आधारित रास और शिव स्तुति की प्रस्तुति दी।
संगीत नाटक अकादमी और बिस्मिल्लाह खान पुरस्कार से सम्मानित डॉ. सिनाम बसु सिंह ने अपनी टीम के साथ मणिपुरी संस्कृति में प्रचलित राधा-कृष्ण के दिव्य प्रेम को रासलीला के माध्यम से जीवंत कर दिया। शुरुआत आविशारिका और चोलोमगति से की। इसके बाद शिव पंचाक्षरा स्रोत पर आधारित भगवान शिव की विभिन्न मुद्राओं और भाव-भंगिमाओं का प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को कला की गहराई से परिचित कराया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में राधा-कृष्ण पर आधारित नित्य रास की प्रस्तुति ने सबको मुग्ध कर दिया।
कृष्ण के रूप में खुमुजाम जेनीवा और राधा की भूमिका में एलांगबाम जोशिरानी देवी रहीं। संगीत पक्ष में ओइनाम कल्याण सिंह, चनाम प्रदीयम सिंह और चिंगांगबाम याइपुरेम्बा ने अपनी सधी हुई संगत की। स्वागत मंच कला संकाय की विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता घोष ने किया। संचालन छात्रा गुनगुन संजीदा सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आकांक्षी ने किया। इस दौरान डॉ. पंकज वर्मा, सौरभ दास, एस. एंजिला, स्पिक मैके की कोषाध्यक्ष डॉ. शुभा सक्सेना मौजूद रहीं।

कमेंट
कमेंट X