Varanasi News: डायट में 400 लोगों के बैठने की क्षमता वाला बनेगा ऑडिटोरियम, केंद्र सरकार करा रही निर्माण
Varanasi News: डायट में 400 सीटिंग क्षमता का देश का पहला ऑडिटोरियम बन रहा है। केंद्र सरकार सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण करा रही है। यहां शिक्षकों को आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण मिलेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सारनाथ स्थित डायट परिसर में केंद्र सरकार की ओर से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण कराया जा रहा है। इस सेंटर में 400 सीटिंग क्षमता का एक अत्याधुनिक ऑडिटोरियम भी बनाया जा रहा है। यहां माध्यमिक और बेसिक शिक्षा के शिक्षकों को आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण मिलेगा। साथ ही शिक्षण सामग्री (टीएलएम) और डिजिटल कंटेंट भी स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा सकेंगे।
डायट प्राचार्य ने बताया कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तीन बड़े क्लासरूम, एक रिसर्च सेंटर, पांच फैकल्टी रूम, एक लाइब्रेरी, एक मीटिंग हॉल तथा टाइप-2 के तीन आवास बनाए जाएंगे। इसके अलावा 50 छात्राओं की क्षमता का छात्रावास, 100 छात्रों की क्षमता का छात्रावास, पुराने हॉस्टलों की मरम्मत और 200 मीटर सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा। इस पूरे निर्माण कार्य पर 8.73 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। हालांकि डायट की ओर से कुल 11.37 करोड़ रुपये के बजट की मांग की गई है।
निर्माण कार्य अक्तूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा 400 सीटिंग क्षमता वाला यह ऑडिटोरियम अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। हाल ही में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया था।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनने से होंगे ये लाभ
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनने के बाद डायट परिसर में आधुनिक स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी आधारित प्रशिक्षण लैब, डिजिटल लाइब्रेरी, ई-कंटेंट स्टूडियो, सेमिनार एवं कॉन्फ्रेंस हॉल, विषयवार रिसोर्स सेंटर, शोध एवं नवाचार इकाई तथा उन्नत प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां शिक्षकों को नई शिक्षा नीति-2020, निपुण भारत मिशन, बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन), डिजिटल शिक्षण और आधुनिक मूल्यांकन पद्धतियों का नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
क्या बोले अधिकारी
डायट परिसर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण कराया जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। अक्तूबर तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। -उमेश शुक्ला, डायट प्राचार्य