इंटर्नशिप शुरू: टेक्नोसेवी पीजी छात्रों को लाइब्रेरी साइंस सीखने के लिए बीएचयू देगा 20 हजार रुपये प्रतिमाह
Varanasi News: बीएचयू में डॉ. एसआर रंगनाथन इंटर्नशिप शुरू हो गया है। यहां टेक्नोसेवी पीजी छात्रों को लाइब्रेरी साइंस सीखने के लिए बीएचयू 20 हजार रुपये प्रतिमाह देगा। इसमें 12 लाइब्रेरी इंटर्न की भर्ती होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बीएचयू टेक्नोसेवी पीजी छात्रों को लाइब्रेरी साइंस सीखने के लिए 20 हजार रुपये महीना देगा। बीएचयू की अलग-अलग लाइब्रेरी में 12 छात्रों को डॉ. एस.आर. रंगनाथन इंटर्नशिप के लिए रखा जाएगा। रंगनाथन इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को मॉडर्न लाइब्रेरी टूल्स, तकनीक और लाइब्रेरी की कार्यविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही हर महीने 20 हजार रुपये का स्टाइपेंड भी दिया जाएगा। पद का नाम लाइब्रेरी इंटर्न है। इंटर्नशिप की अवधि एक वर्ष की होगी।
हालांकि, इसे प्रदर्शन के आधार पर अगले वर्ष के लिए बढ़ाया भी जा सकता है। इस इंटर्नशिप के लिए केवल ऑफलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। 21 जून तक आवेदन पत्र भरकर बीएचयू में भेजना होगा। इसका फॉर्म बीएचयू की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
इस इंटर्नशिप के लिए टेक्नोसेवी, जुनूनी और जिम्मेदार युवाओं की तलाश की जा रही है, जिन्होंने लाइब्रेरी एवं सूचना विज्ञान में पीजी किया हो। साथ ही उन्होंने ऐसे संस्थान से पीजी की हो, जिसकी एनआईआरएफ रैंकिंग 100 के भीतर हो या वह संस्थान राष्ट्रीय महत्व का दर्जा रखता हो।
26 वर्ष से अधिक न हो उम्र
पीजी की उपाधि दो वर्ष से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और यूजी में कम से कम 50 प्रतिशत तथा पीजी में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक होने चाहिए। आवेदन की अंतिम तिथि यानी 21 जून तक अभ्यर्थी की उम्र 26 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। वहीं, ओबीसी, एससी, एसटी आदि वर्गों को विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।
ओवरनाइट, वीकेंड और छुट्टियों में भी करना पड़ सकता है काम
इंटर्न को सुबह, शाम, देर रात, ओवरनाइट, वीकेंड और छुट्टियों के दिनों सहित विभिन्न शिफ्टों में काम करना पड़ सकता है। आमतौर पर सप्ताह में छह दिन कार्य करना होगा। बीएचयू की ओर से आवास की सुविधा नहीं दी जाएगी। इंटर्नशिप पूरी तरह अस्थायी होगी और अवधि समाप्त होने पर स्वतः समाप्त हो जाएगी।
हर तीन महीने में लाइब्रेरी इंटर्न के प्रदर्शन का मूल्यांकन लाइब्रेरियन द्वारा किया जाएगा। यदि परिणाम असंतोषजनक रहा तो इंटर्नशिप समाप्त भी की जा सकती है। हर महीने प्रो-राटा आधार पर ढाई दिन का अवकाश मिलेगा। कम से कम छह महीने की इंटर्नशिप पूरी करने पर लाइब्रेरियन के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इंटर्न की तैनाती का निर्णय भी लाइब्रेरियन द्वारा ही लिया जाएगा।