Varanasi News Today: तीन युवकों की मौत, जबरन शादी कराने के आरोपी पिता समेत पांच गए जेल; पढ़ें- प्रमुख खबरें
Varanasi News: वाराणसी में हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं नाबालिग समेत दो बहनों की जबरन शादी कराने के आरोपी पिता, बड़ी मां समेत पांच आरोपियों को जेल भेजा गया। पढ़ें- वाराणसी की प्रमुख खबरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ओवरब्रिज पर ट्रक से टकराई बाइक, युवक की मौत
बड़ागांव थाना क्षेत्र के काजिसराय ओवरब्रिज पर रविवार रात 9 बजे सड़क हादसे में बाइक सवार बेलाल खान (36) निवासी पक्की बाजार कचहरी की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रक चालक ओवरब्रिज पर ट्रक लेकर चला गया था। उसे नीचे से जाना था ऐसे में वह वाहन पीछे कर रहा था। बाबतपुर से शहर की ओर जा रहे बेलाल की बाइक ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि शव कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी गई है।
युवक की गंगा में डूबने से मौत, दूसरे की करंट से गई जान
रामनगर थाना क्षेत्र में रविवार को दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों परिवार के इकलौते पुत्र थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पहली घटना चंदौली के चकिया कोतवाली क्षेत्र के इंद्रानगर निवासी छोटू गांव की एक युवती के अंतिम संस्कार में शामिल होने रामनगर श्मशान घाट आया था। दाह संस्कार के बाद देर रात बलुआ घाट पर लोग स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया। साथियों के शोर मचाने पर लोग उसे बचाने का प्रयास करने लगे, लेकिन तब तक वह डूब चुका था। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक को बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
दूसरी घटना, पुराना रामनगर के शक्ति घाट पर हुई। नाव निर्माण के लिए खींचे गए बिजली के तार में करंट उतर आने से मल्हिया टोला निवासी किशन साहनी (28) की मौत हो गई। बताया गया कि किशन रविवार शाम गंगा नदी में स्नान करने गया था। वह करंट की चपेट में आ गया। लोगों ने उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और कुछ समय तक हंगामा भी किया। पुलिस ने लोगों को शांत कराया। पत्नी नीतू का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता लल्लू साहनी भी सदमे में हैं। थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें; अपराध की नई कड़ी: 15 साल से नॉर्थ-ईस्ट तक असलहे की तस्करी कर रहे पूर्वांचल के बदमाश, कई हत्याकांड के जुड़े तार
नाबालिग समेत दो बहनों की जबरन शादी कराने के आरोपी पिता, बड़ी मां समेत पांच गए जेल
चोलापुर थाना क्षेत्र में नाबालिग समेत दो बहनों की शादी कराने और बदले में दो लाख लेने के आरोपी पिता, बड़ी मां, पति समेत पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा। भाई ने चोलापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस को तहरीर में बताया कि वह अहमदाबाद में मजदूरी करता है। पत्नी ने सूचना दी कि उसकी बड़ी, छोटी बहन और पिता घर से लापता हैं। पिता से मोबाइल पर संपर्क करने पर उन्होंने दोनों बेटियों के अपने साथ होने की बात कही, लेकिन ठिकाना बताए बिना फोन काट दिया। भाई के अनुसार, काफी तलाश के बाद 26 मई को उसकी बड़ी बहन घर वापस पहुंची। उसने ने बताया कि पिता समेत मनशक्ति देवी, सारनाथ के गोला निवासी आजाद और उसकी पत्नी अनीता उसे और उसकी नाबालिग बहन को चारपहिया से सभी मेरठ ले गए। छोटी बहन की शादी सुमित पाल से करा दी, जबकि मेरी गौरव पाल से करा दी गई। बड़ी बहन का आरोप है कि यह विवाह उनकी इच्छा के विरुद्ध कराया गया था। बताया कि शादी के कुछ दिनों बाद पति मारपीट करने लगा। प्रताड़ना से तंग आकर वह घर छोड़कर ट्रेन से वाराणसी पहुंची और अपने गांव लौट आई। भाई ने आरोप लगाया कि उसके पिता के अलावा मनशक्ति देवी, आजाद, अनीता, सुमित पाल और गौरव पाल ने मिलकर बहनों की मर्जी के खिलाफ विवाह कराया और बदले में दो लाख रुपये लिए। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
विवाहिता ने ननद के घर में दी जान, अंतिम संस्कार रुकवाया
लोहता थाना क्षेत्र के सरहरी गांव की विवाहिता सरिता मौर्य (25) ने पुणे, महाराष्ट्र में ननद के घर फंदे से लटक कर जान दे दी। मायका पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया। लोहता पुलिस का कहना है कि मामला महाराष्ट्र का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की तरफ से तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह छह बजे पति संजय मृतका का शव लेकर सरहरी गांव पहुंचा। अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसी दौरान मिर्जापुर, लालगंज थाना क्षेत्र के निवासी मृतका के पिता इंद्र कुमार मौर्य पहुंचे और अंतिम संस्कार रुकवा दिया। उन्होंने घटना की सूचना लोहता पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के बीच तीन घंटे तक कहासुनी होती रही। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है और शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार किया जा रहा था।थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि मायके पक्ष को आश्वासन दिया कि पुणे से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तब मामला शांत हुआ और ससुराल पक्ष शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गया।
दहेज उत्पीड़न में पति समेत 10 लोगों पर प्राथमिकी
दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित और धमकी देने के आरोप में ने पीड़िता प्रगति गुप्ता की तहरीर पर पति समेत 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चेतगंज के तेलियाबाग निवासी प्रगति गुप्ता ने पुलिस को तहरीर में बताया कि उनका विवाह 30 नवंबर 2025 को चौबेपुर थाना क्षेत्र के छावनी जयरामपुर निवासी विनोद गुप्ता के साथ हुआ। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास, ननद, जेठ और जेठानियां अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। 29 मई को पति ने कमरे में घुसकर मारपीट की। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति विनोद गुप्ता समेत 10 नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
नमो घाट के पास तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार
नमो घाट पर रविवार शाम पर्यटकों और लोगों की अचानक बढ़ी भीड़ के कारण राजघाट-पड़ाव मार्ग पर भीषण जाम लग गया। तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। ढाई घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम 6 बजे नमो घाट की ओर जाने वाले वाहनों की संख्या अचानक बढ़ गई। पुलिस ने नमो घाट मोड़ से डायवर्जन कर जाम में फंसे वाहनों को आगे बढ़ाया। रात 8.15 बजे जाम पूरी तरह समाप्त हो सका। कई वाहन चालकों ने बताया कि उन्हें कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में एक घंटे से अधिक समय लग गया। लोगों का कहना है कि छुट्टी वाले दिनों में नमो घाट पर बढ़ने वाली भीड़ को देख स्थायी यातायात प्रबंधन की आवश्यकता है।
शादी के 15 दिन बाद नवविवाहिता लापता
शादी के महज 15 दिन बाद एक नवविवाहिता लापता हो गई। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर बहला-फुसलाकर साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है। महिला के अनुसार उसकी पुत्री की शादी 14 मई 2026 को हुई थी। 28 मई की शाम चार बजे धर्मेंद्र राजभर उसकी पुत्री को बहलाकर साथ ले गया। घटना के बाद परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
गेल इंडिया के सुपरवाइजर पर मारपीट व धमकी देने में प्राथमिकी दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के जानकी नगर, सामनेघाट निवासी तथा मूलरूप से शंकरपुर, हंडिया (प्रयागराज) निवासी आशीष कुमार पांडेय की शिकायत पर गेल इंडिया के एक सुपरवाइजर अमन पांडेय के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के मामले में प्राथमिकी दर्ज हुई। आशीष कुमार पांडेय ने तहरीर में बताया कि वह गेल इंडिया की पाइपलाइन बिछाने से संबंधित ठेकेदारी करता है। आरोप है कि शनिवार को सुपरवाइजर अमन पांडेय उनके कार्यालय पहुंचे और अपने बकाया भुगतान का हिसाब करने लगे। बातचीत के दौरान अमन पांडेय ने अतिरिक्त धनराशि की मांग की। जब आशीष ने कहा कि उनका पूरा भुगतान पहले ही किया जा चुका है, तो दोनों के बीच विवाद हो गया। शिकायत के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गालीगलौज शुरू कर दी और सरिया उठाकर वार कर दिया। कार्यालय में रखा लैपटॉप, प्रिंटर और मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
नौकरी का लालच देकर बेरोजगारों से ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा गया
प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर बेरोजगार युवक-युवतियों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले साइबर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया। मुख्य आरोपी कृष्ण कुमार, रोशनी प्रजापति और आशुतोष सिंह को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से नौ मोबाइल फोन, विभिन्न सिम कार्ड, तीन क्यूआर कोड, दो कूटरचित आधार कार्ड, चयन और प्रशिक्षण संबंधी दस्तावेज, अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र और बैंकिंग लेन-देन से जुड़े अभिलेख बरामद किए हैं। साइबर क्राइम सेल ने प्रतिबिंब और एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायतों की जांच शुरू की। जांच में ऐसे मोबाइल नंबर सामने आए जिनके माध्यम से विभिन्न राज्यों के बेरोजगार युवक-युवतियों को नौकरी का झांसा देकर ठगा जा रहा था। सूचना के आधार पर रोहनिया क्षेत्र के कार्यालय पर छापा मारकर कृष्ण कुमार और रोशनी प्रजापति को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर जगतपुर से आशुतोष सिंह को भी दबोचा। पूछताछ में पता चला कि आरोपी रोजगार मेलों से अभ्यर्थियों का डाटा जुटाकर उनसे संपर्क करते थे और नामी कंपनियों में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाते थे। आरोपित फर्जी चयन पत्र, प्रशिक्षण पत्र और ज्वाइनिंग लेटर भेजकर अभ्यर्थियों से रजिस्ट्रेशन, पुलिस सत्यापन, प्रशिक्षण, ड्रेस, आवास और भोजन शुल्क के नाम पर धन उगाही करते थे।
साइबर ठगी में गिरोह सरगना समेत पांच पर गैंगस्टर की कार्रवाई
साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के पांच आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की। सरगना शमीम अंसारी समेत फकरुद्दीन उर्फ निरंजन, नसीम अंसारी, शहाबुद्दीन अंसारी और साहब लाल मरांडी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने गैंग चार्ट को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी से अनुमोदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की। जांच में सामने आया कि यह गिरोह विभिन्न राज्यों में सक्रिय रहकर संगठित रूप से साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित करता था। आठ दिसंबर 2025 को चौबेपुर थाना क्षेत्र निवासी मदन मिश्रा की शिकायत पर साइबर ठगी में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। आरोप पत्र 25 अप्रैल 2026 को न्यायालय में भेजा जा चुका है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार गिरोह के सदस्यों के खिलाफ झारखंड के धनबाद में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी सफेदपोश अपराधियों की तरह संगठित अपराधों को अंजाम देते थे, जिससे आम लोग उनके खिलाफ शिकायत या गवाही देने से कतराते थे। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
राहुल गांधी और अजय राय का पुतला जलाया
प्रधानमंत्री के खिलाफ बयानबाजी के विरोध में रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अजय राय का पुतला फूंका। यह प्रदर्शन चिरईगांव, चौबेपुर और शिवपुर में देखने को मिला। चिरईगांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ हाल के दिनों में की गई कथित अमर्यादित बयानबाजी के विरोध में रविवार को भाजपा लमहीं मंडल के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं से सार्वजनिक जीवन में संयमित भाषा का प्रयोग करने की अपील की। इस दौरान शिवकुमार चौबे, जयप्रकाश श्रीवास्तव, शिशिर सिंह विक्की, रमेश सिंह, आदि मौजूद रहे। चौबेपुर के जाल्हूपुर बाजार में शिवपुर विधानसभा के चिरईगांव मंडल भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध कर कांग्रेस नेताओं का पुतला फूंका। नेताओं ने राहुल गांधी मुर्दाबाद अजय राय मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस मौके पर शशिकांत कुशवाहा, पवन चौबे, जित्तु सिंह, पंकज त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे रहेगी पुलिस
प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे पुलिस की तैनाती रहेगी। साथ ही यूपी-112 वाहनों की रणनीतिक तैनाती भी की जाएगी। ताकि समय और सटीक लोकेशन पर तुरंत पहुंच जाए। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रविवार को कैंप कार्यालय में समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। अपराध नियंत्रण, रात्रि गश्त, यातायात प्रबंधन और ऑपरेशन चक्रव्यूह के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया। हर थाने की 20 प्रतिशत पुलिस फोर्स रात्रि गश्त, 20 प्रतिशत ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत चेकिंग, 20 प्रतिशत यातायात प्रबंधन और शेष 40 प्रतिशत बल अन्य दायित्वों में लगाया जाए। थाना स्तर पर ही शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और जनता के प्रति संवेदनशील, सौम्य और शालीन व्यवहार बनाए रखने को कहा। महिला सुरक्षा एवं महिला संबंधी अपराधों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। चोरी प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई। इसके अलावा काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र व्यवहार, ‘नो टच पॉलिसी’ के पालन और सुगम दर्शन व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। हुक्का बार, मानव तस्करी, अवैध खनन, अवैध स्लॉटरिंग तथा अन्य संगठित अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा।
गंगा में डूब रहे युवक को मल्लाहों ने बचाया
दशाश्वमेध घाट के पास गंगा में स्नान के दौरान देर रात एक युवक डूबने लगा। वहां मौजूद कुछ लोगों ने शोर बचाया। ऐसे में नाविक की नजर पड़ी और पानी में लाठी फेंककर उसे बचाया। नाविकों ने बताया कि मनाही के बाद भी लोग गंगा में अंदर तक उतर जाते हैं। ज्यादातर घटनाएं इसी वजह से होती है। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि युवक कहा का था इसी बात की जानकारी जुटाई जा रही है।
कैंट स्टेशन पर पांच बैग में मिला कछुआ
कैंट रेलवे स्टेशन पर रविवार की रात आठ बजे देहरादून से आ रही ट्रेन नंबर 13010 से पांच बैग में कछुए बरामद किए गए। जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि मौके से पांच बैग में कछुए बरामद किए गए। वन विभाग की टीम को सुपुर्द कर दिया गया है।
नास्ते के विवाद में मजदूर ने फावड़े से हमला कर बैंककर्मी को किया घायल
रामनगर थाना क्षेत्र के रामपुर वार्ड के रस्तापुर में रविवार दोपहर नास्ते के पैसे को लेकर विवाद में मजदूर मल्लू ने प्लॉट मालिक बैंककर्मी हिमांशु पर फावड़े से हमला कर दिया। हमले में हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में गहरी चोट लगने के कारण वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। मित्र धीरेंद्र प्रताप सिंह उन्हें लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। तहरीर के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1.30 बजे हिमांशु अपने रस्तापुर में प्लॉट पर निर्माण करा रहे थे। काम कर रहे मजदूर मल्लू और उसके दो अन्य साथियों से नास्ते के पैसे को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मजदूरों ने गाली देनी शुरू कर दी और विरोध करने पर फावड़े से हिमांशु के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर पुलिस को तहरीर सौंप दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पूछताछ के लिए एक मजदूर को हिरासत में लिया गया है।
जुआ खेलते तीन गिरफ्तार, ताश के पत्ते व नकदी बरामद
लोहता थाना क्षेत्र के हरपालपुर (कन्हई सराय) कस्बे में पुलिस ने छापा मारकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 52 ताश के पत्ते और 1,330 रुपये बरामद किए हैं। आरोपियों में शमीम अहमद पुत्र असगर अली निवासी हरपालपुर, जहांगीर पुत्र छेदी निवासी हरपालपुर थाना लोहता और अब्दुल समद पुत्र अब्दुल वाहिद निवासी ओखला, नई दिल्ली शामिल हैं। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि क्षेत्र में काफी दिनों से जुआ खेलने की शिकायतें मिल रही थीं। तीनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
आम तोड़ रहे किशोर की पिटाई, तीन पर प्राथमिकी दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के लोकापुर गांव में आम तोड़ने गए एक किशोर को पीटने के मामले में पीड़ित की मां की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस को प्रार्थना पत्र में ज्योति दुबे ने आरोप लगाया कि उनका पुत्र कीर्ति दुबे शनिवार को घर के पास बगीचे में आम तोड़ने गया था। गांव के ही अजय दुबे, गोविंद दुबे, मृत्युंजय दुबे पहुंचे और मारा पीटा। विरोध करने पर आरोपियों ने घर को जला देने की धमकी दी। घायल किशोर का उपचार एक निजी चिकित्सालय में कराया जा रहा है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
टोटो हटाने के विवाद में मारपीट, छह पर प्राथमिकी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के सोनारपुरा तिराहे पर टोटो हटाने को लेकर विवाद में मारपीट हुई। पीड़ित रविंद्र सोनकर की तहरीर पर पुलिस ने छह अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। जानकारी के अनुसार, सामनेघाट निवासी रविंद्र सोनकर शुक्रवार रात 9 बजे टोटो से जा रहे थे। सोनारपुरा तिराहे के पास उनकी टोटो खराब हो गई। आरोप है कि वहां पहुंचे 5-6 अज्ञात लोगों ने टोटो हटाने को कहा। रविंद्र के अनुसार, उन्होंने वाहन खराब होने की बात बताई, लेकिन आरोपी आक्रोशित हो गए और लाठी से हमला कर घायल कर दिया। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
लंका थाना क्षेत्र के रमना निवासी बेबी पटेल की तहरीर पर पुलिस ने विकास पटेल, अभिषेक पटेल, कल्लू पटेल समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि शनिवार सुबह 8 बजे गहरी (खूंटा) रखने को लेकर विवाद में आरोपियों ने लाठी और बांस से वार कर घायल कर दिया। आरोपियों ने दोबारा गहरी रखने पर जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
दुलर्भ प्रजाती का कस्तूरी बिलाव को पकड़ा
मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर में डाबर कंपनी में कई महीनों से कर्मचारियों के लिए दहशत का कारण बना एक दुर्लभ वन्यजीव आखिरकार रविवार को वन विभाग की टीम के हत्थे चढ़ गया। वन विभाग और स्थानीय सर्प मित्र की संयुक्त टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद कस्तूरी बिलाव को पिंजरे में कैद कर लिया। कर्मचारियों के अनुसार कस्तूरी बिलाव लंबे समय से छिपकर रह रहा था और रात को सामग्रियों को नुकसान पहुंचाता था। रहस्यमयी आवाज और अचानक दिखाई देने की घटनाओं से कर्मचारियों में भय था। कुछ दिन पहले एक कर्मचारी ने उसकी तस्वीर खींचकर वन विभाग को भेजी, जिसके बाद उसकी पहचान कस्तूरी बिलाव के रूप में हुई। सर्प मित्र रतन गुप्ता की मदद से कई बार रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन हर बार यह फुर्तीला जीव टीम को चकमा देकर भाग जाता था। रविवार दोपहर दिखाई देने पर कर्मचारियों ने वन विभाग को सूचना दी। जानवर को सुरक्षित घेरे में लेने के लिए जाल लगाया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कस्तूरी बिलाव को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ा जाएगा।