वाराणसी में क्राइम की खबरें: आठ लाख की ठगी में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, युवक पर रॉड-लाठी से हमला
Varanasi News: वाराणसी में सोमवार को कई खबरें सुर्खियों में रहीं। इनमें पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी समेत कई खबरें शामिल रहीं। संक्षिप्त में पढ़ें- दिनभर की अपडेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नौकरी दिलाने के नाम पर आठ लाख की ठगी, 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
नौकरी दिलाने के नाम पर आठ लाख की ठगी के आरोपी 25 हजार के इनामी अरविंद तिवारी को कपसेठी पुलिस ने सोमवार को जौनपुर के सुंदरपुर कॉलोनी वाजिदपुर उमरपुर के पास से गिरफ्तार किया। अरविंद के खिलाफ जौनपुर के मडियाहू, लखनऊ के विभूति खंड और कपसेठी थाने में 12 मामले दर्ज हैं।
थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्य ने बताया कि गिरफ्तार मडियाहू थाना क्षेत्र के सुभाषपुर पाली का निवासी है। कपसेठी थाने में शिवम सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके परिचित अनुज कुमार ने उनके छोटे भाई की नौकरी के लिए अरविंद तिवारी से मिलवाया था। आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर विभिन्न किस्तों में आठ लाख रुपये लिए गए। चार लाख दस हजार रुपये आरटीजीएस से अरविंद के खाते में भेजे गए थे। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी। पैसे वापस मांगने पर टालमटोल और धमकी दी जाने लगी। फरार रहने के कारण उच्च अधिकारियों के निर्देश पर उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
नशे में धुत 108 एंबुलेंस चालक पकड़ा, पुलिस ने पीछा कर ढेरही टोल प्लाजा पर रोका
जौनपुर के चंदवक थाना क्षेत्र में एक 108 एंबुलेंस चालक को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान मिली सूचना पर एंबुलेंस का पीछा किया। चोलापुर थाना क्षेत्र में ढेरही टोल प्लाजा के पास रोका गया। बताया गया कि चालक नशे में था और वाहन को सड़क पर असामान्य तरीके से चला रहा था। एंबुलेंस के भीतर एक व्यक्ति सोया भी मिला। चालक ने पुलिसकर्मियों के साथ बहस भी की। इस घटना का वीडियो लोगों ने बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। चंदवक पुलिस एंबुलेंस को थाने ले गई। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों तक पहुंची। इसके बाद चालक को कड़ी फटकार लगाई गई। उसे भविष्य में इस तरह वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई। चोलापुर थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि चंदवक पुलिस चालक को पकड़ने के बाद थाने ले गई। फटकार के बाद उसे छोड़ दिया गया।
युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने वाला आरोपी गिरफ्तार
युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने और आपत्तिजनक फोटो भेजने के आरोपी गोपी उर्फ कारू को पुलिस ने मिर्जामुराद थाना गेट के पास से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि चोलापुर के राजापुर निवासी गोपी उर्फ कारू ने मृतका के होने वाले पति को उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेजे थे। परिजनों के अनुसार, इस घटना से आहत होकर युवती ने 19 जुलाई को जहरीला पदार्थ खा लिया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पूछताछ में आरोपी गोपी उर्फ कारू ने अपना जुर्म स्वीकार किया। उसने बताया कि वह युवती का पूर्व परिचित था। युवती की शादी तय होने की जानकारी मिलने पर उसने होने वाले पति का मोबाइल नंबर हासिल किया। फिर व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेज दिए। मोबाइल फोन में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी मिले हैं।
भिखारीपुर मार्ग पर निर्माण में लापरवाही, दर्ज होगी प्राथमिकी
लोक निर्माण विभाग ने भिखारीपुर तिराहे से एनएच-2 तक कराए गए मार्ग निर्माण में लापरवाही के लिए ठेकेदार फर्म मेसर्स राज एसोसिएट्स के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। यह कार्य वित्तीय वर्ष 2017-18 में हुआ था। जलभराव और जल निकासी की गंभीर समस्या सामने आई है। रिहायशी क्षेत्रों में जलभराव और नाली से पानी न निकलने के कारण जनता को परेशानी हो रही थी। समस्या का संज्ञान जिलाधिकारी ने लिया। उन्होंने जनहित में एक उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया था। जांच समिति की ओर से पेश रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है। लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड-1) के अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार सिंह ने चितईपुर थाना प्रभारी को पत्र लिखा है। पत्र में फर्म के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिशासी अभियंता ने पत्र की प्रतिलिपि कई उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। सहायक अभियंता शांतनु कुमार और अवर अभियंता महेंद्र यादव को थाने में उपस्थित होने को कहा गया है।
कांवड़िया लेन में लापरवाही से वाहन चलाने वाला युवक गिरफ्तार
सावन के दौरान कांवड़िया लेन में लापरवाही से वाहन चलाने और कांवड़ियों से विवाद करने वाले शुभम पाल को मिर्जामुराद पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी गोपाजी कुशवाहा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संत रविदास नगर भदोही के विक्रमपुर गांव का निवासी है। पुलिस टीम सावन के मद्देनजर कांवड़िया लेन में ड्यूटी पर थी। राधा-कृष्ण मंदिर, गौर के पास शुभम पाल लापरवाही से बाइक चला रहा था। उसने कांवड़ियों से विवाद भी किया। पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया पर वह उत्तेजित होकर विवाद पर उतारू हो गया। जिसके बाद कार्रवाई की गई।
छात्राओं से छेड़छाड़ करने का आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज
सिंधोरा थाना की मिशन शक्ति की टीम ने रामबाबा इंटर कॉलेज की छात्राओं पर अश्लील टिप्पणी करने के आरोपी चंदन पटेल को सोमवार को गिरफ्तार किया। सिंधोरा थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि वह विक्रमपुर का निवासी है। रामबाबा इंटर कॉलेज के पास छात्राओं पर अश्लील टिप्पणी कर रहा था।
जमीन विवाद में युवक पर रॉड-लाठी से हमला, तीन पर आरोप
जंसा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में जमीन के विवाद को लेकर एक युवक पर रॉड और लाठी-डंडों से हमला किया गया है। पीड़ित राजेश पटेल ने गांव के सुनील कुमार पटेल, आर्यन पटेल और आयुष पटेल समेत अज्ञात पर मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। राजेश पटेल ने पुलिस को बताया कि एक साल पहले गांव निवासी कमला पटेल की जमीन का जबरन बैनामा कराने का प्रयास हो रहा था। इसका विरोध किया था, जिससे आरोपियों से रंजिश हो गई थी। हाल ही में कमला पटेल ने बातचीत के लिए बुलाया। आरोप है कि वहां मौजूद सुनील, आर्यन और आयुष पटेल ने रॉड व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
इसे भी पढ़ें; Varanasi News: दो महीने में बदले सीएमओ, डॉ. एनपी सिंह को मिली जिम्मेदारी; जिला अस्पताल के सीएमएस की भी तैनाती
दरवाजा तोड़कर बेहोश महिला को निकाला, अस्पताल में भर्ती
तिलमापुर में सोमवार को एक महिला किराये के मकान में बेहोश मिली। आशापुर चौकी प्रभारी दीक्षा पांडेय ने दरवाजा तोड़कर महिला को बाहर निकाला। उसे सारनाथ सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि शाम 4 बजे पीआरवी से सूचना मिली कि तिलमापुर के किराये के मकान में रहने वाली महिला ने सुबह से दरवाजा नहीं खोला। मकान मालिक कैलाश नाथ मिश्रा की मौजूदगी में पुलिस ने दरवाजा तुड़वाया। अंदर वैशाली (26) बेहोशी की हालत में बेड पर औंधे मुंह लेटी मिली। वह मूलरूप से बिहार के रोहतास जिले के बेरुखी की रहने वाली है। पति पंकज फिल्म के काम से रविवार रात बाहर गए थे। चौकी प्रभारी दीक्षा पांडेय ने महिला पर पानी के छींटे मारकर होश में लाया। वैशाली ने बताया कि पति से नोकझोंक हुई थी। इस वजह से उसकी तबीयत खराब हो गई थी। बाद में वैशाली के जीजा अवधेश कुमार को बुलाया गया। अस्पताल से ठीक होने के बाद वैशाली अपने जीजा के साथ चली गई।
जलाभिषेक के लिए पहुंचे भक्तों में मारपीट, मामला पहुंचा थाने
सारंगनाथ महादेव मंदिर में दूसरे सोमवार की शाम जलाभिषेक को लेकर दो परिवारों में मारपीट हुई। एक महिला ने टिफिन से एक व्यक्ति की पिटाई कर दी। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला थाने तक पहुंच गया। शाम को दर्शन के लिए दो अलग-अलग परिवार मंदिर के गर्भगृह पहुंचे थे। जलाभिषेक को लेकर उनके बीच पहले नोकझोंक हुई। मंदिर से बाहर निकलते ही एक महिला ने पानी वाली टिफिन से एक व्यक्ति को पीटना शुरू कर दिया। पति को पिटता देख उसकी पत्नी भी हाथापाई करने लगी। अन्य भक्तों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद भी दोनों पक्षों में तनाव रहा। कार्यवाहक प्रभारी अनूप शुक्ला ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपस में मझौता कर लिया है। किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
बेकाबू वाहन दुकान में घुसा, चार कारें क्षतिग्रस्त
रोहनिया थाना क्षेत्र में टोडरपुर गेट के पास रविवार रात बेकाबू डंपर हाईवे की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए शिवम ऑटोमोबाइल की दुकान में घुस गया। दुकान के बाहर खड़ीं चार कारें क्षतिग्रस्त हो गईं, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि घटना में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई है।
बीमारी से तंग आकर वृद्ध ने गंगा में लगाई छलांग, तलाश जारी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के रमचंदीपुर ढाब में सोता पुल से सोमवार को बुजुर्ग बाबूनंदन राम ने बीमारी से परेशान होकर गंगा में छलांग लगा दी। गोताखोरों की घंटों की मशक्कत के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। परिजनों की सूचना पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम खोजबीन में जुटी हुई है। रमचंदीपुर निवासी बाबूनंदन राम कई दिनों से बीमारी से पीड़ित थे। उनके दो विवाहित बेटे हैं। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि गंगा में पानी का स्तर बढ़ा हुआ है। एनडीआरएफ की टीम लगातार खोजबीन कर रही है, हालांकि अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।
सारनाथ मेले में जलपरी शो पर पुलिस जांच, युवती निकली बालिग
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नाबालिग से करतब दिखाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सारनाथ के एक मेले में जलपरी शो की जांच की। शो सावन मेले में थाई बौद्ध विहार के सामने एक लॉन में हो रहा था। टिकट 60 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया था। जलपरी बनी युवती की उम्र 16 साल बताई गई थी। कार्यवाहक थाना प्रभारी अनूप शुक्ला ने बताया कि जांच में पता चला कि युवती की उम्र 20 साल है। जिला प्रशासन से मिले अनुमति प्रमाण पत्र में भी 20 साल से अधिक उम्र के लोगों को ही शो में काम करने की अनुमति है।
युवक को सिगरेट से दागा, मारपीट और जान से मारने की धमकी
युवक को जलती सिगरेट से दागने और मारपीट के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ सोमवार को चेतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। नई पोखरी निवासी नसरुद्दीन अंसारी ने पुलिस को बताया कि रविवार रात वह दोस्तों के साथ पितरकुंडा में बातचीत कर रहे थे। हबीबपुरा निवासी शुभम जायसवाल अपने साथी सौरभ अग्रहरी के साथ पहुंचा। शुभम ने बिना किसी कारण सीने पर जलती सिगरेट रगड़ दी। विरोध किया तो आरोपी ने गालीगलौज और पिटाई की। दोस्त मनीष सरोज के साथ शुभम के घर पहुंचे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़ित नसरुद्दीन की शिकायत पर शुभम जायसवाल और सौरभ अग्रहरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
युवती को शादी का झांसा देकर खुदकुशी को उकसाने पर प्राथमिकी दर्ज
युवती को शादी का झांसा देकर खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोपी अश्वनी के खिलाफ सोमवार को मंडुवाडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पिता ने पुलिस को बताया कि कानपुर निवासी अश्वनी ने शादी का झांसा देकर टी का मानसिक और शारीरिक शोषण किया, साथ ही उसे आत्महत्या के लिए उकसाया। अश्वनी फरवरी और अप्रैल में बेटी से मिलने वाराणसी आया था। घटना से कुछ दिन पहले बेटी अश्वनी के व्यवहार से परेशान थी। 17 जुलाई को बेटी ने खुदकुशी कर ली। बेटी की सहेली ने घटना के बारे में बताया। इसके बाद से परिजनों को अज्ञात नंबरों से लगातार कॉल आ रहे हैं। उन्होंने आरोपी के मोबाइल नंबर, एसएमएस, व्हाट्सएप चैट और संदिग्ध तस्वीरों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर साक्ष्यों और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
दुर्घटना के पीड़ित से दरोगा ने की बदसलूकी
मलदहिया चौराहे पर रविवार रात सड़क दुर्घटना के बाद पीड़ित ने तेलियाबाग पुलिस चौकी प्रभारी पर बदसलूकी का आरोप लगाया। आरोप है कि दरोगा ने पीड़ित को गाली दी। सिगरा थाने में तहरीर दी है। पीड़ित फैमित ने पुलिस को बताया कि मलदहिया चौराहे पर दूसरी बुलेट से टक्कर हो गई थी। इसके बाद दूसरे पक्ष के कुछ युवकों ने पिटाई की। वह उसे तेलियाबाग पुलिस चौकी ले गए। सिगरा थाने का मामला होने के बावजूद चेतगंज के तेलियाबाग चौकी पर बैठाया गया। फैमित ने आरोप लगाया कि चौकी प्रभारी ने दुर्व्यवहार किया। सिगरा इंस्पेक्टर शिवकांत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है।
अवैध मिट्टी खनन में दो ट्रैक्टर जब्त, आरोपी गिरफ्तार
रूपचंदपुर गांव में पुलिस ने सोमवार को अवैध मिट्टी खनन और परिवहन के आरोपी सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार किया। इस दौरान मिट्टी से लदे दो ट्रैक्टर व लोडर भी जब्त किए गए। थाना प्रभारी पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी लखनपुर का निवासी है। मौके से जब्त किए गए ट्रैक्टर ट्रॉली और मोडिफाइड ट्रैक्टर मय लोडर में मिट्टी लदी थी। दोनों वाहनों को सीज किया गया है। सुरेंद्र यादव खनन और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
ऑटो चालक ने फंदे से लटक दी जान
सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा में सोमवार शाम ऑटो रिक्शा चालक इकलाख खान (42) ने किराये के मकान में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने भी छानबीन की है। कैंट थाना क्षेत्र के पहाड़पुर पुलिस लाइन निवासी इकलाख खान ने दो शादियां की थीं। वह कुछ दिनों से लल्लापुरा में किराये के मकान में रहता था। शाम को परिजन पहुंचे तो कमरा खुला था और पंखे की कुंडी में फंदे से इकलाख लटका हुआ था। सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि इकलाख के दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 16 साल और 11 साल है। घटना के समय मकान का दरवाजा खुला हुआ था। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मंदिर में दो महिला दर्शनार्थियों की चेन चोरी
केदार घाट पर गौरी केदारेश्वर मंदिर में दर्शन के दौरान सोमवार को दो महिला दर्शनार्थियों की सोने की चेन चोरी हो गई। भेलूपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चितईपुर थाना क्षेत्र के सुसुवाही, हैदराबाद गेट के पास की रहने वाली पुनीता पाल ने पुलिस को बताया कि वह परिजनों के साथ मंदिर दर्शन करने पहुंची थीं। 6 ग्राम की सोने की चेन चोरी हुई। उधर, तिरुवनंतपुरम की शांभवी ने पुलिस को बताया कि कीमती सोने की चेन मंदिर के भीतर से चोरी हो गई। इन घटनाओं से मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।