Chandauli News: घर में हो रहा था सिलिंडर रिफिलिंग...ऐसे खुली पोल, एसडीएम ने मारा छापा; मशीन सहित पिकअप बरामद
UP News: सभी सामान सरिता देवी के मकान में स्थित एक कमरे से बरामद हुए हैं। पूछताछ में सरिता ने बताया कि उन्होंने एक वर्ष पहले संतोष कुमार जायसवाल नामक एक व्यक्ति को कमरा किराए पर दिया था, ये भी सामान वहीं यहां लाकर रखता था।
विस्तार
एसडीएम पीडीडीयू नगर ने शुक्रवार को दिन में काली महाल क्षेत्र स्थित एक घर में छापेमारी कर अवैध रूप से रखे एलपीजी गैस सिलिंडर, रिफिलिंग मशीन समेत तराजू बरामद किया। हालांकि इस दौरान कोई भी पकड़ में नहीं आया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पूर्ति विभाग की टीम ने सभी सामान को सीज कर दिया।
बरामद सभी सिलिंडर इंडेन कंपनी के है। विभाग ने मौके से बरामद पिकअप वाहन को पुलिस के हवाले कर दिया। पूर्ति विभाग की टीम आरोपी के विरूद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट रही। ईरान और इजराइल युद्ध के बीच एलपीजी गैस को लेकर लोग काफी तनाव में है। वहीं, दूसरी तरफ मुनाफा खोर अलग ही खेल में जुटे हैं।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पीडीडीयू नगर के कालीमहाल स्थित एक मकान अवैध रूप से चल रहे रिफिलिंग के खेल की सूचना पर एसडीएम अनुपम मिश्रा ने टीम के साथ छापेमारी की। टीम ने मकान में स्थित एक कमरे से इंडेन कंपनी के कमर्शियल और घरेलू सिलिंडर बरामद किए। सूचना के बाद पूर्ति निरीक्षक ममता सिंह भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस ने की कार्रवाई
पूर्ति निरीक्षक ममता ने बताया कि मौके से 10 कमर्शियल, एक घरेलू और एक छोटा आठ किलोग्राम वाला कमर्शियल सिलिंडर बरामद हुआ है। इसमें घरेलू सिलिंडर में दस से 12 किलो गैस भरी हुई थी, शेष सिलिंडर खाली थे। इस दौरान चार रिफिलिंग मशीन, दो इलेक्ट्रानिक तराजू और एक पिकअप बरामद हुई है।
पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि मौके से बरामद पिकअप राहुल जायसवाल के नाम से पंजीकृत है, जो कि संतोष जायसवाल का बेटा है। पूर्ति निरीक्षक ममता सिंह ने बताया कि सभी सामान को सीज कर उसे एक गैस एजेंसी की निगरानी में रखवा दिया गया है। पिकअप को पुलिस के हवाले कर दिया गया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।