UP News: विश्वनाथ धाम में दर्शन करने आए श्रद्धालु की मौत, काफी देर तक खड़े रहे; इलाज में लापरवाही का आरोप
Varanasi News: काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के दौरान जयपुर निवासी रामप्रकाश शर्मा की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वे परिवार के साथ दर्शन करने आए थे। बेहोश होने पर उन्हें कबीरचौरा अस्पताल ले जाया गया, जहां परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Kashi Vishwanath Dham: काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए कतार में खड़े एक श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक राजस्थान के जयपुर का निवासी बताया जा रहा है, जो अपने परिवार के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए वाराणसी आया था। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में इलाज में देरी और लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार जयपुर निवासी रामप्रकाश शर्मा अपने परिवार के साथ वाराणसी दर्शन-पूजन के लिए आए थे। परिजनों के मुताबिक वे एक होटल में ठहरे हुए थे और बुधवार सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए लगी कतार में काफी देर तक खड़े रहने के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें चक्कर आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रामप्रकाश शर्मा अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभाला तथा छायादार स्थान पर लिटाकर प्राथमिक सहायता देने का प्रयास किया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा भेजा गया।
परिजनों में मचा कोहराम
मृतक के नाती गगन शर्मा ने आरोप लगाया कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी उपचार में देरी हुई और समय पर आवश्यक दवाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। उनका कहना है कि गंभीर स्थिति होने के बावजूद चिकित्सकों ने तत्परता नहीं दिखाई, जिसके चलते उनके नाना की मौत हो गई।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पत्नी और अन्य परिजन शव से लिपटकर विलाप करते रहे। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
उधर, पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। वहीं खबर लिखे जाने तक काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।