UP: काशी में सावन के सोमवार से पहले दर्शन के आठ दलाल अरेस्ट, VIP व्यवस्था का लिया था ठेका; CCTV में दिखी हरकत
Varanasi News: विश्वनाथ मंदिर में सुगम और वीआईपी दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वाले आठ कथित दलालों को दशाश्वमेध पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों पर श्रद्धालुओं से पैसे ऐंठने और दुर्व्यवहार का आरोप है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से किसी भी बिचौलिए के झांसे में न आने और शिकायत तत्काल दर्ज कराने की अपील की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में सुगम और वीआईपी दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वाले आठ कथित दलालों को दशाश्वमेध थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि वे श्रद्धालुओं को जल्दी दर्शन कराने का झांसा देकर पैसे ऐंठते थे और विरोध करने पर दुर्व्यवहार भी करते थे।
दशाश्वमेध थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि मंदिर परिसर और आसपास सक्रिय ऐसे लोगों पर पुलिस की लगातार नजर थी। शिकायतों के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई गई और मुखबिर की सूचना के आधार पर रविवार सुबह करीब आठ बजे विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों से आठ आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बहला-फुसलाकर सुगम या वीआईपी दर्शन कराने का दावा करते थे। इसके बदले वे उनसे मनमानी धनराशि वसूलते थे। कई श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया था कि पैसे देने से इनकार करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया।
जारी रहेगी पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन चौरसिया (मिसिर पोखरा, लक्सा), आकाश पांडेय (धरवा सैदपुर, गाजीपुर), शिवम चौधरी (मीरघाट, दशाश्वमेध), कृष्णा कुमार झा (स्थायी निवासी दरभंगा, बिहार), रूपेंद्र यादव (खजनी, गोरखपुर), प्रेम कुमार (भोजपुर पड़ाव, चंदौली), शिवम पांडेय (पत्थर गली, दशाश्वमेध) और संस्कार केशरी (पड़ाव, रामनगर) के रूप में की है।
दशाश्वमेध पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन की व्यवस्था पूरी तरह निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित होती है। किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर दर्शन के नाम पर धनराशि न दें। यदि कोई व्यक्ति सुगम या वीआईपी दर्शन कराने के नाम पर पैसे मांगता है या अवैध वसूली करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस अथवा मंदिर प्रशासन को दें। पुलिस ने कहा कि मंदिर परिसर में दलालों और बिचौलियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।