Varanasi News Today: लोन की किस्त से बचने को रची अपहरण की साजिश, सिपाही से 10 लाख की ठगी; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी में आदमपुर थाना क्षेत्र के साड़ी कारीगर के कथित अपहरण का मामला पुलिस की जांच में झूठा निकला। वहीं, जमीन दिलाने और बैंक से लोन स्वीकृत कराने का झांसा देकर 10 लाख की धोखाधड़ी में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: आदमपुर थाना क्षेत्र के विजयीपुरा (कोनिया) निवासी साड़ी कारीगर लक्ष्मण मौर्य (35) के कथित अपहरण का मामला पुलिस की जांच में झूठा निकला। बैंक लोन की किस्त जमा न करने पर हो रही रिकवरी से बचने के लिए लक्ष्मण ने खुद के अपहरण की साजिश रची थी। पत्नी के मोबाइल पर रोते हुए वीडियो भेजकर खुद को खतरे में बताया और जान बचाने की गुहार लगाई।
लक्ष्मण सोमवार सुबह सरैया साड़ी कारखाने में काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। अगले दिन उसने पत्नी को फोन कर कहा कि, मुझे बचा लो, ये लोग मुझे मार देंगे। इसके बाद उसने पत्नी के मोबाइल पर अपना रोते हुए वीडियो भी भेजा। वीडियो देखकर परिजन घबरा गए और थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जांच शुरू कर लक्ष्मण के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो वह प्रयागराज के एक होटल में मिली। टीम प्रयागराज पहुंची और लक्ष्मण को होटल के कमरे से बरामद कर लिया। थाना प्रभारी विमल मिश्रा के अनुसार, पूछताछ में लक्ष्मण ने बताया कि उसने बैंक से लोन लिया था। लोन की किस्त जमा नहीं हो पा रही थी और बैंक कर्मी लगातार घर पहुंचकर रिकवरी का दबाव बना रहे थे। इसी दबाव से बचने के लिए अपहरण की कहानी रची।
मेडिकल रिपोर्ट, गवाह, पीड़िता का बयान और साक्ष्य के आधार पर सुनाई सजा
विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट आलोक कुमार की अदालत ने छह साल की बच्ची से यौन उत्पीड़न के दोषी निसार अहमद को 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर एक लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। 70 फीसदी राशि पीड़िता के पक्ष में देने का आदेश दिया। अर्थदंड जमा न करने पर निसार अहमद को एक वर्ष का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।
पीड़िता को निसार अहमद टॉफी का लालच देकर अपने घर ले गया था। वहां उसने बच्ची का यौन उत्पीड़न किया। घटना के बाद आरोपी ने बच्ची को धमकी देकर वापस शादी समारोह में छोड़ दिया था। घर पहुंचकर पीड़िता ने अपनी मां को पूरी बात बताई। पीड़िता के पिता की तहरीर पर सिगरा थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने 29 नवंबर 2021 को निसार अहमद को गिरफ्तार कर लिया था। कोर्ट ने सात गवाहों के बयान भी सुने।
युवती की मौत में आरोपी के पिता की जमानत अर्जी खारिज
सिंधोरा थाना क्षेत्र में युवती की विषाक्त पदार्थ खाने से मौत के मामले में आरोपी के पिता शैलेंद्र कुमार उर्फ मुनीब को सत्र न्यायालय से राहत नहीं मिली। सत्र न्यायाधीश संजीव शुक्ला की अदालत ने आरोपी की जमानत अर्जी खारिज कर दी। अदालत ने परिस्थितियों, उपलब्ध साक्ष्यों और अपराध की प्रकृति व गंभीरता को देखते हुए जमानत देने से इन्कार किया। मृतका की मां ने सिंधोरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
सॉल्वर गिरोह के दो आरोपियों की जमानत खारिज
अपर सत्र न्यायाधीश (न्यायालय संख्या-6) आलोक कुमार की अदालत ने प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा और नकल कराने के आरोपी कप्तान सिंह पटेल निवासी रामगढ़ कोठारी, बहरिया, प्रयागराज और रविकांत वर्मा की जमानत याचिका खारिज कर दी। अदालत ने मामले की गंभीरता और सार्वजनिक परीक्षा प्रणाली की शुचिता पर पड़ने वाले प्रभाव को देख राहत से इन्कार किया।
जमीन दिलाने और लोन के नाम पर सिपाही से 10 लाख की ठगी, प्राथमिकी दर्ज की गई
जमीन दिलाने और बैंक से लोन स्वीकृत कराने का झांसा देकर 10 लाख की धोखाधड़ी में गौरव गुप्ता समेत अन्य पर प्रयागराज पुलिसलाइन में तैनात सिपाही सत्येंद्र कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप लगाया है कि आरोपी पहले भी कई पुलिसकर्मियों से जमीन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर चुका है।
सत्येंद्र कुमार के मुताबिक, 2024 में उनकी मुलाकात गौरव गुप्ता से हुई थी। गौरव ने खुद को रियल एस्टेट कारोबारी बताते हुए उचित कीमत पर जमीन दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि वह उन्हें वरुणा ब्रिज के सामने कार्यालय ले गया। जहां अपनी मां, भाई, बहन और मैनेजर पवन कुमार भारती समेत अन्य लोगों से मिलवाया और जमीन का सौदा कराने का आश्वासन दिया।
फुलवरिया में जमीन का सौदा 45 लाख रुपये में तय कराया गया। गौरव ने बैंक ऑफ बड़ौदा की नदेसर शाखा से उनके नाम 15 लाख रुपये का पर्सनल लोन भी स्वीकृत करा दिया। रकम मिलने के बाद आरोपी जमीन की रजिस्ट्री लगातार टालते रहे। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है।
11 दिन में बैंक खाते से 7.95 लाख की ठगी
साइबर जालसाजों ने छोटेलाल सिंह के बैंक खाते से 11 दिन में 7.95 लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने शुक्रवार रात साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार बैंक जाने पर मालूम चला कि खाते से अवैध तरीके से रुपये की निकासी की गई। शिवपुर थाना क्षेत्र के मीरापुर बसही निवासी छोटेलाल सिंह ने पुलिस को बताया कि 9 से 20 जुलाई के दौरान उनके खाते से किस्तों में निकासी की गई। साइबर क्राइम थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि पुलिस की साइबर इकाई अब लेनदेन का विवरण खंगाल रही है।
सीसीटीवी में कैद हुई ट्रैक्टर की बैटरी चोरी की घटना
चौबेपुर थाना क्षेत्र के चंद्रा-बलुआ रोड पर संभुआ बाबा मंदिर, जाल्हुपुर के पास स्टार बिल्डिंग मैटेरियल दुकान के पास खड़े आलोक उर्फ गुड्डू की ट्रैक्टर से बैटरी चोरी हो गई। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
21 लाख की बैंक धोखाधड़ी में दो आरोपी गिरफ्तार
एक महिला के बैंक खाते से 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों बाबू पांडेय और महेश गुप्ता को भेलूपुर पुलिस ने शनिवार को संकुलधारा पोखरे के पीछे मैदान के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से सिम कार्ड और 15000 रुपये बरामद किए गए। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि दुर्गाकुंड घसियारी टोला निवासी बाबू पांडेय और ककरमत्ता दक्षिणी निवासी निवासी महेश गुप्ता ने बैंक खाते से 21 लाख रुपये की ठगी की।
बिजलीकर्मी की पिटाई के आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के नगवा उपकेंद्र पर तैनात संविदाकर्मी रोहन कुमार यादव के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपी सूरज शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। बताया गया कि शुक्रवार रात नगवा हनुमान मंदिर की बिजली खराब होने की सूचना पर रोहन कुमार यादव अपने साथी सनी साहनी के साथ मौके पर पहुंचे थे। बिजली बनाने के दौरान सूरज शर्मा कथित तौर पर रोहन को गाली देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने बेल्ट से दोनों की पिटाई कर दी, जिससे वे घायल हो गए। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि सूरज शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
24 घंटे में चोरी की बाइक बरामद, दो गिरफ्तार
बाइक चोरी के मामले में दो आरोपियों को आदमपुर पुलिस ने शुक्रवार रात बसंता तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। चोरी की बाइक 24 घंटे में बरामद किया। आदमपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बिहार कैमूर के दुर्गावती निवासी परदेशी कुमार और महेश कुमार है। बृहस्पतिवार रात भैंसासुर मंदिर राजघाट से बाइक चोरी हुई थी।
भाग्यलक्ष्मी एप से जुआ खेलने में दो आरोपी गिरफ्तार
ऑनलाइन जुआ खेलने के दो आरोपियों मोहित गुप्ता और नवनीत चौरसिया को पुलिस ने शनिवार को सूरजकुंड पोखरे के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 2190 रुपये और मोबाइल फोन बरामद किया गया। दोनों भाग्य लक्ष्मी ऐप से जुआ खेल रहे थे। लक्सा थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी लक्सा थाना क्षेत्र के जद्दूमंडी निवासी हैं। पुलिस को सूचना मिली कि सूरजकुंड पोखरे के किनारे दो युवक मोबाइल पर ऑनलाइन जुआ खेल रहे हैं। दोनों को गिरफ्तार किया गया।
न करंट लगेगा न आग, आकर्षण का केंद्र बने डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स पर लगे फाइबर कवर
शहर में बिजली निगम की ओर से सड़क किनारे लगे खंभों को हटाकर केबलों को भूमिगत किया जा रहा है। यह काम गोदौलिया से लेकर मैदागिन तक पूरा कर लिया गया है। सड़कों से खंभे गायब हैं सिर्फ डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स दिख रहे हैं, जिन्हें निगम ने विशेष फाइबर कवर से ढक दिया गया है। कवर की खासियत यह है कि न तो यह टूटेगा, न ही इसमें करंट फ्लो करेगा और ना ही आग लगेगी। कवर की लागत 16000 रुपये है।
बिजली निगम की ओर से गोदौलिया से मैदागिन तक सड़क किनारे लगे सभी डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्सों को विशेष फाइबर कवर से ढक दिया है। इस कवर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम की फोटो, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, खतरे का निशान और धाम जाने का साइनेज बना हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष कवर से ढंकने के बाद यात्रियों व पशुओं के लिए अब बिजली से कोई खतरा नहीं रह गया है। हर कवर की लागत 16000 रुपये है। शहर में अब तक 150 डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्सों पर यह कवर लगा दिए गए हैं।
अधीक्षण अभियंता प्रथम विनीत मौर्या ने बताया कि हाल ही में वाराणसी दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा के दर्शन करने जाते समय रुक कर इन कवर को देखा और सराहना की थी। सभी बॉक्सों पर लगाने के निर्देश दिए हैं।
साइबर ठगों ने दो घंटे में 5.86 लाख रुपये उड़ाए
साइबर ठगों ने डॉ. रविंद्र कुमार पांडेय का मोबाइल हैक कर दो घंटे में 5.86 लाख रुपये उड़ा दिए। यूपीआई से 13 बार लेनदेन कर बैंक खाते से रकम निकाली गई। पीड़ित रविंद्र कुमार पांडेय ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है। शुक्रवार रात चितईपुर थाने में साइबर ठगी मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। सुंदरपुर निवासी डॉ. रविंद्र ने पुलिस को बताया कि 23 जुलाई की सुबह 11.30 से दोपहर 1.30 बजे के बीच आजमगढ़ के चंडेश्वर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा के खाते से जुड़े यूपीआई का इस्तेमाल किया गया। थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। टीम ठगों के खातों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
रिलायंस जियो के 25 लाख रुपये के उपकरण चोरी
रामनगर थाना क्षेत्र में रिलायंस जियो की राल्हूपुर शाखा से 25 लाख के टेलीकॉम उपकरण चोरी हो गए। कोर्ट के आदेश पर शनिवार को रामनगर थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। सुपरवाइजर कन्हैया कुमार ने बताया कि 17 मार्च को 11 लाख रुपये के रेडियो, एंटीना और केबल चोरी हुए। 4 अप्रैल को दोबारा 14 लाख रुपये के एंटीना, रेडियो और केबल गायब हुए। सहयोगियों के साथ मिलकर चोरी का सामान एक कबाड़ी की दुकान पर खोज निकाला। 8 अप्रैल को पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद सामान बरामद कर थाने के यार्ड में रखवा लिया गया। थाने से न्याय न मिलने पर कोर्ट में प्रार्थना पत्र सौंपा। रामनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि अदालत के निर्देश पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ससुराल के आठ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी से परेशान विवाहिता ने पुलिस आयुक्त से शिकायत कर ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। नेपाली बाग, शिवपुर निवासी ममता देवी (28) ने प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका विवाह सात दिसंबर 2023 को बड़ागांव थाना क्षेत्र के भेलखा निवासी चंद्रदीप कुमार उर्फ रामदेव से हुआ। दंपती की तीन माह की पुत्री भी है। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है।
हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार
हत्या के प्रयास के एक मामले में आरोपी सराफत अली को मिर्जामुराद पुलिस ने शनिवार को मेहदीगंज बस स्टॉप, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया। सराफत अली पर एक युवक का गला घोंटकर उसे कुएं में फेंकने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गमछा और 4 साड़ियां बरामद की हैं। मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव का निवासी है। वह मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में रहता है।
अवैध संबंधों के आरोप पर विवाद, चार पर प्राथमिकी
कैंट थाना क्षेत्र में पत्नी के कथित अवैध संबंधों को लेकर पारिवारिक विवाद के बाद मारपीट के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। फुलवरिया निवासी पति ने बताया कि वह सेना में है। छुट्टी पर घर आने के दौरान पत्नी की तबीयत खराब होने पर उन्होंने उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया। जांच में पत्नी के डेढ़ महीने की गर्भावस्था की जानकारी सामने आई। पति के मुताबिक, वह तीन महीने से ड्यूटी पर थे।
आरोप है कि इस संबंध में पत्नी से पूछताछ करने पर विवाद हो गया। पत्नी ने पिता व भाइयों को बुला लिया। पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो कोर्ट का सहारा लिया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि सीजेएम के आदेश पर पीड़ित की पत्नी, भाई और पिता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
पहचान छिपाकर जबरन संबंध बनाने का आरोप
पश्चिम बंगाल की एक महिला की शिकायत पर वाराणसी में दो सगे भाइयों मोहम्मद फैज और इब्राहिम के खिलाफ दुष्कर्म और ब्लैकमेल के आरोप में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। तहरीर में पीड़िता ने बताया कि 2020 में काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन के दौरान उसकी मुलाकात आदमपुर क्षेत्र निवासी मोहम्मद फैज से हुई थी। आरोप है कि फैज ने अपनी पहचान छिपाकर उससे दोस्ती की और शादी का भरोसा देकर वाराणसी बुलाया। होटल मेंनशीला पदार्थ और शराब पिलाकर दुष्कर्म किया। आरोप है कि वीडियो भी बना लिए। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
5 दिन से लापता दो बच्चों की मां देवर के साथ मिली
पांच दिन से लापता दो बच्चों की मां सारनाथ क्षेत्र में अपने देवर के साथ मिली। महिला के परिजनों ने उसे समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह अड़ी रही। तीन घंटे तक चली पंचायत के बाद पति की सहमति से महिला अपने दोनों बच्चों को लेकर देवर के साथ चली गई। जानकारी के अनुसार, महिला 28 जुलाई को दवा लेने की बात कहकर घर से निकली थी। उसी दिन से देवर भी लापता था। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि अगर तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
नेहरू पर टिप्पणी के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में महानगर युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। शनिवार को भोगाबीर में प्रदर्शन के दौरान निशिकांत दुबे का फोटो गटर में डालकर विरोध जताया। मुख्य रूप से प्रदेश सह प्रभारी नरसिम्हा यादव रहे। नेतृत्व महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा ने किया। पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शन को रोकने का प्रयास किया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
लेखपालों ने दिया मांगपत्र, कार्य बहिष्कार की चेतावनी
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार को पिंडरा तहसील के लेखपालों ने संगठन के बैनर तले विभिन्न मांगों से संबंधित तहसीलदार नेहा राजवंशी को पत्र सौंपा। अंतरमंडलीय स्थानांतरण, चयन वर्ष 2025-26 की पदोन्नति, भत्तों में वृद्धि, अन्य सहायक पटल से संबद्ध लेखपालों को अवमुक्त करने की मांग। मांग पूर्ण न होने पर 5 अगस्त से कार्य बहिष्कार पर जाने की चेतावनी दी। इस मौके पर राजेश कुमार, संतोष सिंह, अजित श्रीवास्तव, सुशील कुमार, प्रवीण कांत आर्य रहे।
घर की कलह से परेशान होकर निकले भाई-बहन, मिले
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में घरेलू कलह से परेशान होकर घर से निकले किशोरी और उसके भाई को पुलिस ने तीन घंटे में सकुशल बरामद कर लिया। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि अखरी बाईपास से बच्चों को खोजा गया।
पुलिसकर्मी के बेटे पर दो पर रॉड से हमले का आरोप
लालपुर थाना क्षेत्र में कार की टक्कर का विरोध करने पर पुलिसकर्मी के बेटे पर साथियों के साथ मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव और उसके दोस्त पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से जानलेवा हमले का आरोप लगा है। युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि वहां भी आरोपी 40 लोगों के साथ पहुंच गया। जिसके बाद उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हुकुलगंज पांडेयपुर निवासी और एमआर शिवम सोनकर ने पुलिस को बताया कि वह दोस्त भीम गुप्ता के साथ बातचीत कर रहे थे। मोहल्ले के अनुराग ने नशे में कार पैर पर चढ़ा दी। विरोध करने पर साथी के साथ पीटा। लालपुर पांडेयपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि लिखित तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी की मदद से हर पहलु की जांच की जा रही है। घायलों का इलाज किया जा रहा है। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चिरईगांव और राजातालाब में 5 घंटे तक बिजली गुल
चिरईगांव के जाल्हुपुर और छाही विद्युत उपकेंद्र से संचालित क्षेत्रों में शनिवार रात 8 बजे अचानक बिजली आपूर्ति ठप हो गई। 50 गांवों के हजारों उपभोक्ता अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए। राजातालाब के जक्खिनी क्षेत्र में शटडाउन के कारण कटौती ठप रही। 5 घंटे के बाद आपूर्ति बहाल हुई। चिरईगांव में रात 8 बजे कटी बिजली देर रात 11 बजे बहाल हुई। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिन भर दोनों उपकेंद्रों से बार-बार ट्रिपिंग और बिजली की आवाजाही का सिलसिला जारी रहा। एसडीओ चिरईगांव एसबी प्रसाद ने बताया कि रात आठ बजे फॉल्ट आने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी।
तत्काल टिकट के लिए अब मिलेगा टोकन, पहचान पत्र भी दिखाना होगा
रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग के लिए टोकन वितरण की नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब एसी और स्लीपर श्रेणी में तत्काल आरक्षण कराने के लिए पहले टोकन लेना होगा। टोकन लेने के दौरान संबंधित यात्री को अपना पहचान पत्र दिखाना होगा। रेलवे का उद्देश्य तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान रिजर्वेशन काउंटर पर होने वाली भीड़ को नियंत्रित करना है।
रेलवे की ओर से एक अगस्त से तत्काल टिकट बुकिंग के नए नियम लागू किए गए हैं। इसके तहत निर्धारित संख्या में ही टोकन जारी किए जाएंगे। एसी श्रेणी के तत्काल टिकट के लिए 10 और स्लीपर श्रेणी के लिए 15 टोकन वितरित किए जाएंगे। टोकन की संख्या तय होने से काउंटर पर भीड़ कम होने की उम्मीद है। हालांकि, यात्रियों का कहना है कि तत्काल टिकट की बुकिंग शुरू होते ही लाइन में सबसे आगे खड़े एक-दो लोगों को ही किसी तरह कन्फर्म टिकट मिल पाता है।
रेलवे ने एसी श्रेणी के लिए सुबह 8:30 बजे से 9:00 बजे तक तथा स्लीपर श्रेणी के लिए सुबह 9:00 बजे से 9:30 बजे तक टोकन वितरण का समय निर्धारित किया है। टोकन लेते समय संबंधित यात्री को अपना पहचान पत्र दिखाने के साथ यात्रा का विवरण भी देना होगा।
आज खुलेंगे स्कूल कल बंद रहेंगे
सावन के पहले सोमवार को नगर क्षेत्र और प्रमुख कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ तथा यातायात दबाव को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत नगर क्षेत्र और कांवड़ मार्गों पर स्थित सभी परिषदीय तथा मान्यता प्राप्त विद्यालयों को रविवार को खोलने और सोमवार को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बरेका ने एक महीने में बनाए 65 रेल इंजन
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने जुलाई 2026 में एक महीने के दौरान 65 इलेक्ट्रिक रेल इंजनों का निर्माण कर नया रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले बरेका का सर्वाधिक मासिक उत्पादन रिकॉर्ड 61 इंजनों का था। जुलाई में तैयार किए गए 65 इंजनों में 44 मालवाहक रेल इंजन, 13 यात्री इलेक्ट्रिक रेल इंजनों तथा आठ अमृत भारत ट्रेनों के इंजन शामिल हैं। बरेका में अब तक कुल 11,445 रेल इंजनों का निर्माण किया जा चुका है।
87,409 ने उठाया गृहकर में छूट का लाभ
नगर निगम की ओर से 31 जुलाई तक गृहकर में छूट का प्रावधान किया गया था। इस अवधि में शहर के 2.38 लाख भवन स्वामियों में से 87,409 ने छूट का लाभ उठाया। इस दौरान कुल 73.44 करोड़ रुपये गृहकर जमा हुआ। इनमें 39,070 भवन स्वामियों ने 43.95 करोड़ रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया। नगर निगम के व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से 8,111 भवन स्वामियों ने 6.35 करोड़ रुपये गृहकर जमा किया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में गृहकर पर 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
प्रयागराज से काशी का रोडवेज बस का किराया 28 रुपये बढ़ा
सावन मास की कांवड़ यात्रा के चलते वाराणसी और प्रयागराज में रोडवेज बसों का रूट डायवर्ट कर दिया गया है। डायवर्जन लागू होने से प्रयागराज से वाराणसी की दूरी 18 किलोमीटर बढ़ गई है। इसके साथ ही रोडवेज की साधारण बस का किराया भी 197 से बढ़कर 225 रुपये हो गया है।
वहीं, प्रयागराज से गोरखपुर की दूरी में नौ किमी का इजाफा हुआ है और किराया भी 428 रुपये से बढ़कर 440 रुपये हो गया है। प्रयागराज से वाराणसी और गोरखपुर मार्ग पर चलने वाली बसें अब फाफामऊ और थरवई के रास्ते चलाई जा रही हैं।
इससे यात्रियों को अब लंबा सफर तय करने के साथ ही अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है। यूपी रोडवेज प्रयागराज रीजन के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा समाप्त होने तक यही व्यवस्था लागू रहेगी। बसों के किराये की दरें सॉफ्टवेयर में अपडेट कर दी गईं हैं।
राष्ट्र के विकास में करें आईआईटी में मिले ज्ञान और तकनीकी दक्षता का प्रयोग
आईआईटी बीएचयू में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए हुए ओरिएंटेशन और इंडक्शन प्रोग्राम में भारतीय नौ सेना के पूर्व अधिकारी, रक्षा विशेषज्ञ कमांडर वीरेंद्र कुमार जेटली ने आईआईटी में मिलने वाले ज्ञान और तकनीकी दक्षता का प्रयोग राष्ट्र के विकास में करने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, ईमानदारी, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच को जीवन का आधार बनाने की बात कही। इंडक्शन प्रोग्राम में कमांडर वीरेंद्र जेटली ने विद्यार्थियों को बताया कि आईआईटी खड़गपुर से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिकल कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग में बीटेक (ऑनर्स) करने के बाद भारतीय नौसेना में शामिल होकर देशसेवा का मार्ग चुना।
आईआईटी (बीएचयू) में बिताए जाने वाले वर्षों का उपयोग केवल उत्कृष्ट इंजीनियर बनने के लिए नहीं बल्कि जिम्मेदार नागरिक और संवेदनशील नेतृत्वकर्ता बनने के लिए भी करना होगा। इस दौरान विद्यार्थियों ने कमांडर जेटली से कॅरियर संबंधी सवाल-जवाब किए। अतिथियों का स्वागत प्रो.राकेश कुमार मिश्र ने किया।
एक भारत श्रेष्ठ भारत पर हुई चर्चा
एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा विभिन्न राज्यों की परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। यह बातें शनिवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बीएलडब्ल्यू में हुए दो दिवसीय क्लस्टर स्तरीय ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ राष्ट्रीय एकता पर्व 2026 के समापन अवसर पर प्रधानाचार्य अरुण कुमार सिंह ने कहीं।
कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय बीएचयू, केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी, केंद्रीय विद्यालय डीडीयू नगर, केंद्रीय विद्यालय चोपन और केंद्रीय विद्यालय रिहंदनगर से 230 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्य ने बताया कि क्लस्टर स्तर पर चयनित प्रतिभागी अब केंद्रीय विद्यालय संगठन की क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। मौके पर एलबी महतो, मधुरेंद्र मिश्रा, मनोज कुमार, हरिशंकर, लोकेंद्र प्रताप मौजूद रहे।
दिव्यांगजन रोजगार मेला 7 को
दिव्यांगजन रोजगार अभियान सात अगस्त को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय चौकाघाट परिसर में सुबह 10:30 बजे से लगेगा। मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां और संबंधित विभाग इसमें शामिल होंगी। कौशल विकास मिशन और आईटीआई से प्रशिक्षित अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इच्छुक दिव्यांगजन अपने सभी आवश्यक दस्तावेज, जैसे बायोडाटा और प्रमाण पत्र, की दो प्रतियां लेकर आएं। स्वरोजगार के लिए तीन से 10 अगस्त तक दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, विकास भवन में संपर्क किया जा सकता है।
एमबीए से जुड़ीं बारीकियां बताईं
बीएचयू प्रबंधन अध्ययन संस्थान में नए विद्यार्थियों के लिए आयोजित फुटस्टेप्स कार्यक्रम में एमबीए, एमबीए (इंटरनेशनल बिजनेस) से जुड़ी बारीकियां बताई गईं। इस दौरान छात्र सलाहकार डॉ. अनंदिता चक्रवर्ती ने कहा कि प्रबंधन शिक्षा की चुनौतियों से निपटने में टीम भावना जरूरी है। प्रबंधन अध्ययन संस्थान के क्लब कल्पवृक्ष की ओर से हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रबंधन यात्रा के बारे में बताया गया।
अधिष्ठाता प्रो. एसके दूबे ने प्रबंधन शिक्षा के दौरान मिलने वाले अवसरों, चुनौतियों और अनुभवों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों में अनुभव आधारित सीख और टीम भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फुटस्टेप्स 2026 में ट्रेज़र हंट, मार्केटिंग चैलेंज, रैपिड फायर तथा एड मैड जैसी प्रतियोगिताएं हुईं। कार्यक्रम में डॉ. अरुण कुमार देशमुख,डॉ. विशाल लाहेरी मौजूद रहे।
नीट पेपर लीक, अमेरिका-ईरान युद्ध जैसे मुद्दों पर बोले बाल सांसद और विधायक
संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोईराजपुर में दो दिवसीय विमर्श 4.0 इंटर स्कूल यूथ पार्लियामेंट का आगाज शनिवार को हुआ। पहले दिन 16 कमरों में अलग-अलग सदन चली। इसमें 1000 बाल जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभा में नीट पेपर लीक, अमेरिका-ईरान युद्ध, प्लेन हादसे समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
शुभारंभ विद्यालय की निदेशक डॉ. वंदना सिंह, उपनिदेशक आयुष्मान सिंह और प्रधानाचार्या डॉ. नीलम सिंह ने किया। सभी प्रतिभागियों को यूथ पार्लियामेंट की कार्यप्रणाली, नियमों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी गई। सम्मेलन में 1000 से ज्यादा छात्र-प्रतिनिधियों ने 16 विभिन्न समितियों में भाग लेते हुए संसद और अंतरराष्ट्रीय मंचों की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्या डॉ. नीलम सिंह ने बताया कि विमर्श 4.0 का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और शोधपरक सोच विकसित करना है।
हार्ट अटैक आने पर सही समय पर सीपीआर देकर बचा सकते हैं जान
बीएचयू के कृषि विज्ञान संस्थान में शनिवार को शिक्षकों और विद्यार्थियों को सीपीआर का प्रशिक्षण दिया गया। डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने कहा कि हार्ट अटैक आने पर सही समय पर सीपीआर देकर जान बचाई जा सकती है। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने से जुड़ी अन्य बारीकियां भी बताईं।
कृषि विज्ञान संस्थान में हुई प्रशिक्षण कार्यशाला में डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने कहा कि हृदयाघात के बाद के प्रारंभिक कुछ मिनट किसी भी व्यक्ति के जीवन के लिए अत्यंत निर्णायक होते हैं। ऐसे समय में तत्काल सीपीआर देना चाहिए। उन्होंने प्रतिभागियों को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अभ्यास कराते हुए आपातकालीन स्थिति में आत्मविश्वास एवं दक्षता के साथ कार्य करने की विधि सिखाई। उन्होंने एक मॉडल को सीपीआर देकर उसके सही तरीके को बहुत बारीकी से समझाया। इस दौरान कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. विनोद कुमार मिश्रा, डीन प्रो. एसके सिंह मौजूद रहे।
कोलकाता एक्सप्रेस में दो महिला यात्रियों की तबीयत बिगड़ी
आगरा कैंट से चलकर कोलकाता जाने वाली ट्रेन नंबर 13168 में यात्रा के दौरान दो महिला यात्रियों की तबीयत बिगड़ गई। शनिवार रात रेल मदद एप पर जानकारी यात्रियों ने दी। ट्रेन के कैंट स्टेशन पर आने के बाद टीम के साथ ही डॉक्टर मौजूद रहे। दोनों महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा भिजवाया गया। आगरा कैंट-कोलकाता एक्सप्रेस के एस1 कोच में 66 नंबर सीट पर मनीषा सिंह (34) यात्रा के दौरान बेहोश हो गई। एम1 कोच में 71 नंबर सीट पर मधु तोमर (35) के गर्दन में दर्द और ठंड महसूस होने की समस्या थी। कैंट स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि दोनों को परिजनों की सहमति से उतारा गया।
आचरण में होनी चाहिए स्वच्छता : उपसभापति
नगर निगम के उपसभापति नरसिंह दास बाबा ने कहा कि स्वच्छता हमारे आचरण और संस्कारों में रची-बसी होनी चाहिए। जब हम स्वयं जागरूक होंगे, तभी अपने परिवार और समाज को प्रेरित कर सकेंगे। शनिवार को इंग्लिशिया लाइन स्थित भारतीय शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज में स्वच्छता से संस्कार अभियान की शुरुआत की गई। एक महीने (1 अगस्त से 31 अगस्त 2026) तक चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर में स्वच्छता और नागरिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।
उपसभापति ने बच्चों से अपील की है कि यदि कोई गली में कचरा फेंके तो उससे कूड़ा गाड़ी में कचरा डालने का आग्रह करें। विशिष्ट अतिथि नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, यातायात उपनिरीक्षक शिवबदन यादव ने भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान शमशाद एवं अमित अग्रहरि ने विचार रखे। संचालन डॉ. आशुतोष पांडेय एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य डॉ. चारू चंद्र त्रिपाठी ने किया।
प्रदेश में लगाए जाएंगे दो लाख से ज्यादा औषधीय पौधे
प्रदेश में आयुष विभाग एक प्रदेशव्यापी पौधरोपण अभियान चलाएगा। इसके तहत प्रदेश भर के आयुष चिकित्सालयों और महाविद्यालयों में 2,07,600 से ज्यादा औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। यह जानकारी आयुष राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने दी। मंत्री ने बताया कि यह अभियान मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम और योगी आदित्यनाथ के स्वस्थ उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करना है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ औषधीय पौधों की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे आयुष, योग और प्राकृतिक चिकित्सा को जन-जन तक पहुंचाया जा सकेगा। अभियान में राजकीय और निजी आयुष महाविद्यालयों तथा 50 शैय्या वाले एकीकृत आयुष चिकित्सालयों में चरक-वन स्थापित किए जाएंगे। सभी राजकीय आयुष चिकित्सालयों की बाउंड्रीवाल के किनारे हरित पट्टी भी बनाई जाएगी।
प्रदेश में कुल 4052 आयुष चिकित्सालयों और संस्थानों में पौधारोपण किया जाएगा। इनमें आयुर्वेद चिकित्सालयों में 1,05,500 पौधे लगाए जाएंगे। जनसंपर्क अधिकारी गाैरव राठी ने बताया कि यूनानी चिकित्सालयों में 10,800 और होम्योपैथिक चिकित्सालयों में 79,250 पौधे लगाने का लक्ष्य है। आयुष महाविद्यालयों और फार्मेसी में 12,050 पौधे लगाए जाएंगे।
बरेका में मरम्मत कार्य सौंपे जाने का कर्मचारी परिषद ने किया विरोध
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) कर्मचारी परिषद ने रेलवे बोर्ड की ओर से बरेका की उत्पादन इकाई को अगले चार साल तक पीओएच(पीरियोडिक ओवरहाल-ट्रेनों के मरम्मत) का कार्य सौंपे जाने के निर्णय का विरोध किया है। महाप्रबंधक आशुतोष पंत से मिलकर कर्मचारियों ने इस पर आपत्ति जताते हुए निर्णय वापस लेने की मांग की।
बरेका कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव के नेतृत्व में बरेका महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों ने बताया कि यह निर्णय बरेका के मूल उद्देश्य, उत्पादन क्षमता तथा भविष्य की विकास योजनाओं के प्रतिकूल है। बरेका की स्थापना अत्याधुनिक विद्युत, डीजल रेल इंजनों के निर्माण के लिए की गई थी। वर्तमान समय में रेलवे की ओर से वंदे भारत, अमृत भारत, बुलेट ट्रेन सहित आधुनिक तकनीक वाले इंजनों के निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
नवीन सिन्हा एवं श्रीकांत यादव ने कहा कि इससे उत्पादन इकाई की मूल निर्माण क्षमता प्रभावित होगी। सुशील कुमार सिंह ने कहा कि इस फैसले से भविष्य की उत्पादन एवं आधुनिकीकरण योजनाओं में व्यवधान आने की आशंका है। इस दौरान मनीष कुमार सिंह, अमित कुमार, संतोष कुमार यादव ने कहा कि बरेका के अभियंता एवं कर्मचारी उच्च क्षमता वाले आधुनिक रेल इंजनों के निर्माण में दक्ष हैं, उनकी विशेषज्ञता का उपयोग देश की नई उत्पादन परियोजनाओं में किया जाना चाहिए।
शहर की सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त : सपा
चौक थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा में सराफा प्रतिष्ठान के कर्मचारी से 27 किलो चांदी की टप्पेबाजी के मामले में पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। व्यापारियों में नाराजगी बढ़ रही है। शनिवार को पीड़ित व्यापारी से समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल मिला। सपा नेता किशन दीक्षित ने व्यापारी को भरोसा दिलाया कि पार्टी उनके साथ खड़ी है। आरोप लगाया कि वीआईपी के लगातार दौरे के बावजूद वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और रोज सरेराह अपराध हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि व्यापारियों, महिलाओं और छात्रों में गुस्सा है और जनता ने मन बना लिया है कि 2027 में बीजेपी को सत्ता से बाहर कर देगी।
बुनकरों की स्थिति बदतर : सुहैल अंसारी
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन पूर्व विधायक सुहैल अख्तर अंसारी ने कहा कि भाजपा सरकार में बुनकरों की स्थिति बदतर हुई है। वे पलायन कर रहे हैं। शनिवार को सरैया में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन एवं बुनकरों की मसाइल कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि चेयरमैन शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि वाराणसी में कांग्रेस पार्टी हर दिन वाराणसी की जनता की लड़ाई लड़ रही है। अल्पसंख्यक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष अब्दुल हामिद डोडे ने प्रदेश चेयरमैन को मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।
आयोजन अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष पार्षद हाजी ओकास अंसारी ने किया। कार्यक्रम की सरपरस्ती बुनकर बिरादराना तंजीम चौदहों के सरदार हाजी मकबूल हसन ने किया। ब्यूरो संचालन शहर उपाध्यक्ष अफरोज अंसारी ने किया। मौके पर कांग्रेस प्रवक्ता संजीव सिंह, सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद पांडेय, जिला अध्यक्ष राजेश्वर पटेल, ओम प्रकाश ओझा रहे।
अपार आईडी जनरेट नहीं कर सके शिक्षक
बीआरसी कार्यालय आशापुर में शनिवार को नोडल संकुल शिक्षकों की समीक्षा बैठक हुई। खंड शिक्षाधिकारी प्रीति सिंह ने अपार आईडी जनरेट करने और ड्रॉपआउट बच्चों का सत्यापन करने में लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि दो दिन के अंदर सभी लंबित कार्य पूरे किए जाएं, अन्यथा संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए जिला स्तर पर संस्तुति भेजी जाएगी। खंड शिक्षाधिकारी ने कहा कि 14 साल तक के प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य शिक्षा के दायरे में रखा गया है। उन्होंने नोडल शिक्षकों को अपार आईडी, ड्रॉपआउट बच्चों की सूची और विभागीय संदेशों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में विकासखंड के विद्यालयवार अपार आईडी और ड्रॉपआउट बच्चों की ऑनलाइन प्रगति की समीक्षा भी की। इस दौरान शिक्षकों ने बताया कि कई बच्चों अथवा उनके माता-पिता का आधार कार्ड उपलब्ध न होने से अपार आईडी जनरेट नहीं हो पा रही है। वहीं कई बच्चे दूसरे विद्यालयों में प्रवेश लेकर नया पेन नंबर प्राप्त कर चुके हैं जबकि कुछ अपने अभिभावकों के साथ दूसरे स्थानों पर चले गए हैं।
दीवारों को गंदा करने वाली संस्थाओं को दी गई चेतावनी
बिना अनुमति दीवारों पर वॉल पेंटिंग और विज्ञापन बनाने वालों पर कार्रवाई होगी। नगर निगम की ओर से मौका दिया गया है कि यदि ये विज्ञापन खुद नहीं हटाए गए तो लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। दीवारों को गंदा करने वाली संस्थाओं को चेतावनी भी दी गई है। शहर में प्रमुख मार्गों के अलावा कबीर नगर कॉलोनी, लंका, अर्दली बाजार, सिगरा, महमूरगंज, गोदौलिया और चौक आदि क्षेत्रों में बगैर अनुमति के प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। वॉल पेंटिंग के जरिए संस्थाओं नाम, नंबर अंकित किए जा रहे हैं।
नगर निगम की ओर से ऐसी सभी निजी और व्यावसायिक संस्थाओं से तत्काल अपने स्तर पर वॉल पेंटिंग, अवैध पोस्टर, बैनरों को हटा लेने का निर्देश दिया है। नगर निगम प्रशासन इन्हें बलपूर्वक हटाएगा और इन पर जुर्माना लगाया जाएगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नागरिकों और व्यावसायिक संगठनों से काशी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में निगम का सहयोग करने की अपील की है। कहा कि दीवारों पर किसी भी प्रकार की पेंटिंग या पोस्टर लगाने से पहले नियमानुसार निगम से अनुमति लेना अनिवार्य है।
छह हस्तियों को काशी कोहिनूर रत्न सम्मान
उपज वाराणसी इकाई का स्थापना दिवस समारोह शनिवार को मारवाड़ी धर्मशाला में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों की छह हस्तियों को ‘काशी कोहिनूर रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि कुलपति आनंद त्यागी ने कहा कि वर्तमान समय में आदर्शों की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि उपज की ओर से आयोजित यह सम्मान समारोह एक सकारात्मक पहल है। विशिष्ट अतिथि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता विभागाध्यक्ष प्रो. नागेंद्र कुमार सिंह ने युवाओं में बढ़ रही नकारात्मक मानसिकता पर चिंता व्यक्त की। उपज के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद कुमार बागी ने पत्रकारों की संवैधानिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
शास्त्रीय संगीत के रंग में रंगा अस्सी घाट
‘सुबह-ए-बनारस’ के मंच पर शनिवार को प्रभात बेला में शास्त्रीय संगीत का आयोजन हुआ। आनंद कानन कला गुरुकुल के प्रशिक्षु कलाकार शेर बहादुर सिंह ने अपनी गायन प्रस्तुति से अस्सी घाट पर उपस्थित संगीत प्रेमियों और श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कलाकार ने अपने शास्त्रीय गायन की शुरुआत राग भैरव से की।
उन्होंने विलंबित एकताल में निबद्ध प्रसिद्ध बंदिश ‘राघव राजा राम’ प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद द्रुत तीनताल में निबद्ध मनमोहक बंदिश ‘जागो मोहन प्यारे’ सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति के दौरान तबले पर पंडित बलराम मिश्र ने प्रभावी संगत की, जबकि संवादिनी (हारमोनियम) पर प्रवीण कुमार सिंह ने मधुर संगत से प्रस्तुति को और आकर्षक बनाया।
निबंध में दिखाई प्रेमचंद की साहित्यिक दृष्टि
बीएचयू कला संकाय में मुंशी प्रेमचंद स्मारक एवं शोध संस्थान लमही की ओर से आयोजित तीन दिवसीय प्रेमचंद जयंती समारोह में विद्यार्थियों ने निबंध लेखन में प्रेमचंद की साहित्यिक दृष्टि दिखाई। इसके अलावा चित्रों के माध्यम से उनके जीवन को समझाने का प्रयास किया। कार्यक्रम में मेरे प्रिय लेखक : प्रेमचंद विषय पर निबंध लेखन में प्रतिभागियों ने अपने विचारों को व्यक्त किया। साहित्य प्रश्नोत्तरी में प्रतिभागियों ने प्रेमचंद के जीवन, कृतित्व तथा हिंदी साहित्य से संबंधित सवाल पूछे गए। हिंदी विभाग के उपाचार्य डॉ. विवेक सिंह ने बताया कि 2 अगस्त को समापन समारोह से पहले प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानी दो बैलों की कथा पर आधारित नाट्य मंचन होगा। विजेताओं को पुरस्कार मिलेंगे।
घासवाली नाटक का हुआ मंचन
शिवपुर के कादीपुर स्थित अशोक मिशन जन नाट्यशाला में सेतु सांस्कृतिक केंद्र और इंडियन पीपुल्स थियेटर एसोसिएशन (इप्टा) के तत्वावधान में मुंशी प्रेमचंद की जयंती के उपलक्ष्य में उनकी प्रसिद्ध कहानी ‘घासवाली’ का मंचन किया गया। इप्टा के सचिव सलीम राजा के निर्देशन में प्रस्तुत नाटक के माध्यम से ग्रामीण समाज में महिलाओं की पीड़ा, संघर्ष और सामाजिक विषमताओं को संवेदनशील ढंग से प्रस्तुत किया गया। नाटक में प्रमुख भूमिकाएं एकता पांडेय, ममता कपूर, दीपू गुप्ता आदि ने निभाईं।
भवसागर के चातुर्मास की कलश स्थापना आज
जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ की जन्मस्थली दिगंबर जैन मंदिर भेलूपुर में जैन संत धर्म सागर महाराज और भवसागर महाराज के चातुर्मास कलश की स्थापना रविवार को होगी। दिगंबर जैन समाज काशी के अध्यक्ष आरसी जैन और वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि मंदिर में दोपहर एक बजे से आयोजन होगा। चातुर्मास कलश लेने वाले श्रद्धालुओं का सम्मान होगा। समाज के प्रधानमंत्री प्रदीप चंद्र जैन ने बताया कि इस आयोजन को लेकर जैन समुदाय में काफी उत्साह है। जैन संतों के सानिध्य में यह चातुर्मास धार्मिक अनुष्ठानों और प्रवचनों से भरा रहेगा। इसमें बाहर से भी श्रद्धालु शामिल होंगे।
सितार से निकाली पायो जी मैंने राम रतन...की धुन
छावनी परिषद और दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया के साप्ताहिक वरुणा संध्या में शनिवार को छावनी के नेहरू पार्क में बनारस घराने के युवा सितार वादक डॉ. आनंद कुमार मिश्रा की प्रस्तुति हुई। उन्होंने राग पुरिया कल्याण में अलाप, जोड़, झाला और विलंबित तीन ताल मध्यलय पेश किया। उन्होंने पद्मविभूषण गिरजा देवी की बंदिश करो ना मनमानी हम संग... की धुन बजाकर सभी का दिल जीत लिया। समापन भजनमाला- पायो जी मैंने राम रतन धन पायो... से किया। तबले पर अशेष नारायण मिश्र ने संगत की। संस्था अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कलाकारों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
यजमानों ने निकाली पोथी शोभायात्रा
शिव सेवा संस्थान की ओर से महमूरगंज स्थित बालाजी पैलेस में सात दिवसीय शिव महापुराण कथा का शुभारंभ शनिवार को हुआ। प्रख्यात कथा मर्मज्ञ श्रीकांत शर्मा बालव्यास की अगुवाई में महमूरगंज स्थित श्रृंगेरी मठ से पोथी शोभायात्रा निकाली गई। श्रीकांत शर्मा ने शिव महापुराण की पोथी यजमान संजय सिद्धांत लोहिया और राजकुमार गोयल परिवार को सौंपी।
सैकड़ों भक्त बैंड बाजे की धुन पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे। कथा का श्रीगणेश करते हुए बालव्यास ने शिव महापुराण को अमृत के समान बताया, जो धरती पर सदा प्रवाहमान रहेगी। कहा कि शिव महापुराण गंगा के समान जन-जन का कल्याण करती है। संस्था द्वारा 251 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा सात दिनों तक मूल पाठ का पारायण होगा। समापन सात अगस्त को रुद्राभिषेक के साथ होगी। सं
लोकमान्य तिलक की पुण्यतिथि पर श्रद्धा सुमन अर्पित
लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि पर काशी मराठी समाज ने शनिवार को सिगरा तिराहे पर स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। नगर निगम के पार्षद संतोष सोलापुरकर के नेतृत्व में सुबह प्रतिमा के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके बाद तिलक की प्रतिमा को स्नान कराकर स्वच्छ किया गया। प्रतिमा को अंगवस्त्रम् ओढ़ाकर माल्यार्पण हुआ। वक्ताओं ने तिलक के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान यादव राव पाठक, गोविंद शिधोरे, संतोष सोलापुरकर, साधना वेदांती, मकरंद महेस्कर, षडानन पाठक कारखेडकर आदि मौजूद रहे।
श्रावणी तीज मेले में महिलाओं ने की त्योहारी खरीदारी
महिला मंडल काशी की ओर से श्रावणी तीज मेला शनिवार को शुभम लॉन महमूरगंज में लगा। सैकड़ों महिलाओं ने खूब खरीदारी की। उन्होंने त्योहारों व पर्व के अनुसार कपड़े, सजावटी सामग्री आदि खरीदी। खास ये था कि स्वरोजगार करने वाली महिलाओं ने अपने हुनर से तैयार किए उत्पादों को प्रदर्शित किया गया था। मेले में 70 से अधिक स्टॉल लगे थे। मेले में प्लास्टिक प्रतिबंधित था। महिला मंडल काशी की अध्यक्षा रीता प्रकाश और मंत्री पल्लवी अग्रवाल ने शुभारंभ किया। इन स्टॉलों पर हस्तशिल्प, पारंपरिक परिधान, गृह सज्जा, खाद्य पदार्थ और सौंदर्य प्रसाधनों की प्रदर्शनी व बिक्री हुई। स्वागत कार्यक्रम संयोजिका बेला अग्रवाल ने किया।
महेश्वर महादेव का हुआ अलौकिक शृंगार
महेश्वर महादेव एवं भौजाल हरण हनुमान मंदिर (भिटारी रोड) में शनिवार को महादेव का अलौकिक शृंगार किया गया। विविध सुगंधित फूलों से शृंगार करने के साथ रुद्राभिषेक भी संपन्न हुआ। दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से प्रभु का महिमामंडन किया। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इसके बाद आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूजन में अभिनव त्रिपाठी, राम, अभिषेक, लक्ष्मण, अतुल तिवारी, अभिषेक गुप्ता, राकेश, कल्लू, रवि, मनीष, लक्की आदि शामिल रहे।
सावन में शिव जी के दर्शन और पूजन से कई गुना फल
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के न्यास के पूर्व सदस्य वैदिक विद्वान के वेंकटरमण घनपाठी के सानिध्य में शनिवार को हनुमान घाट स्थित कांची कामकोटि मंदिर के पास श्रावणी अनुष्ठान हुआ। वैदिक ब्राह्मणों ने वेद पाठ किया। वेंकटरमण घनपाठी ने श्रावण मास के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की उपासना के लिए श्रावण मास सर्वश्रेष्ठ है। काशी में इस दौरान किए गए दर्शन और पूजन का फल कई गुना बढ़ जाता है। भगवान शिव भक्तों की निष्कपट भक्ति से शीघ्र प्रसन्न होते हैं। इसलिए उन्हें आशुतोष कहा जाता है। इस मास में शुद्ध मन से जलाभिषेक, गंगाजल अभिषेक, दुग्धाभिषेक और पंचामृत अभिषेक करना शुभ है।
बेला बाड़ी कजरी उत्सव में आज 80 विद्यार्थी साधेंगे सुर
आवर्तन संगीत संस्था और संस्कार भारती, काशी प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में ‘बेला बाड़ी कजरी उत्सव’ का आयोजन रविवार शाम रथयात्रा स्थित कन्हैयालाल स्मृति भवन में किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ तथा विशिष्ट अतिथि आकाशवाणी वाराणसी के निदेशक प्रफुल्ल सिंहा होंगे। प्रख्यात उपशास्त्रीय गायिका सुचरिता गुप्ता ने शनिवार को गांधीनगर कॉलोनी में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि आवर्तन संगीत संस्था के 80 से अधिक विद्यार्थी और महिलाएं अपनी प्रस्तुतियां देंगी।
कार्यक्रम में राग देश, राग जयजयवंती, सावनी गीत और झूला गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा ठुमरी तथा पारंपरिक कजरी की विविध प्रस्तुतियां भी होंगी। महिला समूह भारतेंदु हरिश्चंद्र की कजरी और पारंपरिक ढुनमुनिया कजरी प्रस्तुत करेगा। उन्होंने बताया कि यह उत्सव काशी की लोक एवं शास्त्रीय संगीत परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में सहायक होगा और सावन तथा कजरी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा।
जाग पड़ी मैं पिया के जगाए...
कला प्रकाश एवं रोटरी क्लब वाराणसी नॉर्थ की ओर से शनिवार शाम कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में कजरी-ठुमरी उत्सव का आयोजन किया गया। कलाकारों ने पारंपरिक बनारसी कजरी और ठुमरी की सुरमयी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सितार और मधुर गायन की संगत से पूरा वातावरण सावनमय हो उठा। कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति युवा सितार वादक नीरज मिश्र ने दी।
उन्होंने राग खमाज की ठुमरी ‘जाग पड़ी मैं पिया के जगाए...’ से प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद कोलकाता की आइभी बनर्जी ने कजरी और ठुमरी की मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रोताओं का दिल जीत लिया। हारमोनियम पर पं. धर्मनाथ मिश्र, तबले पर सिद्धार्थ चक्रवर्ती तथा गिटार पर मैनाक नागचौधुरी ने संगत की। अतिथियों का स्वागत मीना सिंह, गणेश अग्रवाल, डॉ. शिवजी गुप्ता, इंद्रसेन सिंह, सीए सतीश जैन और राकेश कुमार रस्तोगी ने किया।
मिंट हाउस पर असम के राज्यपाल का हुआ सम्मान
असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य शनिवार को नदेसर स्थित मिंट हाउस में आयोजित संगीतमय सुंदरकांड कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान शहर के साहित्यकार डॉ. दयानिधि मिश्र, डॉ. इंदीवर पांडेय, प्रो. सुरेंद्र प्रताप और डॉ. रामसुधार सिंह ने उन्हें पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा के साथ आगे बढ़ने वाला समाज ही राष्ट्र को समृद्ध बना सकता है। एमएलसी धर्मेंद्र राय के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लोक कलाकार मटुक सिंह, हरिनाथ सिंह, मनीष सिंह तथा महेंद्र यादव (रुदौली) आदि ने मानस की चौपाइयों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कलाकारों ने कजरी भी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर भी शामिल हुए। इस अवसर पर राज्यपाल का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में पूर्व भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, मधुकर पांडेय, सुरेश सिंह, डॉ. हरेंद्र राय, नागेश सिंह, अनिल सिंह, प्रभात मिंटू, चेतनारायण, संदीप सिंह, बैजनाथ पटेल, अरविंद पटेल, लालू सोनकर, विजय जायसवाल आदि उपस्थित रहे।
कलाकारों ने ताल शिरोमणि कंठे महाराज को सुर, लय और ताल से दी श्रद्धांजलि
ताल शिरोमणि पं. कंठे महाराज की पुण्यतिथि पर कलाकारों ने सुर, लय और ताल के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। तेजल पाठक, डॉ. अर्चना महास्कर और पं. छन्नूलाल मिश्र की पुत्री नम्रता मिश्रा ने अपनी गायन प्रस्तुतियों से उन्हें याद किया।
संगीत सभा और रूपवाणी की ओर से लोहटिया स्थित रूपवाणी थियेटर में आयोजित कार्यक्रम में ताल शिरोमणि पं. कंठे महाराज और पं. किशन महाराज की प्रतिमाओं पर कलाकारों तथा नागरी प्रचारिणी सभा के प्रधानमंत्री एवं साहित्यकार व्योमेश शुक्ल ने पुष्पांजलि अर्पित की।
व्योमेश शुक्ल ने कहा कि काशी नाद और लय की ही नहीं, तबला साधना की भी राजधानी है। यह अनेक तबला वादकों की साधना भूमि रही है। पं. कंठे महाराज उन महान साधकों में अग्रणी थे। उन्होंने कहा कि पं. कंठे महाराज बनारस घराने के तबले के राजदूत थे। अपने गुरु पं. बलदेव सहाय के जितने योग्य शिष्य थे, उतने ही योग्य शिष्य उन्होंने स्वयं भी तैयार किए।
गायिका तेजल पाठक ने राग शंकरा, मियां की मल्हार और विहाग में भजन प्रस्तुत किए। उन्होंने पं. भीमसेन जोशी और लता मंगेशकर के स्वर में लोकप्रिय भजन ‘राम का गुणगान करिए...’ सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। तबले पर पं. ललित कुमार और संवादिनी पर पं. भैय्यन ने संगत की। नम्रता मिश्रा ने भी भजन प्रस्तुत किया। तबले पर आदित्य मिश्र और संवादिनी पर पं. पंकज मिश्र ने संगत की। अंतिम प्रस्तुति डॉ. अर्चना महास्कर की रही।
उन्होंने भजनों के माध्यम से भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया। तबले पर श्रीकांत मिश्र और सारंगी पर अनीश मिश्र ने संगत की। कार्यक्रम में पं. पूरन महाराज, मीना मिश्रा, गणेश, जेपी शर्मा, त्रिलोकीनाथ मिश्र, अवंतिका महाराज आदि उपस्थित रहे।