UP: बाप-बेटे को दिल का दौरा, अस्पताल में एक की मौत से मातम; डाॅक्टर बोले- दोबारा हार्ट अटैक आने का खतरा है
Azamgarh News: आजमगढ़ के मेंहनगर क्षेत्र के ठुठिया गांव में 85 वर्षीय बुजुर्ग की हार्ट अटैक से इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्हें अस्पताल ले गए पुत्र को भी हार्ट अटैक आया और उनका जौनपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर होने के कारण पिता की मौत की जानकारी फिलहाल छिपाई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: मेंहनगर थाना क्षेत्र के ठुठिया गांव में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। 85 वर्षीय संगतराम को मंगलवार रात अचानक दिल का दौरा पड़ा। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाने वाले उनके पुत्र सुभाष को भी उसी दौरान हार्ट अटैक आ गया। पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों ने फिलहाल सुभाष को पिता के निधन की जानकारी नहीं दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात संगतराम की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें सीने में तेज दर्द होने पर पुत्र सुभाष तत्काल गोसाईं की बाजार स्थित एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। चिकित्सक संगतराम का प्राथमिक उपचार कर रहे थे, तभी सुभाष को भी अचानक दिल का दौरा पड़ गया। इससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और परिजन भी घबरा गए।
परिजनों ने सुभाष को तत्काल जौनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। वहीं, संगतराम को बेहतर उपचार के लिए आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि मंगलवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बुधवार देर शाम संगतराम का अंतिम संस्कार गांव में किया गया। उनके अन्य पुत्र सतीश और गुलाब ने ग्रामीणों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की। गांव में घटना के बाद शोक का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
उधर, जौनपुर के निजी अस्पताल में भर्ती सुभाष की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों ने परिजनों को सलाह दी है कि फिलहाल उन्हें पिता के निधन की सूचना न दी जाए। चिकित्सकों का मानना है कि यह सदमा मिलने पर उन्हें दोबारा हार्ट अटैक आने का खतरा हो सकता है, जिससे उनकी जान को जोखिम हो सकता है। पूरे परिवार पर आई इस दोहरी त्रासदी से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं।