Varanasi News Today: पेटीएम मशीन बदलने के बहाने 5.75 लाख की ठगी, दुष्कर्म के दोषी को 10 साल की कैद; खबरें
Varanasi News: वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र में पेटीएम मशीन बदलने के बहाने लाखों की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने शिवपुर थाने में मामला दर्ज करा दिया है। वहीं, नाबालिग को भगा ले जाने और दुष्कर्म के मामले में विशेष न्यायाधीश प्रथम (पॉक्सो एक्ट) की अदालत ने सजा सुनाई है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: शिवपुर थाना क्षेत्र में एक ठग ने पेटीएम मशीन बदलने का भरोसा देकर दुकानदार से डेबिट कार्ड और मोबाइल लेकर लाखों की ठगी कर ली। पीड़ित काशी नाथ केसरी निवासी शिवपुर स्टेशन रोड ने बताया कि रविवार को दुकान पर दो युवक खुद को पेटीएम कंपनी का कर्मचारी बताकर पहुंचे। दोनों ने कहा कि पुरानी पेटीएम मशीन को बदलकर नई लगानी है। इसी दौरान मशीन अपडेट करने के नाम पर कब बॉक्स का सिम बदल दिया पता ही नहीं चला।
मामले की जानकारी तब हुई जब पेटीएम से लेनदेन नहीं हुआ। सोमवार को जब बैंक में स्टेटमेंट निकलवाने पहुंचा तो खाते में संदिग्ध लेन-देन देखकर होश उड़ गए। जांच में पता चला कि ठग ने मर्चेंट लिंक पेटीएम अकाउंट से 5.75 लाख का लोन ले लिया और उस रकम से सोना खरीद लिया। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने शिवपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच की जा रही है।
क्यूआर कोड अपडेट करने के नाम पर ठगों ने हजारों रुपये निकले थे: इन दिनों पेटीएम, गूगल पे और फोन पे से जुड़े कई साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पहले भी गोलगड्डा निवासी एक युवक से क्यूआर कोड अपडेट करने के नाम पर ठगों ने हजारों रुपये की निकासी कर ली थी। अन्य मामले में आकाश सोनकर निवासी खोजवा से केवाईसी अपडेट कराने के बहाने लिंक भेजकर खाते से रकम निकाल ली गई थी।
दुष्कर्म के दोषी को दस साल की कैद
नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और दुष्कर्म के मामले में विशेष न्यायाधीश प्रथम (पॉक्सो एक्ट) विकास श्रीवास्तव की अदालत ने अभियुक्त दीपक विश्वकर्मा को दस साल की कठोर कारावास व 35 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। अभियुक्त की ओर से जुर्माना देने पर अदालत ने पूरी धनराशि पीड़िता को बतौर क्षतिपूर्ति देने का आदेश दिया है। जुर्माना न देने पर अभियुक्त को छह महीने अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
अभियोजन पक्ष का आरोप था कि नौ अप्रैल 2016 को दीपक विश्वकर्मा नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ मुंबई ले गया। वहां किराये के मकान में रहा और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। एक महीने बाद पुलिस ने पंचक्रोशी चौराहे के पास से नाबालिग को बरामद कर लिया। पुलिस ने मेडिकल कराने के साथ अदालत में बयान दर्ज कराया।
मारपीट व न तोड़ने वालों पर प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के किरहिया खोजवा निवासी रानी उर्फ प्रतिमा चौहान की शिकायत पर पति और पिता के साथ मारपीट के आरोपी चाचा वीरेंद्र चौहान, चाची इंदु, भाई मल्लू और कल्लू पुत्र आकाश, विकास उनकी पुत्री गुड़िया के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। बीते सोमवार को आरोपियों ने मिलकर मारपीट की थी। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
वाहन क्षतिग्रस्त करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
चितईपुर थाना क्षेत्र के सराय डंगरी टिकरी निवासी संजय कुमार के भाई प्रद्युमन और अंश के साथ मारपीट के आरोपी अजित और मनोज पटेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप है कि तीन मार्च को रात 11.30 बजे भाई मार्केट गया था। वहां आरोपियों ने मारा पीटा। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
गंगा में उतराया शव मिला
गौरीशंकर महादेव घाट, ढकवा पर बुधवार शाम चार बजे गंगा में एक अज्ञात शव मिला। घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है।
पूर्व पार्षद को चौहान समाज ने दी श्रद्धांजलि
गोरखपुर के पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की हत्या पर चौहान समाज ने रोष जताया। इसके पहले स्वजातीय बंधुओं ने बुधवार शाम लहुराबीर के आजाद पार्क में उन्हें श्रद्धांजलि दी। स्व. राजकुमार चौहान के चित्र के सामने कैंडल जलाकर आत्मा की शांति के लिए मौन रखा। अखिलेश चौहान, चंद्रप्रकाश चौहान, जंग बहादुर, आशीष जायसवाल, पिंटू पांडेय, जितेंद्र, जोगिंदर मौजूद रहे।
रंजिश को लेकर मारपीट
भेलूपुर थाना क्षेत्र के जक्खा निवासी स्वागत गौड़ के साथ हुई मारपीट के मामले में पीड़ित की मां रीतू देवी ने आरोपी बाबू बिंद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप है कि मंगलवार शाम 7.45 बजे के बाबू बिंद ने पुराने विवाद में पहले बेटे को धक्का दिया। विरोध करने पर हाथ में पहने कड़े से वार कर घायल कर दिया। थाना प्रभारी भेलूूपूर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
होली के विवाद को लेकर मारपीट
रोहनिया थाना क्षेत्र के बेटावर गांव में होली पर रंग लगाने को लेकर हुए विवाद में बुधवार को मारपीट हुई। बेटावर निवासी मनोज कुमार के बेटे विशाल का होली के दिन रंग लगाने को लेकर अनिकेत, हर्ष व आशु से विवाद हुआ था। बुधवार सुबह मनोज कुमार शौच के लिए सिवान की ओर गए थे, तभी आरोपियों ने घेरकर पीट दिया। शोर सुनकर पहुंचे बेटे विशाल और बेटी को भी आरोपियों ने पीटा। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
आलमारी से आभूषण चोरी
रोहनिया क्षेत्र के देल्हना गांव निवासी आशीष चौहान के घर से आभूषण चोरी हो गया। तहरीर में आशीष चौहान ने बताया कि किसी काम से उन्होंने आलमारी खोली तो देखा कि आभूषण गायब है। आशीष का कहना है कि उनके घर पर उनका भांजा अमन पढ़ाई करता है और उसका एक मित्र अक्सर घर आता-जाता था। उन्हें शक है कि उसी ने आलमारी खोलकर आभूषण चोरी किया है। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
सब्जी लेने गए युवक से मारपीट
बड़ागांव थाना क्षेत्र के पुआरी कला निवासी हिमांशु सिंह ने मारपीट के मामले में शिवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को शिकायत में बताया कि अपने मामा के लड़के बादल के साथ खुशहाल नगर शिवपुर में रूम लेकर पढ़ाई करता है। मंगलवार शाम सात बजे सब्जी लेने बाहर आया तो आरोपी सत्यम सिंह, आदित्य सिंह, गौरव दुबे, और साहिल कुमार ने घेरकर पीटा। बचाव में आए बादल सिंह को भी घायल कर दिया। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने मारपीट के मामले में चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
अस्सी पर बार-बार अतिक्रमण में 18 दुकानदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
अस्सी घाट पर बार-बार अतिक्रमण करने वाले 18 दुकानदारों के खिलाफ बुधवार की देर शाम भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि अस्सी घाट समेत आसपास क्षेत्रों में सड़क पर अतिक्रमण करके यातायात बाधित किया गया। इस बीच अस्सी चौकीप्रभारी की तहरीर के आधार पर सुगम यातायात में बाधक 18 दुकानदारों के खिलाफ अतिक्रमण मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
राज्यपाल के भतीजे की बाइक चोरी, सीसी कैमरा खंगाल रही पुलिस
रामनगर क्षेत्र में बुधवार देर शाम रामलीला अयोध्या मैदान के पास असम के राज्यपाल के भतीजे और भाजपा नेता लव कुमार की बाइक चोरी हो गई। लव कुमार ने बताया कि बाइक घर के सामने अयोध्या मैदान के पास खड़ी की थी। कुछ देर के लिए वह घर के अंदर चले गए। लौटे तो बाइक गायब थी। काफी तलाश के बाद भी बाइक का पता नहीं चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
कैंट स्टेशन के एस्केलेटर पर गिरा यात्री
कैंट रेलवे स्टेशन पर बुधवार दोपहर 1 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर एस्केलेटर पर चढ़ते समय एक यात्री को चक्कर आ गया। वह गिर पड़े, उनके गिरने की वजह से पीछे एक अन्य यात्री भी गिर गए। पीछे खड़े यात्री चिल्लाने लगे। शोर सुनकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद आरपीएफ जवान विश्राम मीणा पहुंचे। तुरंत एस्केलेटर को बंद किया और यात्री को उठाकर प्लेटफॉर्म पर ले आए। आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि संबंधित यात्री को कोई चोट नहीं आई।
जम्मू, मैहर जाने वाली ट्रेनों में भीड़, आज से हर आधे घंटे पर मिलेगी बस
चैत्र नवरात्र की शुरुआत बृहस्पतिवार से हो रही है। ऐसे में माता के दर्शन को लेकर जम्मू, मैहर, कामाख्या आदि जगहों पर जाने वाली ट्रेनों में भीड़ रही। इसमें जनरल से लेकर स्लीपर बोगी में भीड़ ज्यादा देखने को मिली। परिवहन निगम की ओर से विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। इसके लिए कैंट रेलवे स्टेशन के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
कैंट रोडवेज स्टेशन से हर आधे घंटे पर रोडवेज की बस मिलेगी। यहां हेल्प डेस्क भी बनाया गया है। बुधवार को माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए लोग परिवार सहित कैंट रेलवे स्टेशन से बेगमपुरा एक्सप्रेस से रवाना हुए। जय माता दी के जयकारे के साथ इसके अलावा कैंट रेलवे स्टेशन से लोकमान्य तिलक जाने वाली 15018 दादर एक्सप्रेस, 19092 हमसफर एक्सप्रेस, 12392 सिकंदराबाद एक्सप्रेस सहित ट्रेनों से लोग मां शारदा देवी के दर्शन, पूजन के लिए मैहर गए।
स्कूल संचालक पर जानलेवा हमला, आठ पर प्राथमिकी, दो गिरफ्तार
पयागपुर के श्री प्रकाश इंटर कॉलेज में बुधवार सुबह छात्र की उपस्थिति को लेकर बढ़े विवाद गहरा गया। आरोप है कि सात-आठ की संख्या में लाठी लेकर आए आरोपियों ने संचालक व उनके पिता पर हमला कर दिया। विद्यालय संचालक प्रकाश सिंह निवासी पयागपुर मातलदेई ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी विकास यादव, अजय यादव, अमित कुमार यादव, अंगनू यादव, रामविलास यादव, गब्बर यादव, आनंद कुमार यादव और एक अन्य अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई।
तहरीर में पीड़ित ने बताया कि एक छात्र की उपस्थिति कम थी। इस बात पर उसे फटकार लगाई गई ये बात आरोपियों को नागवार लगी। बचाव में आई मां विमला देवी, पिता केशव प्रसाद को भी आरोपियों ने पीटा। छात्र पक्ष का कहना है कि पिछले कुछ समय से छात्र बीमार था और स्कूल नहीं आ पा रहा था। जब वह परिजनों के साथ विद्यालय पहुंचा तो मारपीट की गई। एसीपी राजातालाब अमित श्रीवास्तव ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
कड़ाही में तेल से लगी आग, 25 मिनट में पाया काबू
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के बंगाली टोला इलाके में बुधवार रात एक चाट-पकौड़ी की दुकान पर कड़ाही में गर्म तेल में आग लग गई। जानकारी के अनुसार, युवराज गुप्ता की दुकान पर रात 9.20 बजे पकौड़ी तलते समय भट्टी में कोयले की आंच ऊपर तक पहुंच गई, जिससे कड़ाही में रखे तेल ने आग लग गई। आग लगते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों की मदद से आग पर 25 मिनट बाद काबू पाया गया। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि नुकसान नहीं हुआ है।
बच्चों को बेचने ले जा रहे आरोपी को 2 साल की सुनाई सजा
विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो-2) नितिन पांडे की अदालत ने छह बच्चों को बेचने लेकर जाने के मामले में आरोपी रहीफुल आलम को दोषी करार देते हुए 2 साल 1 महीने 12 दिन के कारावास की सजा सुनाई है। विशेष लोक अभियोजक के अनुसार, 27 जनवरी 2018 को शाम चार बजे आरोपी रहीफुल आलम छह बच्चों को लेकर रेलवे स्टेशन पर कहीं ले जाने के उद्देश्य से बैठा था। अभियोजन पक्ष की ओर से तीन गवाहों को पेश किया गया। साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी पाया।
बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन ने किया प्रदर्शन
फेडरेशन ऑफ बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ यूनियन के बैनर तले बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन ने बुधवार शाम को महमूरगंज स्थित अंचल कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन बैंक प्रबंधन की कर्मचारी-विरोधी नीतियों और द्विपक्षीय समझौतों के उल्लंघन के विरोध में हुआ। फेडरेशन ने बैंक ऑफ इंडिया में 30 मार्च को राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है।
फेडरेशन के प्रांतीय महासचिव अनंत मिश्र ने कहा कि यदि बैंक प्रबंधन की ओर से इन मुद्दों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसकी पूरी जिम्मेदारी बैंक प्रबंधन पर होगी। शाखाओं और सेवा केंद्रों में क्लर्क और अधीनस्थ स्टाफ की भारी कमी के बावजूद पदों को रिक्त रखना, इससे कार्यभार असंतुलित हो रहा है और ग्राहक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
एक्स-ग्रेशिया मेडिकल स्कीम के तहत भुगतान एवं बफर जारी करने में भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। एसोसिएशन के उपमहामंत्री सुशील गुप्ता ने कहा कि कई मामलों में वार्षिक वेतन वृद्धि और स्टैग्नेशन इंक्रीमेंट को अनुचित आधार पर रोका जा रहा है। प्रदर्शन के बाद विभिन्न मांगों को लेकर एक ज्ञापन यूनियन नेताओं ने बैंक के अंचल प्रबंधक को दिया। इस दौरान आरबी चौबे, एसके सेठ, विवेक गुप्ता, सुनील मौर्य, मनोज जोशी, अमन सेठ मौजूद रहे।
दिल्ली में खराब मौसम का असर, दो उड़ानें वाराणसी डायवर्ट
दिल्ली में खराब मौसम के चलते बुधवार शाम दो विमानों को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। दोनों उड़ानें अकासा एयर की थीं और सुरक्षा कारणों से उन्हें वाराणसी में उतारा गया।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, पहली उड़ान क्यूपी 1407 हैदराबाद से दिल्ली जा रही थी, जिसमें 195 यात्री सवार थे। यह विमान रात 8:18 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा और पार्क किया गया। वहीं दूसरी उड़ान क्यूपी 1808 बागडोगरा से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी, जिसमें 178 यात्री सवार थे। यह फ्लाइट रात्रि 8:25 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंड हुई और इसे भी एयरपोर्ट पर खड़ा किया गया। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में अचानक मौसम खराब होने के कारण दोनों विमानों को वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
गैर महिला से संबंध का पत्नी ने किया विरोध तो पति ने पीटा
चोलापुर क्षेत्र के टेकारी गांव में महिला ने पति के खिलाफ मारपीट, गैर महिला से संबंध समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई। प्रीति यादव ने शिकायत में बताया कि पति रवि यादव का गैर महिला से संबंध है। विरोध किया तो पति ने मारा पीटा। आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान किया। पीड़िता का कहना है कि पहले भी कई बार पति ने मारा पीटा, लेकिन लोक-लाज के कारण शिकायत नहीं की। थाना प्रभारी चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
80 हजार रुपये और 1.30 लाख के सिगरेट ले भागे उचक्के
सारनाथ के पहड़िया चौराहे के पास नकदी सहित लाखों रुपये का सिगरेट से भरा बैग उचक्के लेकर भाग गए। भुक्तभोगी सेल्समैन ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसी फुटेज को खंगाला। राजा बाजार नदेसर निवासी सेल्समैन मोहम्मद फिरोज मंगलवार दोपहर 1.30 बजे पहाड़िया चौराहे पर उदय पान की दुकान पर सिगरेट का ऑर्डर ले रहे थे। अपना बैग बाइक पर रखा। इसी दौरान 80 हजार रुपये और दूसरे बैग में 1.30 लाख रुपये का सिगरेट बाइक पर आए दो युवक लेकर भाग गए। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है।
विशेष अभियान में बिना टिकट पकड़े गए 146 यात्री
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी सिटी स्टेशन को आधार बनाकर बनारस-औड़िहार रेल खंड पर बिना टिकट यात्रा करने वालों के लिए विशेष अभियान चलाया गया। सारनाथ एक्सप्रेस, दादर, स्वतंत्रता सेनानी, इंटरसिटी सहित कई ट्रेनों में जांच में 146 लोगों को टीम ने पकड़ा। यात्रियों से 63550 रुपये राजस्व में जमा करवाए गए। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान और सहायक वाणिज्य प्रबंधक पशुपतिनाथ मिश्रा की टीम में मुख्य टिकट निरीक्षक विवेक बाजपेयी रहे। जिस समय टिकट चेकिंग चल रही थी, उस समय इस रेल खंड के स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर लंबी कतार लगी रही।
किसी को छोड़ा तो किसी पर दुकान खाली करने का दबाव
सिकमी किरायेदारों के वरासत के मामले में किसी को छोड़ा गया है तो किसी पर दुकान खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है। इसे लेकर लोग लड़ाई लड़ रहे हैं। विश्वेश्वरगंज मार्केट, जवाहर नगर मार्केट, गोलघर मार्केट, सराय गोवर्धन मार्केट, बेनियाबाग और जगतगंज मार्केट के किरायेदारों से निर्धारित किराया लिया जा रहा है। इन्हीं में से 80 लोगों का वरासतन नहीं हुआ है। राजस्व प्रभारी की ओर से कई बार जांच की गई। कुछ लोगों की दुकानों को सील किया गया।
नगर निगम की ओर से कई लोगों को ढील भी दी गई। कई बार नगर निगम में हंगामा भी हुआ, लेकिन निपटारा अब तक नहीं हो सका। शिकायतकर्ता सराय गोवर्धन के रविंद्र सहाय ने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री से लेकर नगर आयुक्त तक शिकायत की गई है। बावजूद मामले को लटकाया गया है।
नगर निगम की ओर से दोहरी नीति अपनाई गई है। कई लोगों का वरासतन कर दिया गया है। जबकि इसी प्रकार के मामले में बाकी लोगों को वरासतन नहीं किया जा रहा है। शासन प्रशासन से शिकायत की जाएगी। सहायक नगर आयुुक्त अनिल यादव के अनुसार किरायेदारी के मामले में नियम अनुसाार कार्रवाई हो रही है। यदि किसी को आपत्ति है, वे शिकायत कर सकते हैं।
जिला अस्पताल में लैब टेक्नीशियन निलंबित, विरोध में कर्मचारी परिषद
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल की पैथलॉजी में शराब पीने का वीडियो वायरल होने के मामले में लैब टेक्नीशियन जितेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है। महानिदेशक स्वास्थ्य की ओर से आदेश जारी किया गया है। निलंबन अवधि में जितेंद्र को अपर निदेशक स्वास्थ्य कार्यालय से संबद्ध किया गया है। इधर, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने निलंबन का विरोध जताया है। बृहस्पतिवार को आपात बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
पिछले सप्ताह 14 मार्च को जिला अस्पताल की पैथलॉजी में चार लोगों के बैठकर शराब पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें अस्पताल में लैब टेक्नीशियन जितेंद्र कुमार के साथ ही संविदा पर कार्यरत तीन अन्य कर्मचारी भी दिख रहे थे। सीएमएस डॉ. आरएस राम ने 16 मार्च को जितेंद्र के निलंबन की संस्तुति करते हुए महानिदेशक स्वास्थ्य को पत्र भेजा था।
सीएमएस से निलंबित लैब टेक्नीशियन को आदेश की प्रति देकर उसकी जानकारी महानिदेशक कार्यालय को देने को कहा है। आदेश की प्रति कर्मचारी के न लेने पर घर पर चस्पा कराने की बात भी कही गई है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष निरंजन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 19 मार्च को होने वाली बैठक में परिषद के वाराणसी मंडल के जिलों के अध्यक्ष, मंत्री और परिषद से संबद्ध समस्त संगठनों के जिला अध्यक्ष, मंत्री मौजूद रहेंगे।
मां श्रृंगार गौरी मामले में सुनवाई टली
जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत में बुधवार को ज्ञानवापी परिसर स्थित मां शृंगार गौरी के नियमित दर्शन-पूजन की अनुमति देने तथा किरण सिंह की ओर से बंद तहखानों के एएसआई सर्वे की मांग से जुड़े मामलों में सुनवाई नहीं हो सकी। अदालत ने इन सभी प्रकरणों की अगली सुनवाई के लिए 23 अप्रैल की तिथि निर्धारित की है। मां शृंगार गौरी के पूजा-पाठ को लेकर राखी सिंह समेत पांच महिलाओं की ओर से दाखिल वाद में पक्षकार बनाए जाने के लिए जय प्रकाश रामचंद्र राजभर ने भी प्रार्थना पत्र देकर अपनी बात रखने की अनुमति मांगी है। वहीं सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ज्ञानवापी मामले में 12 दिसंबर 2024 को पारित आदेश के दृष्टिगत जिला जज ने सभी संबंधित मामलों की सुनवाई के लिए 23 अप्रैल की तारीख मुकर्रर कर दी।
गैस सिलिंडर की कमी के खिलाफ समाजवादी महिला सभा का प्रदर्शन
गैस सिलिंडर की कमी के खिलाफ समाजवादी महिला सभा ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रशासन को चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वाराणसी से लेकर पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन स्थल पर गोहरी से भोजन पकाकर विरोध जताया। भाजपा सरकार के नाले से गैस निकालने का अथक प्रयास किया गया, लेकिन यह झूठा साबित हो गया।
महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव के नेतृत्व में गैस सिलिंडर की भारी कमी और आसमान छूती कीमतों के खिलाफ सिलिंडर के साथ पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। महिलाओं ने खाली सिलिंडर और बर्तन लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि सरकार सिर्फ वादों और भाषणों तक ही सीमित है जबकि हकीकत में जनता महंगाई और सिलिंडर के संकट से जूझ रही है।
सपा महिला प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सिलिंडर के लिए महिलाएं लाइन में खड़ी होकर अपमान झेल रही हैं। महानगर अध्यक्ष संगीता पटेल ने कहा कि रसोई ठंडी पड़ी है, लेकिन सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। प्रदर्शन में पुतुल यादव, संगीता सिंह, अमित पटेल,अवंतिका सिंह, रेखा खरवार, विद्या भारती, सुजाता यादव आदि मौजूद रही।
शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण के आरोपी माध्यम यादव को चेतगंज पुलिस ने बुधवार को गंगा टॉकीज के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी जगतगंज विवेकानंद नगर कॉलोनी का रहने वाला है। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपी के खिलाफ तीन प्राथमिकी पहले से दर्ज हैं। पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की गई।