Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...पांच की मौत, ट्यूब सप्लाई के नाम पर 23.94 लाख की ठगी; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में पांच लोगों ने अपनी जान गंवा दी, वहीं कई घायल भी हुए हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, सीटी स्कैन मशीन का ट्यूब दिलाने के नाम पर 23 लाख 94 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: जंसा थाना क्षेत्र के राजातालाब मार्ग पर प्राचीन शिव-पार्वती मंदिर के पास बुधवार शाम परमपुर गांव निवासी सोहन राजभर (65) का शव मिला। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर शाम मंदिर परिसर में लोगों ने उन्हें अचेत अवस्था में पड़े देखा। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह सामने आएगी।
गंगा में डूबने से शख्स की मौत, पहचान नहीं
चौक थाना क्षेत्र के सिंधिया घाट के पास गंगा में स्नान करते समय पैर फिसलने से 35 साल का व्यक्ति गहरे पानी में चला गया। मल्लाहों ने उसे पानी से बाहर निकाला। पुलिस उसे मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्र ने बताया कि मृतक की शिनाख्त की जा रही है। लोगों से भी पूछा जा रहा है।
युवक की ट्रेन से कटकर मौत
चौबेपुर के बहादुरपुर गांव निवासी सुरेंद्र भारती (39) रात 9 बजे साइकिल से दवा लेने बाजार जा रहे थे। कादीपुर रेलवे स्टेशन से 400 मीटर दूर राजवारी स्टेशन की ओर रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से सुरेंद्र की मौत हो गई। जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फंदे से लटक कर व्यापारी ने दी जान
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवा रोड ठटरा निवासी ठेला-पटरी व्यापारी संदीप मोदनवाल (36) ने बृहस्पतिवार सुबह फंदे से लटक कर जान दे दी। संदीप घर का इकलौका बेटा था। बताया गया कि होली के दिन उन्होंने मोहल्ले के लोगों के साथ रंग खेला और आलू दम व ठंडई बांटकर त्योहार मनाया था। सुबह पिता श्यामलाल ने कमरे का दरवाजा बंद देखा। खिड़की से झांकने पर संदीप पंखे से गमछे के सहारे लटका मिला।
दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी। मिर्जामुराद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव ने परिजनों से पूछताछ की। संदीप 15 साल के बेटे और 10 साल की बेटी का पिता था। पत्नी अंजली रो रोकर बेहाल रही। कछवा रोड अंडरपास दक्षिण बाजार बंद रहा।
विधायक नील रतन सिंह पटेल की बेटी अदिति सिंह पटेल, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रमेश सिंह, अमरनाथ यादव, सियाराम केशरी, प्रधान सुनील कुमार बिंद, मोहन गुप्ता ने संवेदना व्यक्त की। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि संदीप ने आत्महत्या क्यों कि इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। ससुराल पक्ष से भी बात की गई है।
विवाहिता की मौत, पति समेत सात पर प्राथमिकी
कपसेठी थाना क्षेत्र के भगवतीपुर गांव में बुधवार को विवाहिता की मौत हो गई। मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया और थाने में तहरीर दी। मां गुड्डी देवी की तहरीर पर पुलिस ने पति अच्छे लाल यादव, ससुर लालमन यादव, सास मुन्नी देवी, जेठ सूरत यादव, मूरत यादव, जेठानी निशा देवी समेत दो अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की। जौनपुर के सुरेरी थाना क्षेत्र के अडियार गांव निवासी आंचल यादव (23) की शादी 17 मई 2025 को भगवतीपुर गांव निवासी लालमन यादव उर्फ लल्ली के साथ हुई थी।
मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर आंचल को प्रताड़ित और मारपीट भी करते थे। कई बार पंचायत भी हो चुकी थी। पुलिस ने घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य संकलन किया। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सीटी स्कैन ट्यूब सप्लाई के नाम पर 23.94 लाख की धोखाधड़ी
शिवपुर थाना क्षेत्र में सीटी स्कैन मशीन का ट्यूब दिलाने के नाम पर 23 लाख 94 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। करौली डायग्नोस्टिक सेंटर की संचालक संस्था कैला देवी हेल्थ सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि की शिकायत पर पुलिस ने फरीदाबाद के माइक्रो वेव टूल्स एंड गौजेस के निदेशक राकेश शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, आपराधिक विश्वासघात और गबन की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि आरोपी ने खुद को अधिकृत आपूर्तिकर्ता बताकर कूटरचित दस्तावेज के सहारे भरोसा दिलाया। सीटी स्कैन ट्यूब की आपूर्ति का आश्वासन देकर 23.94 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए, लेकिन उपकरण नहीं मिला। इसके बाद आरोपी ने फोन, ईमेल समेत सभी संपर्क माध्यमों को बंद कर लिया। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है। बैंक लेनदेन व दस्तावेज की भी पड़ताल की जा रही है।
एनआरआई के साथ मारपीट, प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के नवाबगंज और वर्तमान में इटली निवासी राम कुमार गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट के मामले में दुर्गाकुंड निवासी गोविंद कनौजिया और रवि सोनकर सहित अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पीड़ित ने बताया कि कई साल बाद होली मनाने इटली से वाराणसी आए थे। होलिका देखने अपने भाई के साथ दुर्गाकुंड गए थे। कहासुनी के बाद आरोपियों ने अपने साथियों को बुलाकर पीटा। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
मुख्य सफाई निरीक्षक के निधन पर निगम में शोकसभा
नगर निगम के मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक (सीएसएफआई) ओम नारायण राठौर का आकस्मिक निधन बुधवार को हो गया। निगम मुख्यालय में बृहस्पतिवर को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में शोकसभा में दो मिनट मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। बताया गया कि हेरिटेज मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में अंतिम सांस ली। शोक सभा में अपर नगर आयुक्त सविता यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एसके रहे।
गड़ासे से हमला, फायरिंग का आरोप, 20 पर प्राथमिकी
कैंट थाना क्षेत्र के भीमनगर में मंगलवार दोपहर कुछ लोगों ने फायरिंग कर युवकों पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने गड़ासा, लाठी-डंडे से मारपीट की और एक युवक से नकदी भी छीन ली। पीड़ित ने कैंट थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई।
पीड़ित का कहना है कि सभी आरोपित कोहिनूर गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और इलाके में पहले से ही उनका खौफ बना हुआ है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भीमनगर निवासी हेमंत उर्फ सोनू कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर के पास अमन कुमार, हर्ष कुमार, सतीश कुमार, जयशंकर यादव और चंद्रावती के साथ खड़े होकर बातचीत कर रहा था।
इसी दौरान श्याम साहनी, किशन यादव, शशिकांत साहनी, अभय साहनी व सहदेव साहनी अपने 10-15 अज्ञात साथियों के साथ गड़ासा, बंदूक और लाठी-डंडे लेकर आया। आते ही फायरिंग कर दी और गड़ासा व लाठी-डंडे से मारपीट करने लगे। आरोपितों ने अमन कुमार से 1700 रुपये भी छीन लिए। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
मारपीट और जान से मारने की धमकी
रामनगर थाना क्षेत्र के बंटेश्वर हनुमान मंदिर के पास मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस ने पीड़ित विशाल केशरी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की। पीड़ित ने बताया कि बुधवार शाम 8.50 बजे वह परिवार के साथ घूमने गया था। हनुमान मंदिर के पास आरोपी झब्बू अपने साथियों के साथ पहुंचा और गाली देने लगा। विरोध करने पर पीटा। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
सड़क दुर्घटना में युवक घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव निवासी अवनीश दुबे सड़क हादसे में घायल हो गए। होली के दिन कछवा रोड बाजार से घर जाते समय गांव के एक मस्जिद के पास सामने से आए बाइक सवारों ने टक्कर मार दी। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पड़ोसियों ने किया हमला, नौ पर प्राथमिकी
कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर गढ़इया इलाके में पड़ोसियों की ओर से एक परिवार के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने कई लोगों के खिलाफ कैंट थाने में तहरीर दी। रामा देवी पत्नी पारसनाथ के अनुसार बुधवार शाम 6.30 बजे परिवार के साथ घर में बैठकर बातचीत कर रही थीं। आरोप है कि तभी आसपास के चार घरों के लोग एकजुट होकर परिवार पर हमला करने पहुंच गए।
पड़ोसी रामप्रसाद के बेटे करन, पवन, अजय, नानक और विजेंद्र के बेटे सोनू, बंटी व रंचू के अलावा मुकेश व खन्ने शामिल थे। पीड़िता का आरोप है कि सभी लोग लाठी-डंडा, बेल्ट व धारदार हथियार लेकर उनके परिवार को दौड़ाकर मारने पहुंच गए। हमलावरों ने घर के दरवाजे पर ईंट-पत्थर मारकर तोड़ने का प्रयास किया। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि नौ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
घर में घुसकर मारपीट का लगाया आरोप
चितईपुर थाना क्षेत्र आंबेडकर बस्ती करौंदी निवासी विकास गुप्ता की शिकायत पर मारपीट के आरोप में पुलिस ने बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की है। घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट और तोड़फोड़ करने के आरोपी आदित्य नगर के रहने वाले राजकुमार, कुनाल, करन, शैलेश, पांचू, बाबा और अन्य साथियों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। विकास का आरोप है कि आरोपी घर में घुस गए और रॉड, डंडे और ईंट से हमला कर दिया। मां, बहन, बुआ और बुआ की बेटी को चोटें आई हैं। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पटाखे फोड़ने से मना करने पर पीटा
चितईपुर थाना क्षेत्र के सराय डंगरी गांव में होलिका दहन के दौरान स्कूटी के पास पटाखे फोड़ने का विरोध करने पर मारपीट के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पीड़ित अन्यया गोड़ का आरोप है कि द्युम और बाबू घर के बाहर खड़ी उसकी स्कूटी के पास पटाखे जला रहे थे। मना करने पर पीड़िता और उसकी बहन से उलझ गए। बचाव में आए अजीत कुमार को आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि जांच की जा रही है।
घर में घुसकर मारपीट, तीन पर प्राथमिकी दर्ज
महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट के मामले में पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है। बघेली टोला निवासी बबली शर्मा ने तहरीर में बताया कि मंगलवार रात 10.30 बजे सुनील पटेल, मनोज कुमार और इमरान खान घर पर आए और गाली देने लगे। विरोध करने पर बाहर खींचकर पीटा। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
दुकान का किराया मांगने पर पीटा
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भिखारीपुर में दुकान का किराया मांगने पर मालिक के साथ मारपीट का मामला सामने आया। भिखारीपुर निवासी सोनू कुमार गुप्ता ने मंडुवाडीह थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उन्होंने दुकान किराये पर दी है। किरायेदार भरत सोनकर से किराया मांगा तो आरोपी ने मारपीट की। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
आभूषण दुकानदार के साथ मारपीट
फूलपुर कस्बा में मंगलवार रात दुकान से घर जा रहे आभूषण दुकानदार राहुल सोनी के साथ मारपीट में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। भुक्तभोगी राहुल सोनी ने बताया कि वह बाइक से खालिसपुर में दुकान से घर लौट रहा था। फूलपुर सोनकर बस्ती के पास एक ने रोक लिया और आवाज देकर दो अन्य लोगों को बुला लिया। तीनों ने मिलकर पीटा और गले से सोने की चेन छीन ली। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
तीन जगहों पर मारपीट में 12 से ज्यादा घायल
चोलापुर थाना क्षेत्र में होली के दिन तीन जगहों पर मारपीट में 12 लोग घायल हुए। दो की हालत गंभीर है। पहली घटना बाबतपुर उधोमपुर घाट की है। यादव और नाविक के बीच मामूली कहासुनी के बाद लाठी भांजी गई। वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घायलों में एक पक्ष के रामप्रीत यादव, पप्पू यादव, शिवम यादव, गोविंद यादव, रामलखन यादव। दूसरे पक्ष के नाविक नीरहु, निखिल, सचिन, शोभई कुमा, अमित और चंदन को चोटें आईं। दो की हालत चिंताजनक है। दूसरी घटना नियार बाजार में गौरहट और नियार के युवकों के बीच मारपीट की है। तीसरा मामला रजला गांव का है, जहां दो पक्षों में मारपीट हुई।
लघुशंका करने से टोका तो आरोपियों ने पीटा
शिवपुर थाना क्षेत्र के कानूडीह गांव में शराब के नशे में मारपीट हुई। पीड़िता रोजी की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। रोजी का आरोप है कि चार मार्च को दोपहर दो बजे पड़ोसी मंगल महतो, रामबाबू, मनोज और विपिन उसके घर के सामने नशे में धुत होकर लघुशंका कर रहे थे।
विरोध करने पर गाली देने लगे। बेटा सोनू बचाव में आया तो आरोपियों ने उसे पकड़कर बेरहमी से पीटा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके पेट में लात मारी, वह दो महीने की गर्भवती थी। चोट लगने से गर्भपात हो गया। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुराने विवाद में युवक पर हमला, सिर फटा
जैतपुरा थाना क्षेत्र के इश्वरगंगी नई बस्ती निवासी हरिशंकर चौरसिया ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। हरिशंकर ने हरीर में बताया कि होली की शाम 5.30 बजे घर से निकले थे। रास्ते में पाठशाला वाली गली के पास पुराने विवाद को लेकर हनुमान मंदिर नाटी इमली निवासी सागर खरवार उर्फ बाबी और विशाल खरवार उर्फ बच्चा विवाद करने लगे। बात बढ़ने पर विशाल और सागर ने हमला कर दिया। मारपीट में हरिशंकर का सिर फट गया। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
छेड़खानी का विरोध करने पर पीटा
रोहनिया के जलालीपट्टी मंडुवाडीह निवासी अधिवक्ता संजय श्रीवास्तव ने मारपीट के मामले में तीन नामजद समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। तहरीर में बताया कि वह परिवार के साथ जंगीनगर कॉलोनी रोहनिया में बहन के घर होली मिलन के लिए गए थे। आरोप है कि नशे में धुत गोलू, सौरभ, वैभव व कुछ अज्ञात ने भांजी के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपियों ने बेटे वैभव, उत्कर्ष, बहनोई रवि श्रीवास्तव समेत घर के अन्य सदस्यों को मारपीट कर घायल कर दिया। बाइक क्षतिग्रस्त कर दी और अंगूठी छीन ली। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रास्ता रोककर चाकू और चापड़ से हमला, दो घायल
कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर इलाके में बुधवार दोपहर कुछ युवकों ने दो दोस्तों पर चाकू और चापड़ से हमला कर दिया। दोनों युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर में अवनीश जायसवाल ने बताया वह परमहंस नगर कॉलोनी में रमेश यादव के मकान में किराये पर रहते हैं। बुधवार को दोस्त संदीप कुमार निवासी बैरीवन पांडेयपुर के साथ एसबीआई कॉलोनी से ठकुरापुरा की तरफ जा रहे थे।
रास्ते में घात लगाए सुमित यादव, ऋषिकांत यादव, गोलू यादव, आदित्य यादव और हिमांशु चौहान ने रास्ता रोक लिया। विरोध करने पर डंडे, चाकू व चापड़ से हमला कर दिया। हमले में अवनीश जायसवाल व संदीप कुमार को गंभीर चोटें आईं। संदीप कुमार की आंख, पीठ और सीने में चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गए। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
थाने से 20 कदम दूर युवक पर जानलेवा हमला
मंडुवाडीह थाने से सटे ऑफिसर्स कॉलोनी में बुधवार देर रात एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ। युवक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। दीपक राय ने आरोप लगाया कि घर के पास अवैध फैक्टरी की शिकायत करने पर हमला हुआ। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है।
वीडीए उपाध्यक्ष ने मांगी निर्माणाधीन होटलों की सूची
सिद्धगिरीबाग में मोल्डिंग गिरने के कारण हुई मौत के बाद वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने होटल, मॉल और व्यवसायिक भवनों की सूची मांगी है। उन्होंने मातहतों से 15 दिनों में निर्माणाधीन होटलों की सूची तलब की। कहा कि अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर अवैध निर्माण कराने वालों पर कार्रवाई करें।
कहा कि वीडीए नगर के सुनियोजित विकास, सुरक्षित निर्माण और नागरिकों की सुविधा के प्रति प्रतिबद्ध है। आमजन से भी अपील की जाती है कि किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराएं। ताकि भविष्य में किसी भी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
शिवपुर में भी रुकेगी शटल एक्सप्रेस
कैंट रेलवे स्टेशन से हर दिन सुबह लखनऊ जाने वाली वाराणसी-लखनऊ शटल एक्सप्रेस अब शिवपुर रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी। राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल शुक्रवार को सुबह 5:45 बजे ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। लखनऊ जाने के लिए हर दिन सुबह 5:55 बजे ट्रेन नंबर 20401, वाराणसी-लखनऊ वरुणा एक्सप्रेस, छूटती है।
अब तक यह ट्रेन वाराणसी स्टेशन से पिंडरा रोड, जलालगंज, जौनपुर सिटी, सुलतानपुर होते हुए लखनऊ जाती थी। पहले इस ट्रेन का ठहराव शिवपुर स्टेशन पर नहीं था। वाराणसी-लखनऊ शटल सुपरफास्ट एक्सप्रेस (20401) सात अप्रैल से वाराणसी से 15 मिनट पहले चलेगी। यह ट्रेन वाराणसी कैंट स्टेशन से सुबह 5:40 बजे चलकर 5:55 बजे शिवपुर, 6:10 बजे पिंडरा रोड स्टेशन, 6:25 बजे जलालगंज, 6:49 बजे जौनपुर सिटी स्टेशन पहुंचेगी।
48 घंटे में 16 करोड़ की शराब बिकी
48 घंटे में होली पर शराब की बिक्री ने नया रिकॉर्ड छू लिया। आबकारी विभाग के मुताबिक, होली के दिन 10 करोड़ की शराब की बिक्री हुई। जबकि होली के एक दिन पहले छह करोड़ की शराब बिकी। सामान्य दिनों में तीन करोड़ की बिक्री होती है। अंग्रेजी, देसी और बीयर इसमें शामिल है। लोगों ने रंग, संगीत और खानपान के साथ शराब का जमकर सेवन किया। पिछले साल की तुलना में इस बार होली पर शराब की बिक्री में तीन गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
शहर की अलग-अलग शराब की दुकानों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ देखने को मिली। कई स्थानों पर लंबी कतारें लगी रहीं। होली के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। प्रमुख इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई थी और हुड़दंग करने वालों पर नजर रखी गई। कई लोगों का पुलिस ने शांति भंग में चालान किया। गोदौलिया, गिरजाघर, चेतगंज, पांडेयपुर और शिवपुर में युवाओं की टोलियाें ने रंग-गुलाल के साथ जमकर होली खेली।
6000 बदमाशों की आईडी तैयार, फोटो और आवाज रिकॉर्ड होगी
अराधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ‘यक्ष’ एप का सहारा ले रही है। जिले के करीब 15 हजार अपराधियों की डिजिटल आईडी बनाई जा रही है, जिसमें उनकी फोटो, आवाज का नमूना और आपराधिक इतिहास दर्ज होगा। पुलिस अब तक करीब 5500 बदमाशों की आईडी तैयार कर चुकी है और शेष अपराधियों की फीडिंग का काम जारी है।
आईडी में अपराधी की फोटो, सक्रिय मोबाइल नंबर, आवाज का नमूना और उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों का पूरा रिकॉर्ड अपलोड किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर पुलिस मोबाइल नंबर की लोकेशन और गतिविधियों पर भी नजर रख सकेगी। सत्यापन के लिए पुलिसकर्मी आरोपियों के घर तक पहुंच रहे हैं। वहीं कुछ मामलों में जेल में बंद अपराधियों की आवाज का नमूना लेकर भी फीडिंग की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस व्यवस्था से बीट पुलिसिंग को भी मजबूती मिलेगी।
संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के आसपास मॉडल बनेगी ग्रीन रोड
सिगरा स्थित संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के चारों तरफ ग्रीन रोड होगी, जो शहर की मॉडल रोड में शुमार होगी। स्टेडियम के आसपास की सड़कों पर पौधरोपण कराया जा रहा है। आने वाले दिनों में यहां सड़क के दोनों तरफ हरियाली होगी। ग्रीन एनर्जी, ग्रीन टेक्नोलॉजी और ग्रीनहाउस के बाद अब ग्रीन रोड बनाए जा रहे हैं।
यहां 48 करोड़ रुपये खर्च करके वाराणसी की कुल 9 सड़कों का चयन किया गया है, जिन्हें इंटरनेशनल मानकों के अनुसार इस तरह तैयार किया जाएगा। ग्रीन रोड का विदेशों में प्रमुखता से निर्माण हो रहा है। यह सड़कें पूरी तरह से इको-फ्रेंडली होती हैं। इससे पहले लखनऊ विधानसभा के सामने ग्रीन रोड बनाई गई है।
कुल 3216 मीटर लंबी 6 सड़कों का निर्माण कार्य होगा। दूसरे चरण के लिए नगर निगम ने 1350 मीटर लंबी तीन अन्य सड़कों के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 30.15 करोड़ है। इनमें गुरुधाम चौराहे से शुक्ला चौराहा - 240 मीटर, दुर्गाकुंड पुलिस चौकी से संजय शिक्षा निकेतन होते हुए दीनदयाल चौराहा - 710 मीटर और सिगरा विद्युत कार्यालय से कर्मचारी आवास होते हुए स्टेडियम के पीछे तक - 400 मीटर शामिल हैं।
सड़कों में केबल लाइन, बिजली के तार, पानी की पाइप सहित कई सुविधाओं को भूमिगत डाला जा रहा है। भूमिगत नाली का निर्माण किया जा रहा है। फुटपाथ, स्ट्रीट लाइट और सड़कों की ऊपरी सतह अंतरराष्ट्रीय स्तर की होगी। सड़कों के किनारे पौधरोपण होगा।
नगर आयुक्त के निर्देश पर स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तेज
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने आलोक विभाग को शहर की स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने को कहा। नगर निगम के कंट्रोल रूम और पार्षदों की ओर से आने वाले स्ट्रीट लाइटों की शिकायतों को दूर करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। एक दिन में 250 स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराया गया।
फील्ड कर्मचारियों को निर्देश दिया गया कि नियमित निरीक्षण कर इसे ठीक कराएं। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था बेहतर होगी। ईईएसएल की अवधि आगामी 31 मार्च को समाप्त हो जाएगी। इसके बाद स्ट्रीट लाइटों के उपकरण नगर निगम सीधे कंपनी से खरीदेगा। इससे हर साल करोड़ों की बचत होगी। देखरेख के लिए 15 अवर अभियंताओं की तैनाती की जा रही है। मार्गों और चौराहों पर लगे खराब स्ट्रीट और हाईमास्ट ठीक कराए जा रहे हैं।
नौ दिवसीय मानस सम्मेलन आठ से शुरू
श्रीरामचरित मानस समिति की ओर से नौ दिवसीय 19वां विराट मानस सम्मेलन 8 मार्च से गौतमबुद्ध कॉलोनी पहड़िया में शुरू होगा। यह सम्मेलन 17 मार्च तक प्रतिदिन शाम सात बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। समिति के अध्यक्ष क्षत्रधारी सिंह एडवोकेट ने बताया कि मानस वक्ता पं. मानस कोविद डॉ. मदन मोहन मिश्रा, पं. भैयालाल पाठक, पं. मानस मधुर, पं. भाष्कर शास्त्री, पं. रामचंद्र मिश्रा कथामृत का पान कराएंगे।
बीएचयू में विकसित कृषि पर होगा मंथन
बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान की ओर से विकसित कृषि समर्थ भारत पर किसान मेले का आयोजन 7-8 मार्च को किया गया है। मेले में बीएचयू सहित अन्य संस्थानों, कंपनियों, किसान उत्पादक संगठनों, प्रगतिशील किसानों, सरकारी एवं गैर सरकारी संगठनों की ओर से स्टाॅल लगाए जाएंगे। निदेशक प्रो. यूपी सिंह ने बताया कि दो दिन तक चलने वाले कार्यक्रम में कृषि में एआई की उपयोगिता, संसाधन संरक्षण तकनीकी के बारे में जानकारी मिलेगी।
कल से टिकाऊ धान प्रणाली पर चर्चा
भारतीय अंतरराष्ट्रीय आर्थिक संबंध अनुसंधान परिषद के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आइसार्क) चांदपुर में सात और आठ मार्च को उच्च स्तरीय नीति संवाद होगा। भारत में टिकाऊ एवं सुदृढ़ धान प्रणाली के लिए नीतियों की पुनर्गठन - सीख एवं प्राथमिकताएं विषय पर देश-विदेश के वैज्ञानिक विचार रखेंगे। आईसार्क के निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह ने बताया कि भारत की वर्तमान धान नीति की समीक्षा की जाएगी और भविष्य के लिए आवश्यक सुधारों पर विचार-विमर्श होगा।
शंकराचार्य की जयंती पर हुआ महारुद्र जप
कांची कामकोटि पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य चंद्र शेखरेंद्र सरस्वती का 133वां जयंती महोत्सव बुधवार को हनुमान घाट पर स्थित श्री कांची कामकोटीश्वर मंदिर शुरू हुआ। इस दौरा विविध अनुष्ठान हुए। श्रीगुरुचरण सेवा समिति की ओर से महारुद्र जप, शतचंडी जप और हवन हुआ। अमृतानंद सरस्वती के सानिध्य में वेदार्थानुसंधान प्रवचन, कन्या पूजा, सुवासिनी पूजा, कांची महास्वामी की जीवनी और देववाणी दैवत्तिन् कुरल् का प्रवचन हुआ। कोयंबटूर के एस सरस्वती ने प्रवचन किया।
मुख्य संयोजक आर नारायण घनपाठी, वी चंद्रशेखर द्राविड़ घनपाठी और कौशिक शर्मा ने बताया कि देवाधिदेव महादेव नगरी में आदि शंकराचार्य मूलाम्नाय सर्वज्ञपीठ कांची कामकोटि पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य चंद्र शेखरेंद्र सरस्वती के जयंती महोत्सव पर 10 मार्च तक विविध अनुष्ठान होंगे। इस मौके पर कांची मठ वाराणसी शाखा मुख्य प्रबंधक वीएस सुब्रह्मण्यम मणि, वीएस चंद्रशेखर, अनंत भट्ट, साईं कुमार, लोकेश शृंगी, अभय पाठक, वेंकटेश राघवन, बालेंदु नाथ मिश्रा आदि रहे।
पौधों को जीवित रखने के लिए जीवामृत पर जोर
डोमरी में पौधरोपण का गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के बाद निगम पौधों को जीवित रखने पर जोर दे रहा है। इसके लिए जीवामृत का घोल पौधों पर डाला जा रहा है। पौधरोपण करने वाली संस्था राज नर्सरी के विशाल श्रीवास्तव ने कहा कि यह पौधों के लिए संजीवनी है। पौधों की सिंचाई के साथ इसमें जीवामृत डाला जा रहा है। जीवामृत कोई खाद नहीं है। यह असंख्य सूक्ष्म जीवाणुओं का एक विशाल भंडार है।
ये सूक्ष्म जीवाणु जमीन में उपलब्ध आवश्यक पोषक तत्वों को पौधों के लिए उपलब्ध अवस्था में बदलकर इन्हें प्रयोग में लाने योग्य बनाते हैं। दूसरे शब्दों में, ये सूक्ष्म जीवाणु भोजन बनाने का कार्य करते हैं। इससे पौधों को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। यह भूमि में सूक्ष्म जीवाणुओं और मित्रकीटों की संख्या में वृद्धि करता है और फल-सब्जी के पौधों की बढ़वार के साथ गुणवत्ता को बेहतर बनाता है। भूमि की उर्वरा शक्ति को भी बेहतर किया जा रहा है। यहां वर्मी कंपोस्ट आदि डालकर खेतों की जोताई कराई गई।
प्रभारी सीएमओ ने जानी सुविधाओं की हकीकत
प्रभारी सीएमओ डॉ. राजेश प्रसाद ने बृहस्पतिवार को शहरी सीएचसी शिवपुर पहुंचकर यहां मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। ओपीडी में मरीजों के परामर्श के साथ ही दवा वितरण और जांच की सुविधाओं के बारे में सीएचसी अधीक्षक से बात की। प्रभारी सीएमओ ने इस दौरान अधीक्षक से सीएचसी पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था करने के साथ ही मरीजों से संवाद कर समय-समय पर उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान कराने को कहा। इस दौरान शहरी सीएचसी शिवपुर के अधीक्षक डॉ. संतोष यादव, डॉ. मनोज दुबे, डॉ. अर्पणा, डॉ. त्रिविदा आदि मौजूद रहे।
भाविका ने मंत्री से कहा... अंकल, मैं रोज जाम में फंस जाती हूं
राज्यमंत्री डाॅ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने महमूरगंज स्थित कैंप कार्यालय में होली मिलन समारोह में लोगों से भेंट की। इसी दौरान कक्षा एक की छात्रा भाविका भी पहुंची। उसने राज्यमंत्री से कहा कि अंकल, जब भी मैं स्कूल से लौटती हूं तो जाम में ही फंसी रहती हूं। मेरी बस अक्सर काफी देर तक जाम में फंसी रहती है। इससे मुझे ही नहीं स्कूल के हर बच्चे को परेशानी होती है।
बच्ची की ये समस्या सुनते ही उन्होंने उससे कहा कि वह इस समस्या को जल्द से जल्द दूर कराएंगे। उन्होंने उसी वक्त एसपी ट्रैफिक को फोन कर बरेका के सामने और उससे जुड़े मार्ग पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने एसपी ट्रैफिक से कहा कि पूरे शहर में विद्यालयों को जाने वाले रास्तों पर विशेष फोकस करें और ध्यान दें कि छुट्टी के समय बच्चे जाम में न फंसें।
