Varanasi: अस्सी-दशाश्वमेध घाट पर इस महीने से मिलेगी फ्री वाई-फाई की सुविधा, कार्यकारिणी की बैठक में निर्णय
Varanasi News: वाराणसी में मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक हुई। इस दौरान कई अहम फैसले लिए गए। इनमें से एक है कि अस्सी-दशाश्वमेध घाट पर इस महीने से फ्री वाई-फाई की सुविधा मिलेगी।
विस्तार
फरवरी यानी इस महीने से अस्सी और दशाश्वमेध घाट पर फ्री वाई-फाई की सुविधा मिलेगी। यह निर्णय मंगलवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। जर्जर सड़कों की मरम्मत मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य है। साइकिल रिक्शा, ट्रॉली, ठेला और हाथ के ठेले पर अब लाइसेंस शुल्क नहीं लगेगा। इसे माफ कर दिया गया है। लाइसेंस प्रक्रिया को ऑनलाइन करने का निर्णय लिया गया। दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) की प्रक्रिया को तेज कर आवेदन के दिन ही कागजात की जांच कर फाइल नंबर देने की व्यवस्था लागू की जाएगी।
शहर को जलभराव से बचाने के लिए अस्सी नाले पर बैराज बनवाने का निर्णय लिया गया ताकि बाढ़ का स्थायी समाधान हो सके। मलिन बस्तियों (सेवा बस्तियों) में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने का निर्णय लिया गया। सीवर, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का सर्वे कर एक महीने में प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया।
कुत्तों के आतंक से मुक्ति के लिए एबीसी सेंटर का संचालन 10 दिनों में शुरू कराने, वॉटरकूलरों की संख्या 18 से बढ़ाकर 28 करने का निर्णय लिया गया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि पद्म अवॉडी के सम्मान में उनके गली-मोहल्लों के नामकरण की प्रक्रिया 31 मार्च तक प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
30 प्रतिशत कर्मचारियों के पटल होंगे इधर से उधर
अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने बताया कि 30 प्रतिशत कर्मचारियों के स्थानांतरण की सूची तैयार है। मार्च तक 10 स्टे समाप्त कराने का लक्ष्य रखा गया है। खराब झूलों की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इसे भी पढ़ें; UP: कॉलोनाइजर हत्याकांड का सुपारी किलर बनारसी यादव मुठभेड़ में ढेर, 166 दिन बाद मारा गया एक लाख का इनामी बदमाश
शहर के चार कोनों पर बनेंगे मीट मार्केट जोन
निगम ने शहर की चारों दिशाओं में विशेष मीट मार्केट जोन विकसित करने का निर्णय लिया। पिसौर क्षेत्र, चितईपुर, रामनगर और सूजाबाद के बीच, सारनाथ (ऐढ़े) में स्थानों को चिह्नित किया गया है। अत्याधुनिक दुकानों में पार्किग की भी सुविधा होगी। कचरा निस्तारण के लिए आधुनिक सिस्टम लगाए जा सकेंगे।
