UP: सीआरपीएफ कैंप पर गोलीबारी में गाजीपुर के एसआई हुए बलिदान, शव घर पहुंचते ही मातम; लखनऊ में थी तैनाती
Ghazipur News: असम के नागांव स्थित सीआरपीएफ कैंप में हुई गोलीबारी में गाजीपुर के सिंहपुर गांव निवासी उपनिरीक्षक रामनवल सिंह यादव बलिदान हो गए। उनकी तैनाती लखनऊ में थी और वह नए रंगरूटों के दस्तावेज सत्यापन के लिए असम गए थे। घटना से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
असम के नागांव स्थित सीआरपीएफ की 34वीं बटालियन के कटिमारी ग्रांट कैंप में मंगलवार को हुई गोलीबारी में गाजीपुर के सैदपुर क्षेत्र के सिंहपुर गांव निवासी सीआरपीएफ के उपनिरीक्षक (एसआई) रामनवल सिंह यादव बलिदान हो गए। घटना की सूचना मिलते ही उनके पैतृक गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों को सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों और शुभचिंतकों का घर पर तांता लग गया।
ग्राम प्रधान एवं मृतक के भतीजे अनिल यदुवंशी ने बताया कि रामनवल सिंह यादव तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई स्वर्गीय रामजी सिंह यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक थे, जबकि दूसरे भाई रामजन्म यादव भारतीय नौसेना में सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि रामनवल सिंह भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सीआरपीएफ में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
जानकारी के अनुसार, रामनवल सिंह यादव की वर्तमान तैनाती लखनऊ में थी। असम के नागांव में भर्ती हुए नए रंगरूटों के दस्तावेज सत्यापन के लिए उन्हें कटिमारी ग्रांट कैंप भेजा गया था। मंगलवार को कैंप में एक एएसआई ने इंसास राइफल से अपने साथियों पर अचानक फायरिंग कर दी। इस घटना में एसआई रामनवल सिंह यादव और हवलदार विष्णु प्रसाद बघेल की मौत हो गई, जबकि एएसआई माने गोविंद श्रीपुल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी ने कथित रूप से स्वयं को भी गोली मार ली।
परिजनों के अनुसार, रामनवल सिंह यादव के परिवार में पत्नी रीता देवी, पुत्र सुनील यादव और पुत्री प्रीति यादव हैं। प्रीति नीट परीक्षा की तैयारी कर रही हैं, जबकि सुनील लखनऊ में अंडर-19 हॉकी खिलाड़ी हैं। पैतृक गांव सिंहपुर होने के बावजूद रामनवल वर्ष 2016 से परिवार के साथ वाराणसी के लेढ़ूपुर में रह रहे थे।
परिजनों को उम्मीद है कि बुधवार देर रात तक उनका पार्थिव शरीर वाराणसी पहुंचेगा। अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार की तैयारियां भी परिवार की ओर से की जा रही हैं। पूरे क्षेत्र में उनके निधन पर शोक व्यक्त किया जा रहा है।