Ghazipur News: बाघीपुर मोड़ के पास युवक का शव मिलने से सनसनी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार; पहुंची पुलिस
Ghazipur News: शादियाबाद थाना क्षेत्र के बाघीपुर मोड़ के पास रविवार सुबह 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। वह शनिवार को बहन के घर जाने की बात कहकर निकला था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर पर जांच शुरू कर दी गई है। मौत का कारण रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: शादियाबाद थाना क्षेत्र के जंगीपुर-बहरियाबाद मार्ग स्थित बाघीपुर मोड़ के पास रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बाद में शव की पहचान होने पर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि मृतक की पहचान रवि राजभर (30) पुत्र नन्हक राजभर के रूप में हुई है। मृतक के भाई रामजीत राजभर ने शादियाबाद थाने में तहरीर देकर बताया कि रवि शनिवार सुबह करीब सात बजे अपनी बहन के घर आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने की बात कहकर घर से निकला था। हालांकि वह बहन के घर नहीं पहुंचा। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे, तभी रविवार सुबह सूचना मिली कि बाघीपुर मोड़ के पास उसका शव पड़ा हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव की पहचान होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। युवक की मौत की खबर सुनकर उसकी मां रामसुरती राजभर का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने घटना को लेकर गहरी चिंता जताई है।
मृतक की पत्नी पुनीता राजभर, जो वर्तमान में खानपुर थाना क्षेत्र के भुवापुर स्थित अपने मायके में रहती हैं, ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2015 में हुई थी। पति की शराब पीने और आए दिन विवाद करने की आदत के कारण वह पिछले चार वर्षों से मायके में रह रही हैं। कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हो सका। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें आठ वर्षीय पुत्री रिया और सात वर्षीय पुत्र रितेश शामिल हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।