UP: स्कॉर्पियो की टक्कर से हवा में उड़े युवक, जमीन पर गिरते ही दो की मौत; तेज रफ्तार वाहन की तलाश
UP Accident: आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कार्पियो व चालक की तलाश में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Azamgarh News: आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र के छित्तू पट्टी गांव के पास रविवार देर रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। उनकी बाइक को एक स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी, जिससे वे अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेजा है और फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश कर रही है।
मृतकों की पहचान चककोट खानकाह गांव निवासी मिथलेश यादव (27) और गाहूखोर हसनपुर निवासी सचिन कुमार (25) के रूप में हुई है। मिथलेश यादव अपने एक रिश्तेदार से मिलने संजरपुर बाजार के एक निजी नर्सिंग होम जा रहे थे। उनके साथ उनके दोस्त सचिन कुमार बाइक चला रहे थे।
रात करीब एक बजे जब वे संजरपुर बाजार से पहले छित्तू पट्टी गांव के पास पहुंचे, तो एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तत्काल सरायमीर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया। शवों को अन्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
मृतक मिथलेश यादव एसएससी की तैयारी कर रहे थे। वह अपने तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे। वहीं, सचिन कुमार अपने चार भाइयों में सबसे छोटे थे और गाड़ी चलाते थे। दोनों युवकों की असामयिक मौत से उनके परिवारों में गहरा मातम छा गया है। गांव में भी शोक का माहौल है।
थाना प्रभारी भुवनेश चौबे ने बताया कि हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस अब आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर चालक और वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।